Cloud Market 2026: दुनिया का क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर मार्केट तेजी से बढ़ रहा है और अमेजन, एडब्ल्यूएस, अजूर और गूगल क्लाउड ने इस बाजार पर अपनी जबरदस्त पकड़ बना ली है। पढ़िए AI और डेटा की बढ़ती जरूरतों के बीच कैसे बदल रही है टेक की दुनिया।
Cloud Infrastructure Market: दुनिया तेजी से डिजिटल हो रही है। मोबाइल ऐप से लेकर बैंकिंग, OTT, सोशल मीडिया, AI चैटबॉट और सरकारी सेवाओं तक लगभग हर चीज अब Cloud पर चल रही है। साल 2026 की पहली तिमाही के आकड़ों अनुसार, क्लाउड मार्केट केवल एक टेक्नोलॉजी नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी तिजोरी बन गया है। क्लाउड मार्केट की कमाई 129 अरब डॉलर का आंकड़ा पहुंच गया है, जो पिछले साल के मुकाबले 35% की रफ्तार से बढ़ा है। इस रेस में Amazon, Microsoft और Google ने पूरी दुनिया के क्लाउड कारोबार पर मजबूत पकड़ बना ली है।
कुछ साल पहले तक Cloud Computing सिर्फ बड़ी कंपनियों के काम की चीज मानी जाती थी, लेकिन आज यह हमारी जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। चाहे आप ऑनलाइन फिल्में देख रहे हों, डिजिटल पेमेंट कर रहे हों या AI Tools का इस्तेमाल, इन सबके पीछे क्लाउड सर्वर ही काम कर रहे हैं। 2026 की शुरुआत में ही यह मार्केट 129 अरब डॉलर के पार पहुंच गया है, जो पिछले साल के मुकाबले 35% ज्यादा है। Amazon Web Services (AWS) 28% हिस्सेदारी के साथ आज भी मार्केट में सब से आगे बना हुआ है। AI और डेटा का इस्तेमाल जितनी तेजी से बढ़ रहा है, उतनी ही तेजी से क्लाउड कंपनियां डिजिटल दुनिया की सबसे मजबूत बनती जा रही हैं।
दूसरे नंबर पर Microsoft Azure है, जिसकी बाजार में 21% हिस्सेदारी हो गई है। Microsoft ने अपने विंडोज और ऑफिस इस्तेमाल करने वाले पुराने ग्राहकों को बड़ी आसानी से क्लाउड से जोड़ लिया। इसके अलावा, OpenAI और ChatGPT जैसी बड़ी AI कंपनियों के साथ हाथ मिलाने का इसे जबरदस्त फायदा मिला है। दुनिया भर की कंपनियां अपने AI प्रोजेक्ट्स के लिए माइक्रोसॉफ्ट पर भरोसा कर रही हैं। माइक्रोसॉफ्ट ने सिर्फ एक सर्विस नहीं बेची, बल्कि ऑफिस और टीम्स जैसे ऐप्स का एक ऐसा पूरा घेरा बना दिया है कि कंपनियों के लिए इससे बाहर जाना मुश्किल है।
तीसरे नंबर पर गूगल क्लाउड है, जिसका मार्केट शेयर 14% तक पहुंच गया है। भले ही गूगल अभी AWS और माइक्रोसॉफ्ट से थोड़ा पीछे हो, लेकिन इसकी रफ्तार बहुत तेज है। गूगल की सबसे बड़ी ताकत उसका डेटा और AI नेटवर्क है। Search Engine,YouTube और Android जैसी सेवाओं से Google के पास दुनिया का बड़ा डेटा नेटवर्क है। कंपनी उसी अनुभव का इस्तेमाल अब क्लाउड बिजनेस में कर रही है। नई टेक कंपनियां और स्टार्टअप्स डेटा एनालिसिस के लिए गूगल को ही पहली पसंद मान रहे हैं। Google अभी AWS और Azure से काफी पीछे है, लेकिन AI की वजह से उसके पास तेजी से आगे बढ़ने का मौका है।
दुनिया भर की कंपनियां 3 ही कंपनियों पर ही ज्यादातर भरोसा जता रही हैं और इसकी मुख्य वजह है पैसा और सुरक्षा। AWS, माइक्रोसॉफ्ट और गूगल ने पूरी दुनिया में डेटा सेंटर्स को बढ़ाने के लिए अरबों डॉलर का भारी-भरकम निवेश किया है। Oracle और Alibaba क्लाउड करीब 4% हिस्सेदारी पर हैं, और Salesforce, Huawei और Tencent करीब 2-2% पर और भी कंपनियां इस रेस में हैं। लेकिन उनकी हिस्सेदारी अभी काफी कम है। क्लाउड का बिजनेस संभालना बहुत महंगा काम है, क्योंकि इसके लिए हाई-टेक चिप्स और साइबर सिक्योरिटी की जरूरत होती है। बड़ी कंपनियां और सरकारें अपना कीमती डेटा सिर्फ उन्हीं प्लेटफॉर्म्स पर रखना चाहती हैं जिनका नेटवर्क पूरी दुनिया में फैला हो और जो सालों-साल बिना फेल हुए चल सकें।
पहले क्लाउड का मतलब सिर्फ ऑनलाइन डेटा सेव करना होता था। लेकिन अब क्लाउड सिर्फ स्टोरेज नहीं, बल्कि पूरी डिजिटल दुनिया की ताकत बन चुका है। AI चैटबॉट, वीडियो बनाने से लेकर मेडिकल रिसर्च, बैंकिंग सुरक्षा और Self Driving Cars जैसी हाईटेक तकनीकें Cloud Platforms पर चल रही हैं। AI को काम करने के लिए बेहद तेज कंप्यूटिंग पावर और भारी डेटा प्रोसेसिंग चाहिए होती है, जो क्लाउड देता है। कंपनियों के बीच असली लड़ाई सबसे मजबूत AIInfrastructure बनाने की हो गई है। दुनिया भर में नए डेटा सेंटर बनाए जा रहे हैं और अमेरिका, चीन, यूरोप से लेकर Middle East तक टेक कंपनियां इस सेक्टर में अरबों डॉलर झोंक रही हैं, ताकि भविष्य की AI दुनिया पर उनकी पकड़ मजबूत बनी रहे।
भारत आज दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते डिजिटल बाजारों में गिना जा रहा है। देश में करोड़ों लोग हर दिन UPI Payments, OTT Platforms, Online Gaming, Shopping Apps और AI Services का इस्तेमाल कर रहे हैं। मोबाइल और इंटरनेट अब लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का बड़ा हिस्सा बन चुके हैं। भारत में Cloud Services की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। सरकारी डिजिटल योजनाएं, तेजी से बढ़ते स्टार्टअप और AI आधारित नई टेक्नोलॉजी आने वाले समय में भारत को क्लाउड कंपनियों के लिए बेहद बड़ा बाजार बना सकती हैं। इसी संभावनाओं को देखते हुए कई विदेशी टेक कंपनियां भारत में नए डेटा सेंटर तैयार कर रही हैं। बढ़ते इंटरनेट यूजर्स और रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुके डेटा इस्तेमाल ने भारत को ग्लोबल टेक कंपनियों के लिए एक बड़ा डिजिटल हब बना दिया है।