Patrika Special News

Hair Transplant: आपका सिर प्रयोगशाला नहीं, ‘ग्राफ्ट’ की लूट से कैसे बचें? एक्सपर्ट से समझिए

Hair transplant: हेयर ट्रांसप्लांट के जरिए आप अपना खोया हुआ आत्मविश्वास हासिल करना चाहते हैं। लेकिन ऐसा करने से पहले आप इनसे जुड़ी बारीकियां, डोनर एरिया की लूट और NMC के कड़े नियमों को जान लें। अन्यथा, अनधिकृत सैलून ओवर हार्वेस्टिंग करके आपको अधिक नुकसान पहुंचा सकते हैं।

8 min read
May 09, 2026
भारत में हेयर ट्रांसप्लांट के नाम पर काफी धोखाधड़ी होती है।

Hair Transplant : आत्मविश्वास की नई परिभाषा अब सिर के घने बालों से तय होने लगी है। इसी चाहत ने हेयर ट्रांसप्लांट को मेडिकल साइंस का सबसे चहेता 'ब्यूटी टूल' बना दिया है। हेयर ट्रांसप्लांट केवल एक मेडिकल प्रोसीजर नहीं रह गया है, बल्कि यह आत्मविश्वास और 'लुक्स' की दौड़ का एक अनिवार्य हिस्सा बन चुका है। लेकिन इस चमक-धमक वाली इंडस्ट्री के पीछे एक ऐसा काला सच भी है, जो 'सस्ते लुक' के लालच में आपकी सेहत और जिंदगी दोनों को दांव पर लगा रहा है।

ये भी पढ़ें

Muscle Building के लिए जंग: कम वसा वाला Protein या हाई फैट प्रोटीन में कौन सा है आपके लिए सही?

Hair Transplant: क्या आपका सिर किसी 'सैलून' की प्रयोगशाला है?

बाल झड़ना सिर्फ एक शारीरिक बदलाव नहीं, बल्कि एक मानसिक तनाव बन चुका है। इसी तनाव का फायदा उठाकर हेयर ट्रांसप्लांट इंडस्ट्री अरबों रुपयों का साम्राज्य बन गई है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जिस ट्रांसप्लांट को आप एक साधारण 'ब्यूटी ट्रीटमेंट' समझ रहे हैं, वह दरअसल एक जटिल सर्जरी है? आज गलियों में खुले अनधिकृत सैलून इस पूरी इंडस्ट्री को दीमक की तरह खत्म कर रहे हैं।

किसे करवाना चाहिए हेयर ट्रांसप्लांट?

हर वह व्यक्ति जिसके बाल गिर रहे हैं, वह हेयर ट्रांसप्लांट का सही उम्मीदवार नहीं होता। विशेषज्ञ मानते हैं कि ट्रांसप्लांट कराने से पहले कुछ मापदंडों का पूरा होना अनिवार्य है:

  • स्थिर हेयर लॉस (Stable Hair Loss): अगर आपके बाल अभी बहुत तेजी से गिर रहे हैं, तो ट्रांसप्लांट सफल नहीं होगा। पहले दवाइयों से बाल गिरने की गति को रोकना जरूरी है।
  • उम्र का पैमाना: आमतौर पर 25 साल से कम उम्र में ट्रांसप्लांट की सलाह नहीं दी जाती, क्योंकि भविष्य में बालों के गिरने का पैटर्न स्पष्ट नहीं होता।
  • डोनर एरिया की गुणवत्ता: ट्रांसप्लांट के लिए आपके सिर के पीछे के हिस्से (Donor Area) में पर्याप्त और स्वस्थ बाल होने चाहिए। अगर डोनर एरिया ही कमजोर है, तो परिणाम निराशाजनक होंगे।
  • मेडिकल हिस्ट्री: डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर या स्कैल्प इंफेक्शन जैसी स्थितियों में डॉक्टर की गहन सलाह के बाद ही आगे बढ़ना चाहिए।

सैलून कल्चर: कैसे 'कैंची' चलाने वाले अब 'स्कैलपेल' चला रहे हैं?

हेयर ट्रांसप्लांट इंडस्ट्री के लिए सबसे बड़ा खतरा 'सैलून ट्रांसप्लांट' बनकर उभरा है। यह एक ऐसा नया और खतरनाक एंगल है जिसे अनदेखा करना जानलेवा हो सकता है।

सैलून इंडस्ट्री को कैसे कर रहे हैं बर्बाद ?

  • कौशल का अभाव: एक क्वालिफाइड सर्जन (M Ch या MD Dermatologist) बनने में सालों की मेहनत लगती है। लेकिन कई सैलून में केवल कुछ हफ्तों की ट्रेनिंग लेकर टेक्नीशियन खुद को 'एक्सपर्ट' बताने लगते हैं। वे बाल तो लगा देते हैं, लेकिन उन्हें 'एंगुलेशन' (बालों के उगने की दिशा) और 'हेयरलाइन डिजाइन' की समझ नहीं होती।
  • हाइजीन और इंफेक्शन: सैलून अक्सर उन कड़े मेडिकल मानकों (Sterilization) का पालन नहीं करते जो एक ऑपरेशन थिएटर में अनिवार्य होते हैं। इससे सेप्सिस और गंभीर स्कैल्प इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है।
  • इमरजेंसी बैकअप की कमी: हेयर ट्रांसप्लांट के दौरान एनेस्थीसिया (Anesthesia) दिया जाता है। अगर किसी मरीज को रिएक्शन हो जाए, तो सैलून के पास जीवन रक्षक उपकरण नहीं होते। हाल के वर्षों में सैलून में हुए गलत प्रोसीजर के कारण मौत के मामले भी सामने आए हैं।
  • अंडरकटिंग और लालच: कम कीमत का लालच देकर ये सैलून मरीजों को फंसाते हैं। वे 'अनलिमिटेड ग्राफ्ट्स' का वादा करते हैं, जिससे अक्सर डोनर एरिया पूरी तरह खाली (Over-harvesting) हो जाता है और भविष्य में सुधार की कोई गुंजाइश नहीं बचती।

तकनीक का खेल

ट्रांसप्लांट में मुख्य रूप से दो तकनीकें इस्तेमाल होती हैं:

फॉलिक्युलर यूनिट एक्सट्रैक्शन (Follicular Unit Extraction): इसमें एक-एक करके बाल निकाले जाते हैं। इसमें टांके नहीं लगते और रिकवरी जल्दी होती है। आज की तारीख में यह सबसे लोकप्रिय है।

फॉलिक्युलर यूनिट ट्रांसप्लांटेशन (Follicular Unit Transplantation): इसमें सिर के पीछे से त्वचा की एक पतली पट्टी निकाली जाती है। यह उन लोगों के लिए बेहतर है जिन्हें बहुत ज्यादा बालों की जरूरत होती है।

भारत में हेयर ट्रांसप्लांट के लिए सरकारी गाइडलाइन्स (NMC Rules)

भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि हेयर ट्रांसप्लांट एक 'मेजर सर्जिकल प्रोसीजर' है। इसके मुख्य नियम निम्नलिखित हैं:

Who can hair transplant? कौन कर सकते हैं हेयर ट्रांसप्लांट?

  • NMC के नियमों के अनुसार, हेयर ट्रांसप्लांट केवल वही डॉक्टर कर सकते हैं जिनके पास इन दोनों में से कोई एक डिग्री हो: प्लास्टिक सर्जन (M.Ch / DNB (Plastic Surgery) या त्वचा रोग विशेषज्ञ ( MD / DNB (Dermatology) ।
  • इनके अलावा, अन्य RMP (रजिस्टर्ड मेडिकल प्रैक्टिशनर) केवल 'असिस्ट' कर सकते हैं, सर्जरी को स्वतंत्र रूप से (Independently) नहीं कर सकते।

Where can it be done? कहां से करवाएं ट्रांसप्लांट?

