Patrika Special News

Balen Shah से लेकर Peter Magyar तक: कैसे युवा नेता सत्ता के दिग्गजों को दे रहे हैं चुनौती

Peter Magyar: पीटर मजार या बालेन शाह की चुनावी सफलता सिर्फ सत्ता का हस्तांतरण नहीं है, बल्कि इन देशों में लंबे समय से व्याप्त भ्रष्टाचार और धीमी आर्थिक वृद्धि के चलते जनता में फैल रहे जनाक्रोश का नतीजा है।
4 min read
Apr 13, 2026
Peter Magyar Hungary New Prime Minister
पीटर मजार ने 16 वर्षों से सत्ता में बैठे विक्टर ओर्बान को करारी मात दी।

Peter Magyar: पिछले महीने संपन्न हुए नेपाल के आम चुनाव में 35 वर्षीय रैपर बालेन शाह को भारी बहुमत मिला और वह अब देश के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल कर चुके हैं। नेपाल के चुनावी इतिहास में यह 1959 के बाद यह पहला मौका है जब किसी पार्टी को दो-तिहाई बहुमत मिला है। वहीं 12 अप्रैल 2026 को हुए हंगरी में हुए आम चुनाव (Hungary Election Result 2026) में पीटर मजार को शानदार जीत मिली है। आइए जानते हैं कि कौन हैं 45 वर्षीय पीटर मजार, जिन्होंने देश के लंबे समय से प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बान को करारी शिकस्त देने में कामयाबी हासिल की है।

Who is Peter Magyar: क्यों चर्चा में आए पीटर मजार?

बालेन शाह ने नेपाल में फैले सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार और विकास की सुस्त पड़ी गति को चुनाव में जोरशोर से मुद्दा बनाया था। बालेन शाह युवाओं को देश के विकास की संभावनाओं की एक सुनहली तस्वीर दिखा पाने में कामयाब हुए। वहीं हंगरी में भी युवा नेता पीटर मजार पहली बार वर्ष 2024 में जोरशोर से चर्चा में तब आए, जब उन्होंने देश में एक बड़े राजनीतिक घोटाले के बाद देश के प्रधानमंत्री ओर्बान से अलग राह पकड़ ली। ओर्बान देश की सत्ता पर 2010 से ही प्रधानमंत्री के पद पर आसीन थे।

क्या था वह घोटाला, जिसने पीटर को बनाया देश का नेता

फरवरी 2024 में हंगरी की राष्ट्रपति कैटलिन नोवाक (Katalin Novák) ने एक ऐसे व्यक्ति को माफी दे दी थी, जो चिल्ड्रेन होम में बच्चों के साथ हुए यौन शोषण के मामले को छिपाने का दोषी था। यौन शोषण के मामले को छिपाने के दोषी व्यक्ति ने पीड़ितों पर भी मुंह नहीं खोलने का भारी दबाव बनाया था। इस मामले को पीटर मजार ने बहुत संवेदनशीलता के साथ और बहुत जोरशोर से उठाया। उन्होंने ओर्बान की सरकार पर आरोप लगाया कि सत्ता के अंदर भ्रष्टाचार और 'सिस्टम की सड़ांध' है। मजार ने दक्षिणपंथी नेता ओर्बान से अलग होकर 'तिस्जा' नामक एक नई पार्टी का गठन किया और सिस्टम के खिलाफ खुलकर बोलना शुरू कर दिया। वह देखते ही देखते वह देश के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शुमार हो गए। उन्हें यूरोपीय संसद के चुनावों में हंगरी में 30 प्रतिशत वोट हासिल हुआ।

सबसे युवा और पहली महिला राष्ट्रपति को क्यों देना पड़ा इस्तीफा?

कैटलिन को इस राजनीतिक हंगामे के चलते दो साल के अंदर ही अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने 10 मार्च 2022 को पदभार संभाला था और 10 फरवरी 2024 को इस्तीफा देना पड़ा था। कैटलिन नोवाक हंगरी की पहली महिला राष्ट्रपति और सबसे कम उम्र (44 वर्ष में निर्वाचित) में राष्ट्रपति बनीं। वे फिडेस (Fidesz) पार्टी से संबंधित हैं और राष्ट्रपति बनने से पूर्व वह परिवार मामलों की मंत्री (2020-2021) रह चुकी थीं।

