
Hindu Marriage : यदि किसी दंपती के पास मंदिर या संस्था का विवाह प्रमाण पत्र है, लेकिन विवाह की आवश्यक रस्में संपन्न होने का प्रमाण नहीं है, तो विवाद की स्थिति में केवल प्रमाण पत्र पर्याप्त नहीं होगा। अदालत विवाह की वास्तविक प्रक्रिया और लागू रीति-रिवाजों की जांच कर सकती है।
विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र जारी हो जाने मात्र से किसी विवाह को हिंदू विधि के अनुसार वैध नहीं माना जा सकता। इसके लिए हिंदू विवाह अधिनियम के तहत आवश्यक संस्कारों और संबंधित पक्षकारों पर लागू रीति-रिवाजों का संपन्न होना भी प्रमाणित करना होगा। जहां पक्षकारों की परंपरा में सप्तपदी आवश्यक संस्कार है, वहां सातवां कदम उठाए जाने पर ही विवाह पूर्ण माना जाएगा। हालांकि, सप्तपदी प्रत्येक हिंदू विवाह के लिए अनिवार्य नहीं है। यह संबंधित पक्षकारों पर लागू रीति-रिवाजों और संस्कारों पर निर्भर करता है।
जयपुर के पारिवारिक न्यायालय क्रम-4, महानगर प्रथम ने एक मामले में यह महत्वपूर्ण कानूनी व्यवस्था दी है। पीठासीन अधिकारी प्रियंका पिलानिया (जिला न्यायाधीश संवर्ग) ने कहा कि केवल विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र के आधार पर विवाह का विधिक अस्तित्व स्वीकार नहीं किया जा सकता। संबंधित पक्षकारों के बीच हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 7 के अनुसार आवश्यक संस्कार और रीति-रिवाज संपन्न होना प्रमाणित नहीं हुआ। ऐसे में कथित विवाह को अधिनियम के तहत विधि द्वारा मान्य विवाह नहीं माना जा सकता।
एक मामले में भिवाड़ी (अलवर) निवासी युवक ने जोबनेर (जयपुर) निवासी युवती के खिलाफ याचिका दायर की थी। इसमें कथित विवाह को शून्य घोषित करने की मांग की गई थी, जिसमें कहा कि दोनों के बीच 10 नवंबर 2019 को जयपुर के हनुमान मंदिर में विवाह के बाद विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र जारी कराया गया था। हालांकि, प्रार्थी का कहना था कि दोनों के बीच हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार आवश्यक विवाह संस्कार संपन्न नहीं हुए थे। विशेष रूप से सप्तपदी सहित आवश्यक रस्में पूरी नहीं की गई थीं। इसलिए केवल पंजीयन प्रमाण पत्र के आधार पर विवाह को वैध नहीं माना जा सकता। यह भी कहा कि कथित विवाह के बाद से दोनों कभी पति-पत्नी के रूप में साथ नहीं रहे और न ही उनके बीच वैवाहिक दायित्वों का निर्वहन हुआ। युवती ने भी न्यायालय में जवाब पेश कर प्रार्थी के मूल कथनों को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह संपन्न नहीं हुआ था।
अंतिम बहस के दौरान अधिवक्ता पंकज अरोड़ा ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला दिया। पारिवारिक न्यायालय ने इसके आधार पर कहा कि विवाह प्रमाण पत्र स्वयं विवाह संस्कारों का विकल्प नहीं हो सकता। किसी संस्था या प्राधिकरण की ओर से प्रमाण पत्र जारी कर देने अथवा उसमें हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न होने का उल्लेख कर देने से यह निर्णायक रूप से साबित नहीं होता कि आवश्यक संस्कार वास्तव में हुए थे।