  • सैलून पर पाबंदी: किसी भी सैलून, पार्लर या साधारण क्लीनिक में हेयर ट्रांसप्लांट करना गैरकानूनी है।
  • रजिस्टर्ड हॉस्पिटल/डे केयर सेंटर: सर्जरी केवल उन्हीं केंद्रों में हो सकती है जो 'डे केयर सेंटर' या अस्पताल के रूप में राज्य अधिकारियों के पास रजिस्टर्ड हों।
  • OT (ऑपरेशन थिएटर): इसमें एक पूरी तरह सुसज्जित (Equipped) ऑपरेशन थिएटर होना चाहिए, जहां संक्रमण रोकने के लिए 'Aseptic Precautions' का पालन हो।

इमरजेंसी सुविधाएं (Safety Standards)

  • आपातकालीन उपकरण: क्रैश कार्ट, डिफिब्रिलेटर और ऑक्सीजन सपोर्ट।
  • एनेस्थेटिस्ट बैकअप: जटिल मामलों में एक एनेस्थीसिया विशेषज्ञ का स्टैंडबाय पर होना या वहां मौजूद होना जरूरी है।
  • पोस्ट-ऑपरेटिव रिकवरी रूम: मरीज की निगरानी के लिए एक रिकवरी रूम होना चाहिए।

अनधिकृत कर्मियों पर प्रतिबंध टेक्नीशियन का रोल:

  • नियम कहते हैं कि ग्राफ्ट निकालना (Extraction) और छिद्र बनाना (Slit Making) जैसे सर्जिकल काम केवल डॉक्टर करेंगे। टेक्नीशियन केवल डॉक्टर की निगरानी में मदद कर सकते है।
  • अपराध की श्रेणी: यदि कोई व्यक्ति बिना मेडिकल डिग्री के यह सर्जरी करता है, तो उसे कानूनन 'क्रिमिनल असॉल्ट' (criminal assault ) के रूप में देखा जा सकता है और पुलिस केस दर्ज हो सकता है।

डॉ.अनीता विजय के साथ पत्रिका की खास बातचीत

हेयर ट्रांसप्लांट को अक्सर 'ब्यूटी प्रोसीजर' कहा जाता है, लेकिन यह एक 'सर्जिकल प्रोसीजर' है। अगर ऑपरेशन टेबल पर मरीज को एनेस्थीसिया से रिएक्शन हो जाए, तो एक सैलून और एक अस्पताल के रिस्पांस में क्या अंतर होता है?

उन्होंने बताया, ट्रांसप्लांट को 'ब्यूटी ट्रीटमेंट' समझना सबसे बड़ी भूल है। यह एक इनवेसिव सर्जिकल प्रोसीजर है। एनेस्थीसिया रिएक्शन होने पर सैलून और अस्पताल के रिस्पांस में जमीन-आसमान का अंतर होता है।

अस्पताल/मेडिकल क्लीनिक: यहां योग्य डॉक्टर और एनेस्थेटिस्ट होते हैं। रिएक्शन होने पर उनके पास जीवन रक्षक दवाएं (Adrenaline), ऑक्सीजन सपोर्ट और डिफिब्रिलेटर जैसे आपातकालीन उपकरण तुरंत उपलब्ध होते हैं, जो मरीज को 'गोल्डन आवर' में बचा सकते हैं।

सैलून: यहां केवल ब्यूटीशियन या टेक्नीशियन होते हैं। गंभीर रिएक्शन (जैसे एनाफिलेक्टिक शॉक) होने पर उनके पास न तो दवाएं होती हैं और न ही उसे संभालने का तकनीकी ज्ञान। सैलून में समय केवल एम्बुलेंस बुलाने में बर्बाद होता है, जो अक्सर मरीज के लिए घातक सिद्ध होता है।

कई बार लोग शिकायत करते हैं कि ट्रांसप्लांट के बाद बाल 'गुड़िया के बालों' (Doll-like hair) जैसे नकली दिखते हैं। एक डॉक्टर नेचुरल हेयरलाइन बनाने के लिए किन बारीकियों का ध्यान रखता है?

