Patrika Special News

Investigation : अंदर रामलीला, बाहर जिस्म का सौदा! शहर के बीचोंबीच कैसे चल रहा देह व्यापार का खेल?

Investigation : श्रीगंगानगर के सुखाड़िया सर्किल पर रात 8 से 2 बजे तक संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। यहां वाहन रुकते ही सौदेबाजी शुरू हो जाती है। 500 से 1000 रुपए तक मांगे जाने की बात सामने आ रही है। इस बारे में युगलेश शर्मा की पढ़िए खास रिपोर्ट।
4 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 3:48 PM IST
Prostitution
श्रीगंगानगर का सुखाड़िया सर्किल (Photo: Rajasthan Patrika)

Investigation : शहर के बीचोंबीच स्थित सुखाड़िया सर्किल और रामलीला मैदान के आसपास रात होते ही एक अलग ही तस्वीर नजर आने लगती है। दिन में जहां इस इलाके में लोगों की आवाजाही रहती है, वहीं शाम ढलने के बाद यहां कुछ महिलाएं और युवतियां संदिग्ध गतिविधियों में नजर आती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जगह पर देह व्यापार का धंधा लंबे समय से चल रहा है। हैरानी यह है कि यह गतिविधियां ऐसे स्थान पर हो रही हैं, जहां से रात के समय पुलिस की गश्ती गाड़ियां भी गुजरती हैं।

स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद राजस्थान पत्रिका टीम ने रात के समय मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। इस दौरान सर्किल के आसपास कुछ महिलाएं और युवतियां वाहन चालकों से संपर्क करती नजर आईं। वाहन रुकते ही वे उनके पास पहुंचतीं और बातचीत शुरू कर देतीं। बातचीत के दौरान रकम तय करने की कोशिश होती दिखाई दी। मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, इस तरह के सौदों में 500 से 1000 रुपए तक की रकम बताई जाती है।

वाहन रुका नहीं कि शुरू हो जाती है बातचीत

रामलीला मैदान के बाहर शाम ढलने के बाद कुछ महिलाएं और युवतियां आकर खड़ी हो जाती हैं। जैसे ही कोई बाइक या कार सवार वहां रुकता है, वे उसके पास पहुंच जाती हैं। बातचीत के दौरान साथ चलने और रकम को लेकर इशारों में बात होती है। यदि सहमति बन जाती है तो संबंधित महिला या युवती वाहन में बैठकर वहां से चली जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गतिविधियां किसी एक दिन तक सीमित नहीं हैं। रात के समय इस इलाके से गुजरने वाले लोगों ने कई बार ऐसे दृश्य देखे हैं। पत्रिका टीम की पड़ताल में भी मौके पर इस तरह की गतिविधियां नजर आईं।

'जगह है तो चलो, नहीं तो पास में ही…'

पड़ताल के दौरान सामने आया कि बातचीत शुरू होने पर सबसे पहले वाहन चालक से पूछा जाता है कि उसके पास जगह है या नहीं। यदि वह जगह होने की बात कहता है तो साथ चलने की बात होती है। जगह नहीं होने पर पास के पार्क या रामलीला मैदान की तरफ जाने का विकल्प बताया जाता है। पूछताछ करने पर कुछ महिलाएं यह भरोसा दिलाती नजर आईं कि वहां कोई नहीं आएगा।

रामलीला की भीड़ के बीच भी जारी रही गतिविधियां

पिछले दिनों रामलीला मैदान में मंचन के दौरान भी मैदान के बाहर इस तरह की गतिविधियां देखी गई। उस समय मैदान में लोगों की आवाजाही और भीड़ रहती थी। इसी भीड़ के बीच यह महिलाएं और युवतियां सर्किल के आसपास खड़ी रहती थीं। उनके आसपास बाइक और कारों पर कुछ युवक भी चक्कर लगाते दिखाई देते थे। एक वाहन चालक से बातचीत नहीं बनने पर वे दूसरे वाहन चालक की ओर बढ़ जाती थीं।

पुलिस गश्त के बावजूद उठ रहे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय पुलिस की गश्ती गाड़ियां इस रास्ते से कई बार गुजरती हैं। इसके बावजूद यदि यहां ऐसी गतिविधियां जारी हैं तो निगरानी और कार्रवाई की व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

शहर का व्यस्त इलाका

सुखाड़िया सर्किल शहर का व्यस्त इलाका है। इसके आसपास रामलीला मैदान और सार्वजनिक आवागमन के स्थान हैं। ऐसे में यहां रात के समय होने वाली संदिग्ध गतिविधियां केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा और महिलाओं के संभावित शोषण से जुड़ा गंभीर सवाल भी खड़ा करती हैं। पुलिस जांच से ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस गतिविधि के पीछे कौन लोग हैं, क्या कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है और इसमें किसी तरह का दबाव या शोषण तो शामिल नहीं है।

सर्किल पर कुछ देर रुकना भी बन रहा चर्चा का कारण

सुखाड़िया सर्किल और रामलीला मैदान के आसपास रात के समय गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए यह गतिविधियां असहज स्थिति पैदा करती हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार वाहन चालक कुछ देर के लिए रुकते हैं और उनके आसपास महिलाओं तथा युवतियों की आवाजाही शुरू हो जाती है। इससे आसपास से गुजरने वाले परिवारों और राहगीरों को भी परेशानी होती है। यह इलाका शहर के बीचोंबीच है और यहां से दिनभर बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। ऐसे में रात के समय सार्वजनिक स्थान पर होने वाली इस तरह की गतिविधियां इलाके की छवि को भी प्रभावित कर रही हैं।

अकेली महिलाएं नहीं, आसपास युवकों की मौजूदगी भी सवालों में

पड़ताल के दौरान कुछ महिलाओं और युवतियों के आसपास युवकों की मौजूदगी भी नजर आई। वे उनसे बातचीत करते और वाहन चालकों की गतिविधियों पर नजर रखते दिखाई दिए। यह स्पष्ट नहीं हो सका कि ये युवक उनके परिचित हैं या इस पूरे मामले में किसी तरह की भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि, यदि इस गतिविधि के पीछे कोई संगठित गिरोह या बिचौलियों का नेटवर्क सक्रिय है तो उसकी जांच जरूरी है। पुलिस को यह भी पता लगाना चाहिए कि महिलाओं को यहां कौन लेकर आता है और सौदेबाजी में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।

सार्वजनिक जगहों पर गतिविधियों से परिवारों की परेशानी

रामलीला मैदान धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख स्थल है। यहां रामलीला के अलावा अन्य कार्यक्रमों में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। सुखाड़िया सर्किल भी शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है। ऐसे में इस इलाके में रात के समय होने वाली संदिग्ध गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता स्वाभाविक है। लोगों का सवाल है कि जब यह सब सड़क पर खुले तौर पर हो रहा है तो नियमित निगरानी के बावजूद इसे रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो पा रही है।

सिर्फ गश्त से नहीं, नियमित निगरानी से रुकेगी गतिविधि

इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए केवल गश्ती वाहन का गुजरना पर्याप्त नहीं है। पुलिस को ऐसे स्थानों की नियमित निगरानी, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की भूमिका की जांच करनी होगी। जरूरत पड़ने पर सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी रात के समय आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों का रिकॉर्ड खंगाला जा सकता है। साथ ही यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि किसी महिला को जबरन इस धंधे में धकेला तो नहीं जा रहा है।

Updated on:
18 Nov 2026, 3:48 PM IST
Published on: