Patrika Special News

Luxary Buses : महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान के लिए भी मिलेंगी लग्जरी बसें, अयोध्या, बनारस के लिए भी प्लानिंग

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में यात्रियों के बढ़ते दबाव को देखते हुए लोक परिवहन विभाग ने शहर और इंटर सिटी बसों के साथ दूसरे राज्यों से Luxary Buses : भी बसों की सेवा जोड़ने की कोशिश की है। परिवहन विभाग इंटर स्टेट लग्जरी बस सेवा करने की कवायद में जुट जाएगा। गुजरात और राजस्थान के बड़े शहरों को जोड़ने की तैयारी है। इस बारे में प्रमोद मिश्रा की विशेष रिपोर्ट पढ़िए।
3 min read
• •
Oct 21, 2026
Rajasthan Luxary Buses
इंदौर से राजस्थान के मुख्य शहरों के लिए चलाई जाएंगी लग्जरी बसें (Photo: Rajasthan Patrika)

Luxary Buses : शहर में लोक परिवहन का नेटवर्क बढ़ाने के साथ अब इंदौर को दूसरे राज्यों से जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। परिवहन विभाग द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत शहर और इंटर सिटी बसों के संचालन के बाद अब इंटर स्टेट लग्जरी बस सेवा शुरू करने की कवायद चल रही है। सबसे पहले महाराष्ट्र के नागपुर और मुंबई जैसे प्रमुख शहरों के लिए बसें शुरू करने की संभावना है। इसके बाद गुजरात और राजस्थान के बड़े शहरों को भी बस नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी है।

75 इंटर सिटी बसें शुरू

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत शहर के अंदर और इंटर सिटी बसों का संचालन शुरू हो चुका है। वरिष्ठ अधिकारी स्तर पर इन सेवाओं की निगरानी की जा रही है। शहर में पीएम ई-बस सेवा के तहत 75 बसें शुरू हो गई हैं और जल्द ही इतनी ही यानी 75 और बसें शुरू करने की तैयारी है। इंटर सिटी बसों के बाद अगला टारगेट इंटर स्टेट बसों की संख्या बढ़ाने पर है। यात्रियों के दबाव व मांग को देखते हुए यह प्लानिंग की जा रही है।

जयपुर, उदयपुर, नाथद्वारा और खाटूश्याम के लिए भी बस सेवा

परिवहन विभाग सबसे पहले महाराष्ट्र व राजस्थान के बड़े शहरों के ​लिए सीधी लग्जरी एसी बसें चलाने की प्लानिंग कर रहा है। राजस्थान में जयपुर के साथ ही उदयपुर, नाथद्वारा, खाटू श्याम जी के लिए भी सीधी बस सेवा शुरू करने की प्लानिंग है। पुरानी व्यवस्था के तहत एआइसीटीएसएल ने इंदौर से अयोध्या, बनारस, जयपुर, नागपुर आदि बड़े शहरों के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की प्लानिंग की थी लेकिन उस समय ऑपरेटरों को नहीं जोड़ा जा सका था। अब नई कंपनी ने प्रदेश के अंदर लग्जरी बसें शुरू कर दी है, सबसे ज्यादा मांग इंदौर-भोपाल रूट पर है जिससे यहां कई नई बसें चलाई गई है। इन्हीं नई बसों को इंटर स्टेट में चलाने की तैयारी है ताकि यात्रियों को सुरक्षित व सुगम लोक परिवहन मिल सके। यूपी के शहरों के लिए यात्रियों की ज्यादा मांग है जिसके कारण वहां के शहरों को प्राथमिकता सूची में रखा जा रहा है।

(photo: Rajasthan Patrika, Design: ChatGpt)

पार्सल सुविधा भी रहेगी शुरू

परिवहन विभाग ने जो नई कंपनी शुरू की है ​उसमें ऑपरेटरों को ज्यादा फायदा देने की पॉलिसी पर काम हो रहा है। इसके तहत बसों में विज्ञापन के जरिए के साथ ही पार्सल बुकिंग को बढ़ावा देने की योजना पर काम हो रहा है ताकि ऑपरेटरों को ज्यादा फायदा हो सके। जो नई बसों से अनुबंध किया जाएगा उसमें प्रीमियम राशि कंपनी लेगी और व्यवस्थाओं का संचालन कंपनी की देखरेख में होगा। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बसों में कैमरें के साथ पैनिक बटन भी लगाए जा रहे है। अफसरों ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा उनकी प्राथमिकता है। किसी भी बस के स्टॉफ को लेकर शिकायत मिलती है तो पहले चेतावनी दी जाएगी और फिर भी शिकायत आई तो अनुबंध निरस्त कर उसे ब्लेक लिस्टेड कर दिया जाएगा।

मांग वाले रूट पर भी शुरू होंगी बसें

शहर में कई ऐसे रूट हैं जहां यात्रियों की मांग है, लेकिन फिलहाल बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। ऐसे रूट चिह्नित कर जल्द बसें शुरू करने की तैयारी है। इसके साथ ही इंटर सिटी बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। पीएम ई बस सेवा के तहत मिलने वाली 75 बसों को इन रुटों पर चलाया जाएगा।

पहले चलीं, फिर बंद हुईं इंटर स्टेट बसें

एआइसीटीएसएल अब इंटर स्टेट बस सेवा को दोबारा शुरू करने की संभावनाएं तलाश रहा है। पहले कुछ राज्यों के लिए बसों का संचालन होता था, लेकिन बाद में यह सेवा बंद हो गई। कुछ प्रमुख मार्गों पर बसें शुरू करने के लिए ऑपरेटर तलाशने के प्रयास भी किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब नए सिरे से दूसरे राज्यों में बस सेवा की जरूरत और यात्रियों की मांग का आकलन किया जा रहा है।

पहले महाराष्ट्र, फिर गुजरात-राजस्थान

नई परिवहन कंपनी की टीम यह देख रही है कि किन राज्यों और शहरों के लिए इंदौर से बस सेवा की ज्यादा आवश्यकता है। इसमें सबसे पहले महाराष्ट्र के नागपुर और मुंबई के बीच लग्जरी बस सेवा शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा गुजरात और राजस्थान के बड़े शहरों के लिए भी बस सेवा शुरू हो सकती है। कंपनी के कार्यकारी निदेशक अर्थ जैन के मुताबिक, इंटर स्टेट बस सेवा शुरू करने की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है। दूसरे राज्यों से भी बसों के संभावित रूट की जानकारी लेकर उस रूट पर बस चलाना तय किया जाएगा। जल्द ही नए ऑपरेटरों को जोड़कर दूसरे राज्यों में आवश्यकता के अनुसार बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके बाद मांग और यात्री संख्या के आधार पर सेवा का धीरे-धीरे विस्तार किया जाएगा।

Updated on:
21 Oct 2026 12:11 pm
Published on:
21 Oct 2026 12:11 pm