उन्होंने बताया, नेचुरल हेयरलाइन बनाना एक मेडिकल प्रक्रिया से कहीं अधिक एक 'कला' है। 'डॉल-हेयर लुक' से बचने के लिए तीन प्रमुख बारीकियों पर ध्यान दिया जाता हैं।

  • सिंगल ग्राफ्ट का उपयोग: हेयरलाइन की सबसे अगली कतार में हमेशा 'सिंगल हेयर फॉलिकल' लगाए जाते हैं। सैलून में अक्सर गुच्छे (Multiple hairs) लगा दिए जाते हैं, जिससे बाल ब्रश की तरह सख्त दिखते हैं।
  • ज़िग-ज़ैग पैटर्न: प्राकृतिक हेयरलाइन कभी सीधी रेखा में नहीं होती। डॉक्टर इसे अनियमित (Irregular) और ज़िग-ज़ैग तरीके से डिजाइन करते हैं ताकि वह कुदरती दिखे।
  • एंगुलेशन और दिशा: हर व्यक्ति के बालों के उगने का एक खास कोण (Angle) होता है। उसी दिशा में बाल लगाते हैं जिस दिशा में आपके ओरिजिनल बाल उगते हैं।

डोनर एरिया (Donor Area) की एक सीमा होती है। क्या बार-बार या गलत तरीके से बाल निकालने से कोई व्यक्ति हमेशा के लिए गंजा हो सकता है?

उन्होंने बताया, डोनर एरिया की एक निश्चित सीमा होती है और इसका गलत दोहन व्यक्ति को स्थायी रूप से गंजा बना सकता है। हमारे सिर के पीछे के बाल (Donor Zone) सीमित होते हैं। यदि कोई अनट्रेंड व्यक्ति लालच में आकर एक ही बार में बहुत अधिक ग्राफ्ट निकाल लेता है, तो उसे 'ओवर-हार्वेस्टिंग' कहते हैं। इससे डोनर एरिया में पैच बन जाते हैं और वहां दोबारा बाल कभी नहीं उगते। यदि भविष्य में व्यक्ति के और बाल झड़ते हैं, तो सुधार (Repair) के लिए कोई बाल शेष नहीं बचते। डॉक्टर हमेशा 'फ्यूचर प्लानिंग' करते है ताकि डोनर एरिया सुरक्षित रहे। इसके विपरीत, सैलून में केवल तात्कालिक मुनाफे के लिए डोनर एरिया को पूरी तरह खाली कर दिया जाता है, जिससे व्यक्ति के पास दोबारा ट्रांसप्लांट का विकल्प हमेशा के लिए खत्म हो जाता है।

FUE और FUT के अलावा क्या कोई नई तकनीक (जैसे- रोबोटिक या सेल-बेस्ड थेरेपी) आ रही है जो इस इंडस्ट्री को बदलने वाली है?

उन्होंने बताया, हेयर ट्रांसप्लांट की दुनिया में FUE और FUT के बाद अब रोबोटिक ट्रांसप्लांट ( Robotic transplant surgery) और सेल-बेस्ड थेरेपी ( cell based therapy) क्रांतिकारी बदलाव ला रही हैं।

  • रोबोटिक तकनीक (जैसे ARTAS): इसमें एआई (AI) और रोबोटिक आर्म का उपयोग होता है, जो मानवीय थकान के बिना सटीक कोण पर ग्राफ्ट निकालते हैं। इससे डोनर एरिया को नुकसान कम होता है और परिणाम अधिक सटीक मिलते हैं।
  • सेल-बेस्ड थेरेपी और हेयर क्लोनिंग: सबसे रोमांचक शोध 'हेयर क्लोनिंग' पर हो रहा है, जहां मरीज के कुछ स्वस्थ सेल्स लेकर लैब में लाखों बाल उगाए जा सकेंगे। इससे डोनर एरिया की कमी की समस्या जड़ से खत्म हो जाएगी। इसके अलावा, रीजेनेरा एक्टिवा (Regenera Activa) जैसी तकनीकें स्टेम सेल्स के जरिए बिना सर्जरी के बालों का घनत्व बढ़ाने में मदद कर रही हैं। ये तकनीकें भविष्य में ट्रांसप्लांट को और भी प्रभावी और कम दर्दनाक बनाएंगी।

क्या आपके पास ऐसे मरीज आते हैं जिनका केस सैलून में खराब हो गया हो? उनके साथ सबसे बड़ी समस्या क्या होती है और क्या उसे पूरी तरह सुधारा जा सकता है?