पीटर की पूर्व पत्नी को भी मंत्री पद से देना पड़ा इस्तीफा

न सिर्फ तत्कालीन राष्ट्रपति बल्कि तत्कालीन न्याय मंत्री जूडित वर्गा (Judit Varga) को भी पद से इस्तीफा देना पड़ा। जूडित ने भी चिल्ड्रेन होम के दोषी व्यक्ति की माफी पर हस्ताक्षर किए थे। जूडित कोई और नहीं, बल्कि पीटर मजार की पूर्व पत्नी थी। दोनों का वर्ष 2023 में ही तलाक हो गया था।

मजार फिदेस पार्टी के दो दशकों तक रहे सदस्य

पीटर मजार का जन्म 1979 में हुआ था। उन्होंने कानून की पढ़ाई की है। वह पेशे से वकील रहे। वह दो दशकों से अधिक समय तक ओर्बान की फिदेस पार्टी के अपेक्षाकृत कम चर्चित सदस्य रहे। उन्होंने ब्रसेल्स में राजनयिक के रूप में काम किया और सरकारी एजेंसियों में वरिष्ठ पदों पर रहे। उनकी शादी फिदेस की प्रमुख नेता जुडित वर्गा से हुई थी, जिनकी 2023 में मौत हो गई।

ओर्बान से अलग होकर तिस्जा नामक पार्टी बनाई

मजार 2024 में तब चर्चा में आए, जब उन्होंने एक राजनीतिक घोटाले के बाद ओर्बान से अलग राह पकड़ ली। यह घोटाला उस समय सामने आया जब बच्चों के एक घर में यौन शोषण को छिपाने के दोषी व्यक्ति को माफी दिए जाने का खुलासा हुआ। उसी वर्ष मजार ने 'तिस्ज़ा' नामक एक नया राजनीतिक आंदोलन शुरू किया, जिसने यूरोपीय संसद के चुनावों में हंगरी में 30 प्रतिशत वोट हासिल किए। रविवार को हुए संसदीय चुनाव में 199 सीटों में से ​मजार की पार्टी ने 138 सीटों पर जीत हासिल की। अब उनकी पार्टी देश के संविधान में भी बदलाव ला सकती है।

पीटर मजार की पार्टी ने इन मुद्दों पर बहुमत किया हासिल

उनका चुनाव अभियान मुख्य रूप से भ्रष्टाचार, खासकर यूरोपीय संघ के अरबों यूरो के फंड के दुरुपयोग, और देश की धीमी आर्थिक वृद्धि के खिलाफ जनता के गुस्से पर आधारित था। उन्होंने यूरोपीय संघ के साथ संबंध सुधारने का वादा किया, जिसने यह आरोप लगाते हुए हंगरी के विकास फंड रोक दिए थे कि ओर्बान ने लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया है।

LGBTQ अधिकारों पर मजार ने चुप्पी ओढ़ी!

मजार ने हंगरी के जीवन स्तर और जर्जर स्वास्थ्य सेवा प्रणाली जैसे मुद्दों पर भी ध्यान केंद्रित किया। हालांकि, उन्होंने एलजीबीटीक्यू अधिकारों जैसे मुद्दों से दूरी बनाए रखी और पिछले साल बुडापेस्ट प्राइड परेड पर लगे प्रतिबंध पर चुप्पी साधे रखी। उन्होंने ओर्बान के रूस के प्रति झुकाव की आलोचना तो की, लेकिन यूक्रेन युद्ध पर खुलकर बात करने से बचते रहे।

ओर्बान ने 2022 का कैसे जीता था चुनाव?

वर्ष 2022 के आम चुनाव में ओर्बान के विरोधियों ने पीटर मार्की-ज़ाय के पीछे एकजुट होकर उन्हें सत्ता से बेदखल करने का प्रयास किया था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल पाई थी। नेपाल के बालेन शाह की तरह पीटर मार्की भी एक शहर के मेयर रह चुके थे। उनकी ख्याति एक अर्थशास्त्री के बतौर रही। वह एक रूढ़िवादी और धार्मिक व्यक्ति के तौर पर जाने जाते हैं। ओर्बान ने सत्ता के पक्ष में खड़े मीडिया तंत्र का इस्तेमाल पीटर मार्की के खिलाफ किया और उन्हें ऐसा नेता बताया जो हंगरी के लोगों को रूस के खिलाफ यूक्रेन युद्ध में भेजना चाहता है। ओर्बान को पिछले चुनाव में भारी सफलता मिली लेकिन वर्तमान चुनाव में उनकी दाल नहीं गल पाई और पीटर मजार अब देश के अगले प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।

Updated on:
13 Apr 2026 01:59 pm
Published on:
13 Apr 2026 01:59 pm