
NIT कुरुक्षेत्र कैंपस में हंगामा करते छात्र (फोटो-X)
हरियाणा के NIT कुरुक्षेत्र में गुरुवार को बी-टेक सेकेंड ईयर की छात्रा दीक्षा दुबे का शव उसके हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला। बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली दीक्षा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस विषय की पढ़ाई कर रही थी। इस घटना के बाद कैंपस में गुस्सा फूट पड़ा और हजारों छात्रों ने एक जगह इकट्ठा होकर आधी रात को जमकर हंगामा किया। छात्र मामले को संदिग्ध बताते हुए इसकी जांच की मांग कर रहे हैं।
पुलिस को दीक्षा के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपने माता-पिता से माफी मांगी है। नोटबुक के पन्ने पर दीक्षा ने लिखा, 'मम्मी-पापा, मैं कुछ करके नहीं दिखा पाई। मैंने आपके पैसे बर्बाद कर दिए।'
जानकारी के अनुसार, दीक्षा गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे अपनी लैब क्लास खत्म कर सहेली के साथ हॉस्टल लौटी थी। सहेली खाना खाने के लिए मेस में चली गई, लेकिन दीक्षा बिना कुछ कहे सीधे अपने कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। दोपहर करीब 3 बजे जब सहेली ने उसे फोन किया और कोई जवाब नहीं मिला, तो वह कमरे पर पहुंची। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उसने झांककर अंदर देखने का प्रयास किया। अंदर का दृश्य खौफनाक था, दीक्षा का शव पंखे से झूल रहा था।
दीक्षा की सहेली ने तुरंत इस बात की जानकारी कॉलेज प्रशासन को दी। हास्टल वार्डन ने फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। दीक्षा की मौत की खबर फैलते ही एनआईटी कैंपस जंग का मैदान बन गया। हजारों छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतर आए और पूरी रात 'वी वांट जस्टिस' के नारे लगाते रहे।
छात्रों का गुस्सा इस बात पर है कि पिछले 60 दिनों में यह चौथी आत्महत्या है। इससे पहले 16 फरवरी को तेलंगाना के छात्र, 31 मार्च को नूंह के पवन और 9 अप्रैल को सिरसा के प्रियांशु ने भी इसी तरह अपनी जीवनलीला समाप्त की थी। छात्रों का आरोप है कि बार-बार हो रही मौतों के बावजूद संस्थान कोई ठोस कदम नहीं उठाए। छात्रों का कहना है कि पहले तीन सुसाइड के बाद छात्रों की समस्या दूर करने के लिए एक कमिटी भी बनाई गई, लेकिन उसने भी ठीक से काम नहीं किया।
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी (KUK) थाना प्रभारी विशाल कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्यूरी में रखवा दिया गया है। अभी घटना की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस दीक्षा के मोबाइल, नोटबुक और लैपटॉप की जांच कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
दीक्षा के माता-पिता बक्सर से कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हो चुके हैं, उनके बयान के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एनआईटी प्रशासन ने स्थिति को तनावपूर्ण देखते हुए संस्थान के मुख्य द्वारों को बंद कर दिया है और कैंपस के भीतर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Updated on:
17 Apr 2026 07:00 am
Published on:
17 Apr 2026 07:00 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