उन्होंने बताया, दुर्भाग्य से ऐसे मामलों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सैलून में खराब हुए केस में सबसे बड़ी समस्या 'अननेचुरल हेयरलाइन' और 'डोनर एरिया का खाली होना' होती है। गलत तरीके से लगाए गए बाल दिखने में भद्दे लगते हैं और सिर की त्वचा पर निशान छोड़ देते हैं। इसे पूरी तरह सुधारना कठिन होता है, क्योंकि सुधार के लिए पर्याप्त स्वस्थ डोनर बालों की कमी होती है। इसे 'रिपेयर सर्जरी' के जरिए सुधारा तो जा सकता है, जिसमें पुराने ग्राफ्ट्स को निकालकर दोबारा सही दिशा में लगाया जाता है, लेकिन इसमें समय और पैसा दोनों बहुत अधिक खर्च होते हैं। यह मूल सर्जरी से कहीं अधिक जटिल होती है।

बहुत से युवा 21-22 साल की उम्र में ही ट्रांसप्लांट के लिए जिद करते हैं। एक डॉक्टर के तौर पर आप उन्हें क्या सलाह देते हैं और जल्दी ट्रांसप्लांट कराने के क्या नुकसान हैं?

उन्होंने बताया, 21-22 साल की उम्र में हेयर ट्रांसप्लांट की जिद करना एक बड़ी गलती हो सकती है। एक डॉक्टर के तौर पर मेरी सलाह यही होती है कि 'जल्दबाजी न करें'। इस उम्र में बाल झड़ने का पैटर्न (Pattern) अभी स्थिर नहीं होता और यह भविष्य में और बढ़ेगा। जल्दी ट्रांसप्लांट कराने का सबसे बड़ा नुकसान यह है कि जो बाल आज लगाए गए हैं, वे तो रहेंगे, लेकिन उनके पीछे के कुदरती बाल झड़ते रहेंगे। इससे कुछ सालों बाद सिर पर 'बालों के अजीब टापू' (Islands of hair) बन जाएंगे, जो बहुत भद्दे दिखते हैं। युवावस्था में सर्जरी के बजाय दवाओं (Medical Management) और लाइफस्टाइल में सुधार पर ध्यान देना चाहिए ताकि भविष्य के लिए डोनर एरिया सुरक्षित रहे। सही उम्र और सही समय का चुनाव ही स्थायी परिणाम देता है।

हेयर ट्रांसप्लांट इंडस्ट्री को 'मछली बाजार' बनने से रोकने के लिए क्या कड़े कानून होने चाहिए?

उन्होंने बताया, हेयर ट्रांसप्लांट इंडस्ट्री को 'मछली बाजार' बनने से रोकने के लिए सख्त नियामक ढांचे (Regulatory Framework) की आवश्यकता है। सबसे पहले, सरकार को अनिवार्य लाइसेंसिंग लागू करनी चाहिए, जिसमें केवल प्रमाणित प्लास्टिक सर्जनों और डर्मेटोलॉजिस्ट को ही सर्जरी की अनुमति हो। दूसरा, भ्रामक विज्ञापनों (जैसे 'सस्ते पैकेज' या '100% गारंटी') पर भारी जुर्माना और क्लीनिक सील करने जैसे प्रावधान होने चाहिए। प्रत्येक केंद्र का समय-समय पर मेडिकल ऑडिट होना अनिवार्य हो, ताकि वहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और ओटी (OT) मानकों की जांच हो सके। साथ ही, बिना डिग्री के सर्जरी करने वाले टेक्नीशियनों और उन्हें प्रश्रय देने वाले क्लीनिकों के खिलाफ गैर-जमानती धाराएं जोड़ी जानी चाहिए। जब तक जवाबदेही तय नहीं होगी, मरीजों की सुरक्षा दांव पर लगी रहेगी।

Also Read
View All