
Jawaharlal Nehru Visit : राजस्थान के नागौर में नकास दरवाजे से गांधी चौक की तरफ बढ़ते ही रामपोल एरिया के ठठेरा मोहल्ले की गलियों में हथौड़ी की ठक-ठक कानों में पड़ने लगती है। संकरी गलियों में आगे बढ़ें तो हर दूसरे-तीसरे घर से आती यह आवाज किसी पुराने हुनर के जिंदा होने का अहसास कराती है। यह आवाज है उन कारीगरों की, जिनकी हथौड़ी की हर चोट पीतल और कांसे की बेजान धातु को खूबसूरत बर्तनों का आकार देती है।
दीपावली के बाद अब शादियों के सीजन के चलते ठठेरा एरिया में कहीं थाली गढ़ी जा रही है तो कहीं गिलास, कटोरी और देगची तैयार हो रही है। छोटी हथौड़ी से बर्तनों पर बारीक डिजाइन उकेरे जा रहे हैं। खास बात यह है कि यहां बर्तन बनाने के लिए मशीनों का नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चले आ रहे हाथों के हुनर का इस्तेमाल होता है। नागौर के इन कारीगरों के हाथों से तैयार बर्तन प्रदेश ही नहीं, देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचते हैं।
एक दौर था जब घरों की रसोई में पीतल, कांसे और तांबे के बर्तनों की खनक सुनाई देती थी। लेकिन समय बदला तो स्टील के बर्तनों ने रसोई में जगह बना ली। शादी-समारोहों में डिस्पोजल और प्लास्टिक के बर्तनों का चलन बढ़ा। पारंपरिक बर्तन घरों की अलमारियों में बंद हो गए। परन्तु अब इनका उपयोग शाही शान के रूप देखा जाने लगा है।
हालांकि कोरोना काल के बाद पारंपरिक जीवनशैली और खानपान को लेकर बढ़ी जागरूकता ने बाजार का रुख कुछ बदला। महंगे होने के बावजूद पीतल और कांसे के बर्तनों के प्रति लोगों की दिलचस्पी जगी है। चार-पांच वर्षों में आए इस बदलाव का असर नागौर के ठठेरा मोहल्ले में भी दिखाई देता है। कारीगरों के पास काम आने लगा है।
इन्द्रचंद कंसेरा बताते हैं कि पहले कंसेरा समाज का लगभग हर परिवार इसी काम से जुड़ा था, लेकिन अब करीब 50 परिवार ही इस पारंपरिक व्यवसाय में रह गए हैं। सालभर भले ही काम नहीं रहता, लेकिन अगस्त से दिसंबर तक दीपावली और शादी-ब्याह के सीजन में अच्छी मांग रहती है। कांसे और पीतल के बर्तनों के ऑर्डर बढ़ जाते हैं।
बर्तन बनाने का पारंपरिक तरीका आज भी नहीं बदला है। न आधुनिक मशीनें और न ही कोई बड़ी तकनीक, सिर्फ हथौड़ी, सांचे और कारीगरों का अनुभव। स्क्रैप में मिलने वाली पीतल और कांसे की धातु को भट्टी में पिघला कर लकड़ी के सांचों की मदद से धातु की बट्टियां बनाते हैं। यह मशीन भी स्थानीय कारीगरों की तैयार की हुई है। बट्टियों को हथौड़ी से पीटकर बर्तन का आकार देते है। बट्टियों से धातु की चद्दर भी बनती है। इससे छोटी कटोरी से लेकर बड़ी टोकणी तक तैयार होती है।
कारीगरों और कारोबारियों का कहना है कि टैक्स की व्यवस्था ने इस कुटीर उद्योग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। स्क्रैप पर 18 प्रतिशत और तैयार नई धातु पर 5 प्रतिशत जीएसटी का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। नियमानुसार दोनों के बीच के अंतर का इनपुट टैक्स क्रेडिट मिल सकता है, लेकिन छोटे कारीगरों के लिए यह लाभ उठा पाना आसान नहीं है।
वर्ष 1959 में 2 अक्टूबर को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू नागौर आए थे। उसका काफिला ठठेरा मोहल्ले से गुजरा तो कंसेरा परिवारों की ओर से तैयार पीतल और तांबे के बर्तनों से स्वागत द्वार आए। सोने की तरह चमकते इन बर्तनों की कारीगरी देख नेहरू रूके और त्रिलोकचंद कंसेरा के घर पहुंचे। जहां बर्तन बनाने का काम भी देखा। आज इस परिवार की तीसरी पीढ़ी के इन्द्र कंसारा कांसे की थाली, गिलास और कटोरी बनाने के हुनर को आगे बढ़ा रहे हैं।
पीढ़ियों से पीतल और कांसे के बर्तन बनाने के काम से जुड़े महेन्द्र कंसारा बताते हैं कि पारंपरिक खानपान में इन धातुओं का विशेष महत्व रहा है। पीतल के बर्तन में भोजन पकाने, कांसे के बर्तन में परोसकर खाने और तांबे के पात्र में पानी रखने की परंपरा पुरानी है। उनके दादा रामचन्द्र अक्सर बताते थे कि 'पीतल में पकाना, कांसे में खाना और तांबे में पीना, यही है निरोगी रहने का धातु मंत्र।' यही परंपरा और हुनर आज भी ठठेरा की गलियों में हथौड़ी की हर चोट के साथ जिंदा है।