
पावापुरी पुलिस थाना नालंदा
Bihar News: बिहार के नालंदा जिले से किडनैपिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक युवक के लिए बहुत महंगी साबित हुई। इंस्टाग्राम पर बनी दोस्त ने युवक को मिलने के लिए बुलाया और अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर उसे किडनैप कर लिया। हालांकि, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सिर्फ छह घंटे के अंदर ही इस मामले को सुलझा लिया और किडनैप किए गए युवक को सुरक्षित बचा लिया। पुलिस ने उस युवती को भी गिरफ्तार कर लिया है, जो इस पूरी साजिश की मुख्य मास्टरमाइंड थी।
इस पूरे मामले की शुरुआत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई। शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र के पांची गांव के रहने वाले सागर रविदास के 22 वर्षीय बेटे विक्रम कुमार की दोस्ती पावापुरी इलाके की रहने वाली संध्या कुमारी से हो गई थी। संध्या ने बड़ी चालाकी से विक्रम को अपने प्रेम जाल में फंसाया और बुधवार को उससे मिलने के बहाने उसे पावापुरी बुलाया। जैसे ही विक्रम वहां पहुंचा, पहले से इंतजार कर रहे संध्या के बॉयफ्रेंड और उसके दोस्तों ने उसे किडनैप कर लिया।
अपहरण के बाद किडनैपर्स ने विक्रम के पिता को फोन किया और 6 लाख रुपये की फिरौती मांगी। राजगीर के DSP सुनील कुमार सिंह के अनुसार पुलिस को बुधवार रात करीब दस बजे इस घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद एक विशेष टीम और जिला इंटेलिजेंस यूनिट (DIU) को तुरंत सक्रिय कर दिया गया। पुलिस ने उस मोबाइल नंबर को ट्रेस करना शुरू किया जिससे फिरौती के लिए फोन आया था और उसकी लोकेशन पंचाने नदी के पास मिली।
पुलिस के बढ़ते दबाव और लगातार पीछा किए जाने से घबराकर, अपराधियों ने विक्रम को पावपुरी फ्लाईओवर के पास छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। विक्रम को सुरक्षित बरामद करने और उससे पूछताछ करने के बाद पुलिस को एक प्रेम-प्रसंग और इस मामले में संध्या की संलिप्तता के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संध्या कुमारी को हिरासत में ले लिया, जहां उसने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवती संध्या कुमारी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि यह पूरी साजिश उसने अपने बॉयफ्रेंड राजा गोप और उसके साथी सोनू के साथ मिलकर रची थी। पैसों के लालच में आकर संध्या ने विक्रम को किडनैप करके उससे मोटी फिरौती वसूलने के इरादे से धोखे से उसे अपने जाल में फंसाया था। राजगीर के DSP ने बताया कि संध्या कुमारी को जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके प्रेमी राजा गोप और अन्य सहयोगियों को पकड़ने के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
Updated on:
30 Apr 2026 07:14 pm
Published on:
30 Apr 2026 07:14 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
