State President Age: नितिन नवीन के बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते ही सबसे कम और सबसे ज्यादा उम्र के अध्यक्षों की चर्चा भी होने लगी। नितिन बीजेपी के अबतक के 12 राष्ट्रीय अध्यक्षों में सबसे युवा हैं। हमने 10 हिंदीभाषी राज्यों में कांग्रेस और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्षों की उम्र के बारे में पड़ताल की तो क्या परिणाम सामने आए, यह जानने के लिए विस्तार से पूरी खबर पढ़ें।
State President Age BJP vs Congress : भाजपा ने अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (BJP National President Nitin Nabin) को बनाया है। वह पार्टी के 12वें और अबतक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष (BJP Youngest President) हैं। वह सिर्फ 45 वर्ष के हैं। भाजपा भी 45 वर्ष की हो चुकी है। उनके अध्यक्ष बनते ही सोशल मीडिया पर यह बहस शुरू हो गई है कि कांग्रेस भी पार्टी का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष (Congress State President's Age) बनाने वक्त इस दिशा में सोचेगी? कांग्रेस के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge Age) 83 वर्ष के हो चुके हैं। इस बहस के बीच हिंदी भाषी 10 राज्यों के बीजेपी और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की उम्र कितनी है? इन राज्यों में मुख्यमंत्री की उम्र कितनी है? आइए जानते हैं।
नितिन नवीन से पहले सिर्फ अमित शाह (Amit Shah) ही हैं, जो 50 से कम उम्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। वह 49 की उम्र में पार्टी अध्यक्ष बने और उनका कार्यकाल 2014 से 2020 तक का रहा। बीजेपी में तीन बार राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का गौरव लाल कृष्ण अडवाणी (Lal Krishna Advani) को रहा। वह पहली बार 58, दूसरी बार 65 तो तीसरी बार 77 की उम्र में अध्यक्ष बने। राजनाथ सिंह को दो बार राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। पहली बार 54 तो दूसरी बार 61 वर्ष की उम्र में उन्हें यह अवसर प्राप्त हुआ। आडवाणी के बाद 70 वर्ष या उससे अधिक में दो लोगों को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का मौका मिला। जना कृष्णमूर्ति 72 तो कुशाभाऊ ठाकरे 75 की उम्र में अध्यक्ष बने।
बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ उत्तराखंड और हिमाचल में बीजेपी के सबसे उम्रदराज अध्यक्ष हिमाचल के हैं। हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के अध्यक्ष क्रमश: राजीव बिंदल और मदन राठौड़ 71 वर्ष के हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार सिर्फ 47 वर्ष के हैं, जबकि राजस्थान के कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासारा 61 वर्ष के हैं।
बिहार में भाजपा के संजय सरावगी की उम्र 56 वर्ष है, जबकि कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम की संजय से दो वर्ष कम यानी 54 वर्ष। उत्तर प्रदेश के बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी की उम्र 60 वर्ष है जबकि कांग्रेस के राज्य अध्यक्ष अजय राय की उम्र 55 वर्ष है। झारखंड में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की उम्र 61 वर्ष है जबकि कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की उम्र 60 वर्ष है।
दिल्ली में बीजेपी के अध्यक्ष 58 वर्ष के हैं। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बीजेपी अध्यक्ष के मुकाबले 5 साल छोटे यानी सिर्फ 53 के हैं। हरियाणा में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली 64 वर्ष के हैं। हरियाणा में भी कांग्रेस ने उम्र के मामले में बाजी मार ली है। यहां कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की उम्र 62 है।
उत्तराखंड के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट 54 वर्ष के हैं। उन्हें बीजेपी ने लगातार दूसरी बार राज्य का अध्यक्ष बनाया है। यहां के कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की उम्र 59 है। हिमाचल में बीजेपी के राज्य अध्यक्ष राजीव बिंदल 70 पार के हो चुके हैं। उनकी उम्र 71 वर्ष की है जबकि इसी राज्य के कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार की उम्र महज 47 साल है।
मध्य प्रदेश में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की उम्र 61 है, जबकि कांग्रेस के अध्यक्ष जीतेंद्र जीतू पटवारी सिर्फ 52 के ही हुए हैं। छत्तीसगढ़ में दोनों पार्टियों के राज्य अध्यक्षों के बीच उम्र के फासले में भी कांग्रेस ने बाजी मार ली है। इस राज्य में बीजेपी अध्यक्ष किरण सिंह देव 63 वर्ष के हैं तो कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज महज 44 के।
इन 10 हिंदीभाषी राज्यों में से सिर्फ एक दिल्ली में बीजेपी ने महिला को मुख्यमंत्री बनाया। रेखा गुप्ता की उम्र 51 वर्ष है। वैसे, दोनों ही पार्टियों ने इन 10 राज्यों में से एक में भी महिला को अध्यक्ष नहीं बनाया है।
इन 10 राज्यों में से सिर्फ हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है। हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू लगभग 60 वर्ष के हो चुके हैं। झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार है, बाकी बचे 8 राज्यों में बीजेपी या बीजेपी समर्थित सरकार है। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन अभी 50 के भी नहीं हुए हैं। वे 49 वर्ष के हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हेमंत सोरेन से सिर्फ एक वर्ष बड़े हैं। वहीं दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता झारखंड सीएम से दो और उत्तराखंड चीफ मिनिस्टर से एक वर्ष ही बड़ी हैं। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ 53 वर्ष के हैं।
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी आगामी 25 जनवरी को 56 वर्ष के हो जाएंगे। राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा 58 के हैं और छत्तीसगढ़ के विष्णु देव साय 61 के हो चुके हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री इस साल 25 मार्च को 60 वर्ष के हो जाएंगे। इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों में बिहार के सीएम नीतीश कुमार सबसे उम्रदराज है। उनकी उम्र 74 है। बिहार में एनडीए की सरकार है। नीतीश कुमार बिहार के 10वीं बार सीएम बने हैं।