न्यायालय ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 7 का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंदू विवाह पक्षकारों में से किसी भी पक्षकार के प्रचलित रूढ़िगत संस्कारों और रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न किया जा सकता है। जहां लागू रीति-रिवाजों में सप्तपदी आवश्यक है, वहां सातवां कदम उठाए जाने पर विवाह पूर्ण और बाध्यकारी होता है। इसलिए सप्तपदी को प्रत्येक हिंदू विवाह के लिए अनिवार्य मानना सही नहीं है, लेकिन जहां यह संबंधित पक्षकारों की परंपरा का आवश्यक हिस्सा है, वहां इसका संपन्न होना साबित करना होगा। जहां विवाह के लिए कुछ विशेष संस्कार और रस्में आवश्यक हैं, वहां उनके संपन्न होने का प्रमाण देना जरूरी है। केवल यह सामान्य कथन कि विवाह हुआ था, विधि के अनुसार विवाह साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं है।
न्यायालय ने स्पष्ट किया कि धारा 11 के तहत किसी विवाह को शून्य घोषित करने के लिए यह आवश्यक है कि वह इस धारा में निर्धारित कानूनी आधारों में से किसी के अंतर्गत आता हो। वहीं, आवश्यक संस्कारों के अभाव में यदि विधि के अनुसार विवाह संपन्न ही नहीं हुआ है तो यह अलग कानूनी स्थिति है। ऐसे मामले में पहले यह निर्धारित करना होगा कि विधि के अनुसार विवाह का अस्तित्व ही था या नहीं। इस फैसले का सबसे महत्वपूर्ण मायना यह है कि हिंदू विवाह का पंजीयन और हिंदू विधि के अनुसार विवाह का संपन्न होना दो अलग-अलग बातें हैं। विवाह प्रमाण पत्र होने से अपने आप यह साबित नहीं होता कि कानूनी रूप से विवाह की सभी आवश्यक शर्तें पूरी हो गई थीं।
पत्रिका से बातचीत में अधिवक्ता संजय अरोरा ने इस फैसले के पांच प्रमुख मायने बताये-
1. केवल प्रमाण पत्र से विवाह वैध साबित नहीं होगा
यदि किसी दंपती के पास मंदिर या संस्था का विवाह प्रमाण पत्र है, लेकिन विवाह की आवश्यक रस्में संपन्न होने का प्रमाण नहीं है, तो विवाद की स्थिति में केवल प्रमाण पत्र पर्याप्त नहीं होगा। अदालत विवाह की वास्तविक प्रक्रिया और लागू रीति-रिवाजों की जांच कर सकती है।
2. हर विवाह में सात फेरे अनिवार्य नहीं
यह एक महत्वपूर्ण कानूनी अंतर है। हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 7 के अनुसार विवाह संबंधित पक्षकारों के प्रचलित संस्कारों और रीति-रिवाजों से संपन्न होता है। यदि किसी समुदाय या परिवार की मान्य परंपरा में सप्तपदी आवश्यक नहीं है, तो केवल सात फेरे नहीं होने के आधार पर विवाह को अमान्य नहीं कहा जा सकता।
3. विवाह पंजीयन कराने वाली संस्थाओं की जिम्मेदारी पर सवाल
मंदिरों और विवाह पंजीयन से जुड़ी संस्थाओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रमाण पत्र में दर्ज विवाह की प्रक्रिया और वास्तविकता में अंतर न हो। केवल औपचारिकता पूरी कर प्रमाण पत्र जारी करना भविष्य में विवाद का कारण बन सकता है।
4. वैवाहिक विवादों में साक्ष्य का महत्व बढ़ेगा
विवाह हुआ था या नहीं, यह साबित करने के लिए विवाह की रस्मों, संबंधित गवाहों, उपलब्ध दस्तावेजों और पक्षकारों के बयानों का महत्व होगा। केवल प्रमाण पत्र को निर्णायक साक्ष्य नहीं माना जा सकता।
5. बिना विवाह संस्कारों के विवाह का दावा चुनौती योग्य होगा
यदि पक्षकारों के बीच आवश्यक विवाह संस्कार हुए ही नहीं, तो अदालत में यह सवाल उठ सकता है कि कानून की नजर में विवाह वास्तव में संपन्न हुआ भी था या नहीं।