Patrika Special News

America New H-1B वीजा पॉलिसी, क्या सिर्फ भारतीयों के लिए चुनौती या भारत के लिए सुनहरा मौका?

America new H1B visa policy: अमेरिका की नई H-1B वीजा नीति ने भारतीय छात्रों और आईटी प्रोफेशनल्स के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। लेकिन क्या यह बदलाव सिर्फ मुश्किलों की कहानी है या फिर भारतीयों के लिए नया मौका और भारत के लिए वैश्विक प्रतिभा, निवेश और नवाचार को अपने पक्ष में करने का नया अवसर भी है? आधिकारिक आंकड़ों और विशेषज्ञों की राय के आधार पर patrika.com पर संजना कुमार के साथ पढ़ें H-1B VISA की व्यवस्था बदलने से क्या-क्या बदलेगा और कैसे? अमेरिका की नई H-1B नीति भारतीय छात्रों, आईटी प्रोफेशनल्स और कंपनियों के लिए क्यों अहम, समझिए पूरा गणित...
5 min read
Jul 30, 2026
America New H 1B Policy
America New H 1B Policy: अमेरिका के इस बदलाव से क्या भारतीयों की बढ़ी चिंता या फिर भारत के लिए है दुनिया में सिरमौर बनने का सुनहरा मौका? (AI Creative)

America new H1B visa policy: अमेरिका में नौकरी का सपना देखने वाले लाखों भारतीयों के लिए H-1B वीजा हमेशा सबसे भरोसेमंद रास्ता रहा है। लेकिन अब यह रास्ता पहले जैसा आसान नहीं रहा। अमेरिका ने H-1B व्यवस्था में यह कहते हुए कई अहम बदलाव किए हैं कि फर्जीवाड़ा रोका जा सकेगा और केवल योग्य उम्मीदवारों को मौका मिलेगा। इससे भारतीय छात्रों, आईटी प्रोफेशनल्स और कंपनियों की चिंता बढ़ी है। लेकिन यह तो H-1B वीजा की बदली व्यवस्था की कहानी का एक ही पहलू है। दूसरे पहलू पर भी नजर डालनी होगी कि अगर अमेरिका के दरवाजे थोड़े संकरे होते हैं, तो क्या भारत अपनी प्रतिभाओं को देश में ही रोक कर टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप और रिसर्च की ताकत बना सकता है? यही सबसे बड़ा सवाल है।

America H 1B VISA: AI Infographic

अमेरिका को क्यों पड़ी नियम बदलने की जरूरत

दरअसल इश बदलाव के पीछे अमेरिकी डोनाल्ड ट्रम्प सरकार वीजा के दुरुपयोग की कहानी सुना रही है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ वर्षों में H-1B प्रणाली पर फर्जी आवेदन, एक ही व्यक्ति के लिए कई कंपनियों की ओर से आवेदन, आउटसोर्सिंग मॉडल के दुरुपयोग करने से लेकर, कम वेतन पर विदेशी कर्मचारियों को रखने जैसे आरोप लगते रहे हैं। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि ऐसे में असली प्रतिभाशाली उम्मीदवारों के साथ अन्याय होता है। इसलिए यह बदलाव एक जरूरत है। इस नई नीति का उद्देश्य चयन प्रक्रिया को पहले से ज्यादा पारदर्शी बनाना और योग्य उम्मीदवारों को प्राथमिकता देना है।

Stuart Anderson: AI Creation

जानिए क्या-क्या बदला?

H1B वीजा नई पॉलिसी के तहत 'एक व्यक्ति-एक पंजीकरण' व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। अब कंपनियों को साबित करना होगा कि जिस पद पर नियुक्ति की जा रही है, वह वास्तव में स्पेशलिटी ऑक्यूपेशन है। साथ ही दस्तावेजों की जांच पहले से ज्यादा सख्त कर दी गई है। जांच के दौरान गलत जानकारी मिलने पर आवेदन रद्द किया जाएगा तो दंडात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है। उम्मीद की जा रही है कि ऐसी सख्ती से डुप्लीकेट और फर्जी आवेदन पर लगाम कसी जा सकेगी।

छात्रों और आईटी कंपनियों पर क्या असर?

हर साल हजारों भारतीय छात्र अमेरिका में पढ़ाई पूरी करने के बाद ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रैनिंग (OPT) के जरिए वहां नौकरी शुरू करते हैं। इसके बाद ही वे H-1B वीजा के लिए आवेदन कर पाते हैं, ताकि स्थायी रूप से वहीं नौकरी कर सकें। लेकिन अब नियम सख्त होने के बाद उनके लिए वहां स्थायी रोजगार तक पहुंचना कठिन हो सकता है। भारतीय आईटी कंपनियां भी लंबे समय से H-1B से कर्मचारियों को अमेरिका भेजती रही हैं। लेकिन अब नई व्यवस्था के बाद इन कंपनियों के बाद भी स्थानीय भर्ती बढ़ानी पड़ सकती है, इससे लागत बढ़ने की संभावना भी बन गई है।

Debjani Ghosh NASSCOM: देबजानी घोष H1B वीजा पॉलिसी पर। (AI Creation)

अमेरिका की H-1B वीजा पॉलिसी क्या भारत के लिए नया मौका है?

