
Ganeshwar Dham : हिमालय की गोद में बसे देश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में कड़कड़ाती सर्दी के बावजूद गर्म पानी के कुंड के बारे में कौन नहीं जानता? आमतौर पर इसे धार्मिक चमत्कार के रूप में देखा जाता है। लेकिन शायद कम ही लोग जानते होंगे कि ऐसा ही एक तीर्थ स्थल राजस्थान में भी स्थित है, जिसे राजस्थान का बद्रीनाथ धाम कहा जाए तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। आइये, आज आपको लिए चलते हैं, इसी तीर्थ के दर्शन कराने।
यह है राजस्थान के सीकर जिले में नीम का थाना उपखंड में स्थित गणेश्वर धाम, जहां गालव कुंड अवस्थित है। इसे गालव ऋषि के तपोस्थली के रूप में जाना जाता है। यह स्थल केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि प्रकृति के भीतर चल रही एक ऐसी भू-गर्भीय प्रक्रिया की ओर भी ध्यान खींचता है, जिसमें धरती की गहराइयों से निकलने वाला गर्म पानी सदियों से मनुष्य की जिज्ञासा और श्रद्धा का विषय बना हुआ है। जब सर्दियों में राजस्थान की धरती ठिठुरती है, तब गालव कुंड का पानी गर्म कैसे रहता है ? क्या यह केवल धार्मिक चमत्कार है या इसके पीछे कोई वैज्ञानिक पहलू है ? नीमकाथाना क्षेत्र में अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित गणेश्वर धाम में गौ मुख से कुंड में लगातार गर्म पानी की धारा प्रवाहित होती है। इसे लोक आस्था का प्रमुख तीर्थ माना जाता है।
मान्यता है कि महर्षि विश्वामित्र के शिष्य, तपस्वी और गुरु-दक्षिणा के लिए असंभव संकल्प लेने वाले गालव ऋषि ने इस स्थल पर तपस्या की थी। इसीलिए सीकर के गणेश्वर स्थित गालव कुंड को गालव गंगा के रूप में भी जाना जाता है। वे भारतीय पौराणिक परंपरा के ऐसे तपस्वी थे, जिनका उल्लेख महाभारत के उद्योग पर्व में मिलता है। उनकी पहचान गुरु के प्रति समर्पण, दृढ़ संकल्प और गुरु-दक्षिणा चुकाने के लिए किए गए असाधारण प्रयासों से जुड़ी है। सोमवती अमावस्या सहित अनेक धार्मिक अवसरों पर गालव कुंड में पवित्र स्नान की धार्मिक मान्यता है। आमतौर पर इन अवसरों पर यहां श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण मेले जैसा माहौल होता है। यहां श्रद्धालु कुंड में स्नान के बाद गणेशजी, बिहारीजी, गोपालजी, महादेव, लक्ष्मीनारायण, हनुमानजी, दुर्गा और अन्य देवी-देवताओं के मंदिरों में दर्शन करते हैं।
सीकर जिले का यह क्षेत्र न केवल श्रद्धालुओं बल्कि भू - वैज्ञानिकाें के लिए भी किसी तीर्थ से कम नहीं है। गणेश्वर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि राजस्थान की प्रागैतिहासिक सभ्यता का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां खुदाई में करीब 4,000 साल पुरानी सभ्यता के अवशेष मिले हैं। 1979 से 1988 के बीच राजस्थान सरकार के पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की ओर से किए गए अन्वेषण में यहां ताम्र युगीन सभ्यता के अवशेष, तांबे की वस्तुएं और मिट्टी के बर्तन मिले थे। इसे गणेश्वर-जोधपुरा सांस्कृतिक परंपरा के महत्वपूर्ण स्थलों में गिना जाता है।
इतिहासकार आर. सी. अग्रवाल के अनुसार खुदाई में तीर की नोक, भाले की नोक, मछली के कांटे, चूड़ियां और छेनी सहित तांबे की वस्तुएं मिलीं थी। यहां तांबे के लगभग एक हजार टुकड़े पाए गए। यहां काले चित्र गणेश्वर के साथ लाल मिट्टी के बर्तन मिले हैं। हड़प्पा को मुख्यत तांबे की वस्तुएं आपूर्ति की जाती थीं। गणेश्वर की दूरी नीम का थाना से करीब 8 किलोमीटर तथा सीकर जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर और जयपुर से 83 किलोमीटर है।
