
(पटना): पेरोल पर तीन दिनों के लिए बेटे तेजप्रताप यादव की शादी में रांची जेल से पटना आए लालू यादव से मिलने वालों का सरकारी आवास में तांता लगा है। वह गुरुवार शाम को पटना पहुंचे हैं। उनके साथ सुरक्षा दस्ते के अलावा डॉक्टरों का एक दल भी यहां पहुंचा है।
लालू से मिलने वालों की लगी भीड़
पत्नी राबड़ी देवी, तेजप्रताप,तेजस्वी,मीसा भारती समेत परिवार के सदस्य और समर्थक हवाई अड्डे से लालू यादव को खुशी-खुशी घर लेकर आए। शुक्रवार को सुबह से ही हजारों समर्थक उनसे मिलने सरकारी आवास पहुंचने लगे। एक-एक कर लालू सभी का अभिवादन करते हुए उनसे मिले। मिलने वालों में भाई सुखदेव यादव भी शामिल हैं उन्होंने कहा कि घर में बड़े बेटे की शादी है। यह खुशी का मौका है। उन्होंने लालू से काफी देर तक बातचीत की। समर्थकों में भी खूब उत्साह नज़र आया। एक समर्थक ने कहा कि लालू जी को मेरी भी उम्र लग जाए।
शादी की तैयारियों में लालू यादव बड़े उत्साह के साथ शरीक दिखे। उन्होंने व्हील चेयर पर चलते हुए ही तैयारियां का जायजा लिया और जरूरी निर्देश भी दिये। लालू प्रसाद के साथ विधायक भोला यादव साये की तरह लगे हैं।
बूरी नजर से बचने के लिए गेट पर लगाए निंबू मिर्ची
तेजप्रताप की शादी के लिए बनाए गये पंडाल को भी लालू यादव ने बारीकी से देखा। किसी की नज़र न लगे इसके बचाव में फूलों और नींबू मिर्च की लड़ियाँ भी जगह जगह टोटके के तौर पर लगाई गई हैं। शादी में सोनिया गांधी, राहुल गांधी , नीतीश कुमार , अखिलेश यादव , मुलायम सिंह यादव कई केंद्रीय मंत्री,विभिन्न दलों के नेताओं समेत कुल दस हजार से अधिक नेताओं को आमंत्रित किया गया है। वीआईपी मेहमानों की लिस्ट में दस हजार लोग शामिल हैं। मीडिया को वाट्सऐप के जरिए कार्ड भेजकर आमंत्रित किया गया है।
तेजप्रताप की मेंहदी में जमकर नाची राबड़ी देवी
तेजप्रताप यादव की शादी शनिवार 12मई को पूर्व परिवहन मंत्री चंद्रिका राय की बड़ी बेटी और पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा राय की पौत्री ऐश्वर्या राय से हो रही है। शादी से पूर्व एक रस्म को अदा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और तेजप्रताप की मां राबडी़ देवी काला चश्मा लगाकर खूब नाचीं। इस दौरान वह बेहद खुश और उत्साहित नज़र आईं।