
Sonam Wangchuk Wife Gitanjali J Angmo : लद्दाख के पर्यावरण एक्टिविस्ट जिनका किरदार हमें आमिर खान की फिल्म '3 अडियट्स' में रैंचो के रूप में देखने को मिला था। उनको लद्दाख में हिंसा भड़काने के आरोप में नेशनल सिक्योरिटी एक्ट के तहत गिरफ्तार करके जोधपुर (राजस्थान) जेल भेज दिया गया है। पति को रिहा कराने के लिए सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे अंगमो ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से गुहार लगाई है। साथ ही सरकार पर तीखे सवाल भी उठाए हैं।
आइए, सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे अंगमो के बारे में पढ़ाई-लिखाई से लेकर अचीवमेंट तक की कुछ खास बातें (Gitanjali J Angmo Interesting Facts) जानते हैं-
सोनम वांगचुक की पत्नी का नाम गीतांजलि जे अंगमो है। इनका जन्म एक पंजाबी परिवार में बालासोर (ओडिशा) में हुआ और पढ़ाई-लिखाई भी वहीं से की हैं। फिजिक्स विषय में ग्रेजुएशन करने के बाद एमबीए की और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की फेलो भी रहीं। इसके अलावा श्री अरविंद के दर्शन, वेदों और उपनिषदों की पढ़ाई की हैं।
गीतांजलि ना केवल पढ़ाई-लिखाई के मामले में बल्कि संगीत और अध्यात्म के क्षेत्र में भी परचम लहरा चुकी हैं। ओडिसी और रशियन बैले नृत्य, हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन और पियानो बजाना जानती हैं। गीतांजलि नियमित रूप से योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करती हैं। साथ ही वह प्रैक्टिसिंग हिंदू हैं जिसको लेकर गर्व भी करती हैं।
गीतांजलि जे अंगमो शिक्षा, संगीत व अध्यात्म के अलावा खेलकूद में भी माहिर हैं। साल 2009 में बेटे आर्यन के साथ विश्व चैंपियनशिप का खिताब जीता। साथ ही कराटे में ब्लैक बेल्ट हैं। शिक्षा और सामुदायिक विकास में अहम योगदान वुमेन ट्रांसफॉर्मिंग इंडिया अवार्ड से सम्मानित किया गया। बता दें, ये सम्मान गीतांजलि को नीति आयोग, भारत सरकार के माध्यम से प्रदान किया गया था।
बिजनेस वुमेन के रूप में भी गीतांजलि सफल रही हैं। पुषण और शंघाई पावर प्रोजेक्ट्स लिमिटेड की शुरुआत की। 'हेलिओस बुक्स', 'ओम हॉस्पिटल्स', 'ओम ट्रस्ट और लव योर लिवर फाउंडेशन' की फाउंडर हैं। साथ ही महाराष्ट्र इंटरनेशनल एजुकेशन बोर्ड (MIEB), महाराष्ट्र सरकार की सलाहकार रही हैं।
हर क्षेत्र में सफलता दर्ज कराने वाली गीतांजलि अब अपने क्लाइमेट एक्टिविस्ट पति सोनम वांगचुक को रिहा कराने की लड़ाई लड़ रही हैं।