एक ओर जहां आमजन इसे धार्मिक चमत्कार के रूप में देखते हैं। वहीं हर मौसम में गर्म पानी की उपलब्धता के पीछे वैज्ञानिकों के अपने तर्क है। भू-वैज्ञानिक कहते हैं कि धरती के भीतर का तापमान सतह की तुलना में अधिक होता है। सामान्यतः गहराई में जाने पर चट्टानों का तापमान बढ़ता है। इसे भू-तापीय प्रवणता (Geothermal Gradient) कहा जाता है। जब वर्षा का पानी जमीन में प्रवेश करता है तो पहाड़ी और चट्टानी क्षेत्रों में पानी दरारों के रास्ते धरती की गहराई तक पहुंचता है।
पानी गर्म चट्टानों के संपर्क में आता है। धरती के भीतर मौजूद प्राकृतिक ताप के कारण इसका तापमान बढ़ जाता है। भूगर्भीय दरारें रास्ता बनाती हैं। भ्रंश (Faults) और चट्टानों की दरारों से गर्म पानी ऊपर की ओर आने लगता है और सतह पर गर्म जलस्रोत बन जाता है। यह पानी लगातार बाहर निकलता रहे तो वहां प्राकृतिक गर्म जलकुंड विकसित हो सकता है। इस प्रक्रिया को भू-तापीय या जियोथर्मल गतिविधि कहते हैं।
वर्ष 2003 में Journal of Volcanology and Geothermal Research में प्रकाशित एक शोध में राजस्थान और गुजरात के गर्म जलस्रोतों का रासायनिक और समस्थानिक अध्ययन किया गया था। इसमें राजस्थान के अधिकांश अध्ययन में गर्म जलस्रोतों को भूगर्भीय भ्रंशों से संबंधित पाया गया। शोध के अनुसार इनका पानी मुख्यतः वर्षा से उत्पन्न होता है, जो चट्टानों के भीतर अपेक्षाकृत कम गहराई तक जाकर गर्म होता है और भ्रंशों के रास्ते तेजी से सतह पर पहुंचता है। अध्ययन में राजस्थान के गर्म जलस्रोतों के निर्गमन तापमान को सामान्यतः 50 डिग्री सेल्सियस से कम बताया गया है।
भारत में ऐसे गर्म जलस्रोतों की एक दिलचस्प शृंखला है। हिमालय से लेकर बिहार और राजस्थान तक कई ऐसे स्थान हैं, जहां गर्म पानी के प्राकृतिक स्रोतों के आसपास धार्मिक स्थल विकसित हुए हैं। इनमें तप्त कुंड, बद्रीनाथ प्रमुख हिमालयी तीर्थ है। धार्मिक मान्यता के अनुसार यहां अग्निदेव का निवास माना जाता है। श्रद्धालु बद्रीनाथ मंदिर में दर्शन से पहले यहां स्नान करते हैं। वहीं 2025 में प्रकाशित एक वैज्ञानिक अध्ययन में यहां के प्रमुख गर्म जलस्रोत का तापमान 55.6°C दर्ज किया गया। पानी में सल्फर की विशिष्ट गंध भी पाई गई। खास बात यह है कि करीब 3,089 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस क्षेत्र में गर्म पानी का लगातार निकलना अपने आप में उल्लेखनीय है।
यह हिंदू और सिख दोनों समुदायों का प्रमुख तीर्थ है। यहां भगवान शिव-पार्वती से जुड़ी मान्यताएं प्रचलित हैं। वहीं सिख परंपरा में गुरु नानक देवजी के आगमन की स्मृति भी जुड़ी है। वैज्ञानिक पहलू के अनुसार यहां प्राकृतिक जलस्रोतों से निकलने वाला पानी इतना गर्म होता है कि उसमें कपड़े की पोटली में चावल तक पकाए जाते हैं। गर्म जलस्रोतों के आसपास गुरुद्वारा और रघुनाथजी का मंदिर स्थित है।
बिहार के इस स्थान को ब्रह्माजी से जुड़ा पवित्र कुंड माना जाता है। यहां स्नान को धार्मिक शुद्धि और आरोग्य से जोड़ा जाता है। बिहार पर्यटन विभाग के अनुसार यहां 11 गर्म जलस्रोत हैं। सबसे गर्म ब्रह्मकुंड का तापमान लगभग 45°C बताया गया है। यहां अलग-अलग जलधाराओं और कुंडों की मौजूदगी इसे विशिष्ट बनाती है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार यहां महर्षि वशिष्ठ का प्राचीन मंदिर है। स्थानीय परंपरा में गर्म जलस्रोतों को ऋषि वशिष्ठ से जोड़ा जाता है। जबकि वैज्ञानिक पहलू के अनुसार यहां के गर्म जलस्रोत सल्फरयुक्त हैं। पानी को स्नान के लिए अलग-अलग स्नानागारों तक पहुंचाया जाता है। हिमालयी क्षेत्र में प्राकृतिक गर्म जलस्रोत और प्राचीन ऋषि परंपरा का यह उल्लेखनीय संगम है।
धार्मिक मान्यता है कि माता पार्वती यहां स्नान करती थीं। यह केदारनाथ यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। जबकि वैज्ञानिक पहलू के अनुसार इस क्षेत्र में प्राकृतिक गर्म जलस्रोतों की मौजूदगी का ऐतिहासिक दस्तावेजी उल्लेख मिलता है। खास बात यह है कि यहां गर्म जलस्रोतों के साथ केदारनाथ यात्रा की धार्मिक परंपरा जुड़ी है।