
Sneakers Fest Raipur: लाभांडी रोड स्थित मॉल में चल रहे तीन दिवसीय स्नीकर्स फेस्ट में जूतों को सिर्फ पहनने के लिए नहीं, बल्कि कला के लिए भी इस्तेमाल किया गया। यहां 2035 जोड़ी शू लेस और 180 जोड़ी शू सोल से मिल्खा सिंह का 4 बाय 8 फीट का पोर्ट्रेट तैयार किया गया। 11 स्टूडेंट्स ने मिलकर करीब दो दिन में यह मोजेक तैयार किया। दूर से देखने पर यह पोर्ट्रेट एक सामान्य तस्वीर जैसा नजर आता है, लेकिन पास जाने पर इसमें इस्तेमाल की गई हजारों लेस और सोल साफ दिखाई देते हैं।
पोर्ट्रेट में मिल्खा सिंह को दौड़ते हुए दिखाया गया है। इसे बनाने का मकसद उनके जज्बे और मेहनत को अलग अंदाज में सामने लाना था। जिस तरह एक एथलीट लगातार मेहनत और अभ्यास से अपनी मंजिल तक पहुंचता है, उसी भावना को जूतों के सोल और लेस के जरिए दिखाया गया है। अलग-अलग रंगों की लेस और सोल को एक खास पैटर्न में लगाकर चेहरे, बाल, कपड़े और शरीर की आकृति तैयार की गई है।
इस मोजेक को तैयार करने में शालिनी पटेल, पलक लालवानी, नमन शुक्ला, अलीशा चिरामन, छ. अंबिका, ललिता चंद्राकर, खुशबू शर्मा, नमिशा पांडे, छाया वर्मा, देशना झाबक और अनुष्का चक्रवर्ती ने हिस्सा लिया। डॉ. शशि प्रिया उपाध्याय और निखिल तिवारी ने स्टूडेंट्स को मार्गदर्शन दिया। फेस्ट में युवाओं के लिए स्नीकर्स से जुड़ी कई गतिविधियां रखी गई हैं। यहां ट्रेंडिंग ब्रांड्स के स्नीकर्स देखने के साथ उन्हें अपनी पसंद के हिसाब से कस्टमाइज करने का मौका भी मिल रहा है। लाइव शूज पेंटिंग में स्टूडेंट्स और युवाओं ने जूतों पर अलग-अलग डिजाइन और रंगों के जरिए अपनी क्रिएटिविटी दिखाई। फैशन रनवे में स्नीकर्स को अलग-अलग आउटफिट के साथ पहनकर पेश किया गया। डीजे की प्रस्तुति के साथ फेस्ट का माहौल भी उत्साह से भरा रहा।
फेस्ट में लाइव शूज पेंटिंग एक्टिविटी भी रखी गई। इसमें युवाओं और स्टूडेंट्स ने साधारण स्नीकर्स को अपनी पसंद के रंग और डिजाइन से नया लुक दिया। किसी ने जूतों पर छोटे पैटर्न बनाए तो किसी ने रंगों के साथ अपनी पसंद के डिजाइन उकेरे। फैशन रनवे में स्नीकर्स को अलग-अलग तरह के कपड़ों के साथ पेश किया गया। कैजुअल से लेकर ट्रेंडी आउटफिट तक के साथ स्नीकर्स की स्टाइलिंग दिखाई गई।