
सोशल मीडिया पर बिहार का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो सुपौल जिले का बताया जा रहा है, जिसमें एक युवक मगरमच्छ को कंधे पर उठाकर पुलिस थाने ले जाता दिखाई दे रहा है। युवक के कंधे पर मगरमच्छ को देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, मगरमच्छ का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित कोसी नदी में छोड़ दिया।
यह घटना सुपौल जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र के लालपुर वार्ड-14 की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार को धान के एक खेत में अचानक एक विशाल मगरमच्छ दिखाई दिया। मगरमच्छ के दिखते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते उसे देखने के लिए सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए। शुरुआत में कोई भी मगरमच्छ के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका, लेकिन गांव के कुछ युवकों ने साहस दिखाते हुए उसे रस्सी से सुरक्षित बांध लिया। इसके बाद एक युवक मगरमच्छ को कंधे पर उठाकर सीधे भीमनगर थाना पहुंच गया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस की सूचना पर वन विभाग की टीम भीमनगर थाना पहुंची और मगरमच्छ को अपने कब्जे में लेकर सबसे पहले उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। जांच में मगरमच्छ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद विभागीय प्रक्रिया पूरी कर उसे उसके प्राकृतिक आवास कोसी नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू किए गए मगरमच्छ की लंबाई करीब 4 फीट 16 इंच थी। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर बढ़ने और जलमार्गों के आपस में जुड़ जाने के कारण मगरमच्छ समेत कई जंगली जीव खेतों और रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं। ऐसे मामलों में लोगों को खुद जोखिम उठाने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना देनी चाहिए, ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर सके।
इस घटना में राहत की बात यह रही कि न तो किसी ग्रामीण को कोई नुकसान पहुंचा और न ही मगरमच्छ को किसी तरह की चोट लगी। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वन्यजीव की सुरक्षा सुनिश्चित की, जिसके बाद वन विभाग ने भी लोगों से अपील की कि यदि कहीं मगरमच्छ या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत विभाग को सूचना दें।