
प्रियरंजन भारती की रिपोर्ट...
(पटना): लालू यादव के बड़े बेटे और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव राजनीति के साथ अब फिल्मों में भी नज़र आएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया के ट्विटर हैंडल से फिल्म का एक पोस्टर शेयर किया है। फिल्म का नाम 'रुद्रा,द अवतार'है। इसमें वह हीरो की तरह मुख्य भूमिका में नज़र आ रहे हैं।
पहले भी कर चुके है फिल्म में काम
तेजप्रताप की गीत संगीत से गहरी रूचि रही है। वह पहले भी ऐक्टिंग कर चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्री रहते वह एक भोजपुरी फिल्म में भूमिका निभा चुके हैं। वह कभी हॉर्स राइडिंग तो कभी बांसुरी बजाते नज़र आते रहे हैं। अभी हाल में ऐश्वर्या राय से शादी के बाद पत्नी संग साइकिल पर सवार उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। तेजप्रताप की फिल्मी पोस्टर वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। इसे बहुतेरे लाइक्स मिल रहे हैं। फिलहाल वह पिता लालू प्रसाद यादव के इलाज के लिए साथ में मुंबई गए हैं। इस कारण उनकी प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। तेजप्रताप गीत संगीत में रूचि रखने के साथ कृष्ण और शिवभक्ति में भी रमे रहते हैं। कृष्ण की तरह बांसुरी बजाती उनकी तस्वीरें पहले भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं।
ट्वीट से मची हलचल
अभी हाल में उनके इस ट्वीट पर सियासी हलचल मची थी जिसमें उन्होंने छोटे भाई तेजस्वी को अर्जुन की तरह ताज सौंपकर खुद द्वारका चले जाने की बात कही थी। विरोधी दलों की ओर से इसको यह कहते उछाला गया कि लालू परिवार के अंदर सत्ता के लिए संग्राम मचा है। हालांकि तेजप्रताप ने इसको सिरे से खारिज करते हूए स्पष्ट कहा था कि मेरा छोटा भाई ही अर्जुन है। बिहार का भावी मुख्यमंत्री वही है। मालुम हो कि कुछ दिनों पहले आरजेडी के पटना स्थित कार्यालय के बाहर एक पोस्टर दिखाई दिया था जिसमे तेजप्रताप यादव कृष्ण और तेजस्वी यादव अर्जुन की भूमिका में नजर आए थे।