1 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

8000 किलो जर्दालू आम जाएगा दिल्ली, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के लिए खेप तैयार; पीएम ने मन की बात में किया था जिक्र

Jardalu mango Bihar: बिहार का जर्दालू आम देश के सर्वोच्च पदों पर बैठे लोगों का मुंह मीठा कराएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 'मन की बात' में इस आम की तारीफ किए जाने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों और देश-विदेश के डेलिगेट्स के लिए 8000 किलो का स्पेशल गिफ्ट तैयार किया गया है।

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Jun 01, 2026

Jardalu mango bihar

बिहटा के रेडिएशन सेंटर में बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह

Jardalu mango Bihar:बिहार के भागलपुर का विश्व प्रसिद्ध और जीआई टैग प्राप्त जर्दालू आम अपनी खास मिठास और लाजवाब खुशबू के लिए देश-दुनिया में मशहूर है। अब इस आम की मिठास देश के सर्वोच्च पदों पर बैठे दिग्गजों तक पहुंचने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 'मन की बात' में बिहार के जर्दालू आम और सत्तू का विशेष रूप से उल्लेख किए जाने के बाद राज्य सरकार ने इसे राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान देने के लिए बड़ी पहल की है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विशेष निर्देश पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों और देश-विदेश से आए विभिन्न गणमान्य अतिथियों व डेलीगेट्स को बिहार सरकार की ओर से जर्दालू आम उपहार स्वरूप भेजा जा रहा है। इसी सिलसिले में सोमवार को सूबे की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह बिहटा के सिकंदरपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित अत्याधुनिक रेडिएशन सेंटर (प्रोसेसिंग यूनिट) पहुंचीं और वहां चल रही तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।

दिल्ली के लिए रवाना होगी 8 टन आमों की खास खेप

बिहटा प्रोसेसिंग यूनिट के निरीक्षण के दौरान उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने आमों के संरक्षण, अत्याधुनिक पैकेजिंग और डिस्पैच की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने बताया कि बिहार के गौरव के रूप में पहचान रखने वाले करीब आठ टन (8,000 किलो) जर्दालू आमों को दिल्ली भेजा जाएगा। यह खास खेप प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, केंद्रीय कैबिनेट के मंत्रियों और विभिन्न देशों के डेलिगेट्स के लिए तैयार की जा रही है। इसके लिए सेंटर पर पैकेजिंग का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है और बेहद सुरक्षित तरीके से इसे जल्द ही दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा।

किसानों में बढ़ा उत्साह - श्रेयसी सिंह

मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा, 'जर्दालू आम बिहार की विशिष्ट पहचान है। जब हमारे कृषि उत्पादों की चर्चा राष्ट्रीय स्तर पर हो रही है, तो देश-विदेश के डेलिगेट्स को भी इसके स्वाद से परिचित कराना जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसकी चर्चा किए जाने से राज्य के किसानों और बागवानों का उत्साह काफी बढ़ा है। मन की बात में पीएम के जिक्र के बाद इस आम का क्रेज और स्वाद दोनों ही लोगों के लिए और बढ़ गया है।'

बिहटा के रेडिएशन सेंटर में अत्याधुनिक तकनीक से पैकिंग

उपहार में भेजे जाने वाले इन खास फलों को लंबे समय तक ताजा और सुरक्षित रखने के लिए बिहटा के सिकंदरपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित जीटबन सप्लाई चेन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित रेडिएशन सेंटर का इस्तेमाल किया जा रहा है। यहां आधुनिक रेडिएशन और पैकेजिंग तकनीक के माध्यम से आमों की ताजगी, खुशबू और गुणवत्ता को बिना किसी केमिकल के लंबे समय तक बरकरार रखा जाता है।