पटना

पटना लौटते ही तेजस्वी यादव का बड़ा ऐलान, कहा-100 दिन तक कुछ नहीं बोलूंगा, उसके बाद…

बिहार विधानसभा चुनाव में हार के बाद लगभग दो महीनों की चुप्पी तेजस्वी यादव ने तोड़ दी है। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने नई सरकार को 100 दिनों की मोहलत दी और कहा कि विपक्ष तब तक हमला नहीं करेगा। 
2 min read
Jan 11, 2026
Feature image

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए (NDA) की ऐतिहासिक जीत और महागठबंधन की शिकस्त के बाद से ही शांत चल रहे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आखिरकार रविवार (11 जनवरी) को पटना लौट आए। करीब दो महीने (विदेश और दिल्ली) की यात्रा के बाद लौट रहे तेजस्वी का स्वागत करने के लिए पटना एयरपोर्ट पर RJD कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी थी इस दौरान जब पत्रकारों ने एयरपोर्ट पर उन्हें घेरा, तो तेजस्वी यादव ने चुनाव नतीजों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी और एक बड़ी घोषणा भी की। चुनाव नतीजों के बाद यह पहला मौका था जब तेजस्वी सीधे बिहार मीडिया के कैमरों के सामने आए और अपनी चुप्पी तोड़ी।

लोक हार गया और तंत्र जीत गया - तेजस्वी यादव

तेजस्वी ने कहा कि वह नई सरकार के पहले 100 दिनों तक किसी भी मुद्दे पर कोई कमेंट नहीं करेंगे और सिर्फ सरकार के कामकाज को ध्यान से देखेंगे। चुनाव नतीजों पर तीखा बयान देते हुए तेजस्वी ने कहा, “पिछले चुनाव में लोकतंत्र में 'लोक' (जनता) की हार हुई है और 'तंत्र' (प्रशासन) की जीत हुई है। एनडीए ने जनतंत्र को धन-तंत्र और मशीन-तंत्र बना दिया है। हम जानते हैं कि क्या षड्यंत्र रचा गया और किस तरह छल-कपट से ये चुनाव जीते गए हैं।"

100 दिनों तक चुप रहेंगे

एक बड़ा और रणनीतिक ऐलान करते हुए तेजस्वी ने कहा कि वह नई सरकार को काम करने का पूरा मौका देंगे। उन्होंने ऐलान किया कि वह अगले 100 दिनों तक किसी भी सरकारी नीति या फैसले पर कोई कमेंट नहीं करेंगे। वह अभी टकराव वाले हमलों का रास्ता नहीं चुनेंगे। तेजस्वी ने याद दिलाया कि NDA ने युवाओं को 1 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, और वह 100 दिनों के बाद इसका हिसाब मांगेंगे।

जनता की हर मांग पूरी होनी चाहिए - तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने कहा, "डबल इंजन सरकार में अपराध, भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी, पलायन, शिक्षा, चिकित्सा और विधि व्यवस्था का क्या हश्र है यह किसी से छुपा नहीं है? हम चाहते है कि डबल इंजन सरकार अपने घोषणा पत्र पर अमल करें जिसमें प्रदेश की 2.5 करोड़ महिलाओं को 2 लाख रुपए देने का वादा था, 1 करोड़ नौकरियों का प्रण था, हर जिले में 4-5 बड़े उद्योग और फैक्ट्री लगाने समेत अनेक वादें थे। चुनाव पूर्व प्रत्येक विधानसभा में प्रत्यक्ष रूप से ये 1,50,00,00000 ( 150 करोड़) रुपए बांट सकते है तो सरकार गठन पश्चात नागरिकों की हर मांग हर परिस्थिति में पूर्ण होनी चाहिए।"

तेजस्वी ने कहा, "हम पॉजिटिव पॉलिटिक्स में विश्वास करते हैं। हम 100 दिनों तक देखेंगे कि सरकार अपने मैनिफेस्टो को कितना लागू करती है और उसके बाद ही हम जनता के पास जाएंगे।"

विधानसभा और मीडिया से 'दूरी' पर सफाई

विपक्ष लगातार उन पर निशाना साध रहा था, आरोप लगा रहा था कि तेजस्वी हार के डर से भाग गए हैं और विधानसभा से गायब हैं। इसके जवाब में, तेजस्वी ने इशारा किया कि वह गायब नहीं थे, बल्कि रणनीति बना रहे थे। एयरपोर्ट से निकलने के बाद तेजस्वी सीधे अपने घर चले गए।

Updated on:
11 Jan 2026 04:34 pm
Published on:
11 Jan 2026 04:22 pm