इस बदलाव को सिर्फ नकारात्मक नजरिए से नहीं देखा जा सकता। यदि कुछ भारतीय एक्सपर्ट अमेरिका जाने के बजाय भारत में ही वापसी चाहें, तो इसका फायदा देश के तेजी से बढ़ते डिजिटल इकोसिस्टम को मिल सकता है। AI और Deep Tech में एक्सपीरियंस्ड एक्सपर्ट्स भारत एआई मिशन और सेमीकंडक्टर मिशन को आगे बढ़ा सकते हैं। भारत दुनिया का बड़ा ग्लोबल कैपेबिलिटी (GCC) हब बन रहा है। बहुराष्ट्रीय कंपनियां यहां इंजीनियरिंग और रिसर्च टीमें बढ़ा सकती हैं।

लेकिन चुनौतियां भी कम नहीं

  • एक्सपर्ट्स मानते हैं कि केवल H-1B नियम बदलने से भारतीय प्रतिभाएं अपने आप भारत नहीं लौटेंगी। उन्हें अपने वतन लौटने के लिए आकर्षित करना होगा। और यह तब होगा जब विकसित देशों की तरह यहां भी बेहतर वेतन, विश्वस्तरीय रिसर्च लैब, आधुनिक कार्य संस्कृति, नवाचार में निवेश और उद्योग-अकादमिक सहयोग मजबूत करना होगा।
  • भारत में AI, सेमीकंडक्टर, डीप-टेक और GCC तेजी से बढ़ रहे हैं, लेकिन उच्च वेतन वाली नौकरियां आज भी सीमित हैं।
  • रिसर्च हो या डेवलपमेंट इन पर भारत का खर्च भी विकसित देशों की तुलना में कम है।
  • ऐसे में विदेश से लौटने वाले पेशेवर केवल नौकरी नहीं, बल्कि बच्चों की शिक्षा, उनके लिए स्वास्थ्य सुविधाएं, रिसर्च के लिए माहौल और जीवन की गुणवत्ता भी देखते हैं।

नीति आयोग ने बताया भारत में तेजी से सुधार की जरूरत

वहीं NITI Aayog के AI रोडमैप में भी विश्वस्तरीय रिसर्च, कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्योग-अकादमिक सहयोग मजबूत करने पर जोर दिया गया है। वहीं कुछ विश्लेषकों का यह भी मानना है कि अगर भारत तेजी से सुधार नहीं करता, तो H-1B की सख्ती का लाभ भारत के बजाय कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और यूरोप जैसे देशों को मिल सकता है।

Tech entrepreneur Vivek Wadhva (AI Creative)

अमेरिका पर भी पड़ेगा असर

टेक्नो इंडस्ट्री लंबे समय से कहता रहा है कि अमेरिका में हाई स्किल्ड इंजीनियरों की कमी है। ऐसे में अगर H-1B वीजा ज्यादा ही सीमित होता है, तो वहां कंपनियों को प्रतिभा की कमी का सामना करना पड़ सकता है। इससे नवाचार, अनुसंधान और नई तकनीकों के विकास की गति प्रभावित हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका को सुरक्षा और वैश्विक प्रतिभा, दोनों के बीच संतुलन बनाए रखना होगा।

H1B VISA Indian Talent: (AI Infographic)

ऐसे में मानना होगा कि अमेरिका की नई H-1B VISA Policy केवल वीजा नियमों में बदलाव नहीं है, बल्कि वैश्विक प्रतिभा की नई प्रतिस्पर्धा की शुरुआतभर है। भारतीय छात्रों और आईटी प्रोफेशनल्स के लिए चुनौतियां बढ़ सकती हैं, लेकिन हाई स्किल्ड एक्सपर्ट्स की मांग कभी खत्म नहीं होगी। कहना होगा कि असल में परीक्षा तो अब भारत की है। यदि देश ग्लोबल रिसर्च, बेहतरीन डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रतिस्पर्धी करियर के अवसरों के साथ ही इनोवेशन का एक मजबूत माहौल तैयार करता है, तो यह बदलाव 'ब्रेन ड्रेन' को 'ब्रेन गेन' में बदल सकता है। क्योंकि सवाल सिर्फ इतना नहीं कि अमेरिका ने नियम क्यों बदले, बल्कि यह भी है, क्या भारत इस वैश्विक बदलाव को अपनी डिजिटल पावर और बढ़ती इकोनॉमी में बदलने का अवसर भुना पाएगा?

Updated on:
30 Jul 2026 10:43 am
Published on:
30 Jul 2026 10:43 am