Bihar Politics उपेंद्र कुशवाहा ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि गंगा किनारे स्नान करने से कोई सीएम नहीं बनता। इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की ही सरकार बनेगी।
Bihar Politics गंगा किनारे डांस करने से कोई सीएम नहीं बनता। तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के अध्यक्ष और एनडीए के सहयोगी उपेंद्र कुशवाहा ने ये बातें कही। उपेंद्र कुशवाहा ने आगे तेजस्वी यादव को अपने को छवि बचाकर रखने की सलाह भी दी है। दरअसल कुछ दिन पहले तेजस्वी यादव ने पटना के मरीन ड्राइव पर कुछ युवाओं के साथ डांस वीडियो शेयर किया था। वीडियो इसके बाद बड़ी तेजी से वायरल भी हुआ था। जिसमें वो लड़कों के साथ डांस के स्टेप करते दिख रहे थे।
वीडियो ट्वीट करते हुए तेजस्वी ने लिखा कि- गर्मी, बारिश और उमस के बीच कल 16 दिनों तक चली वोटर अधिकार यात्रा समाप्त हुई। रात्रि में सिंगापुर से आए भांजे ने कहा ड्राइव पर चलें। रास्ते में सड़क पर कुछ युवा साथी कलाकार मिले। वो गाना गा रहे थे, रील्स बना रहे थे। आग्रह करने लगे तो हमने भी हाथ-पैर आजमाए। तेजस्वी के डांस पर इससे पहले एनडीए के सहयोगी और केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने भी तंज कसा था।
शुक्रवार को मिलर स्कूल मैदान में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) द्वारा आयोजित संवैधानिक अधिकार परिसीमन सुधार महारैली को संबोधित करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि विधान सभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर से एनडीए की सरकार बनेगी। विपक्षी दल जितना भी जोर लगा ले, यहां दाल नहीं गलने वाली है। उन्होंने कहा कि 2026 में जनगणना के बाद परिसीमन होगा और बिहार और यूपी जैसे राज्यों में लोकसभा की सीटें बढ़ेंगी।
लोकसभा चुनाव को लेकर कुशवाहा ने कहा कि कुछ सीटों पर एनडीए की हार सेल्फ गोल के कारण हुई। इसलिए एनडीए को इस चुनाव में इसपर विशेष ध्यान देने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि एनडीए में शामिल सभी दलों के साथी एकजुट होकर सिर्फ एनडीए प्रत्याशी को जीताने का प्रयास करें।