मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस्तीफा देने से पहले बाबा साहेब की जयंती के अवसर पर पटना हाई कोर्ट के पास आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान वहां उमड़ी भीड़ देखकर वे भावुक नजर आए।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। इस्तीफे से ठीक पहले वह पटना हाई कोर्ट के पास बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। उनके साथ बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी मौजूद थे। दोनों नेताओं ने अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वहां मौजूद भीड़ को देखकर मुख्यमंत्री भावुक नजर आए। बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार का यह अंतिम सार्वजनिक कार्यक्रम रहा। राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद वे आज अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मधुमक्खियों के हमले से अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों ने किसी तरह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सुरक्षित बाहर निकाला, जिसके चलते कार्यक्रम को जल्द ही समाप्त करना पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, इस दौरान कई अधिकारियों को मधुमक्खियों ने काट लिया। कुछ लोग गमछे से मधुमक्खियों को भगाते नजर आए, जबकि अधिकारियों ने छतरी से मुख्यमंत्री को ढककर उनकी सुरक्षा की। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत नीतीश कुमार को वहां से बाहर ले गए।