Patrika+

ऑनलाइन डेटिंग पर मिला पार्टनर भरोसेमंद या स्कैमर्स की चाल? ऐसे करें पहचान और अपनाएं ये जरूरी ट्रिक्स

Online Dating: डिजिटल दौर में ऑनलाइन डेटिंग के जरिए प्यार और साथी की तलाश करना बेहद आसान हो गया है। ऑनलाइन डेटिंग की सुविधा काफी मददगार है, लेकिन सिर्फ एक गलत कदम भारी नुकसान पहुंचा सकता है। ऑनलाइन डेटिंग प्लेटफॉर्म (Online Dating Platform) की चमक-धमक का सहारा लेकर स्कैमर्स (Scammers) लोगों को चूना लगा रहे हैं।
4 min read
Jul 22, 2026
Online Dating Platform
ऑनलाइन डेटिंग प्लेटफॉर्म पर लोगों को चूना लगा रहे स्कैमर्स (फोटो-AI)

Online Dating Platform: आज के डिजिटल युग में पार्टनर को खोजना काफी आसान हो गया है। पॉपुलर डेटिंग ऐप Tinder, Bumble, Hinge, Bado, Woo पर पार्टनर को खोजना काफी आसान है। डेटिंग ऐप्स पर एक स्वाइप से संभावित पार्टनर मिल जाता है, लेकिन इस सुविधा के पीछे साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग की बढ़ती घटनाएं बड़ी चिंता बन गई हैं। स्कैमर्स ऑनलाइन डेटिंग प्लेटफॉर्म पर फर्जी प्रोफाइल (Fake Profile) बनाकर लोगों को चूना लगाते हैं। विशेषज्ञ चेतावनी देते हैं कि ऑनलाइन मिले व्यक्ति पर भरोसा करने से पहले सतर्कता बरतनी चाहिए।

स्कैमर्स की पहली चाल रोमांस स्कैम

डेटिंग ऐप पर लोगों को चूना लगाने के लिए स्कैमर्स फर्जी प्रोफाइल बनाते हैं। इस प्रोफाइल में आकर्षक तस्वीरें, अच्छी जॉब और लग्जरी लाइफस्टाइल दिखाते हैं। इसके बाद ठगी का जान बुना जाता है।

स्कैमर्स शुरुआत में आमतौर पर लोगों को पसंद आने वाली मीठी-मीठी बातें करते हैं और भावनात्मक जुड़ाव बनाते हैं। जब कोई व्यक्ति इस जाल में फंस जाता है तो असली खेल पैसे की मांग, मेडिकल इमरजेंसी, बिजनेस लॉस या यात्रा का बहाना बनाकर शुरू होता है।

क्रिप्टो/इन्वेस्टमेंट फ्रॉड

स्कैमर्स डेटिंग प्लेटफॉर्म पर दोस्ती करके अमीर बनने का झांसा देकर फर्जी ऐप डाउनलोड कराते हैं या किसी दूसरी साइट पर निवेश कराते हैं। भरोसा दिलाने के लिए शुरुआती चरणों में सब कुठ ठीक होता है और दूसरे पक्ष को हल्का फायदा भी दिया जाता है। इसके बाद जल्दी अमीर बनाने का लालच दिया जाता है। स्कैमर्स के जाल में फंसते ही लोगों को बड़े नुकसान का सामना करना होता है।

फोटो/वीडियो लेकर ब्लैकमेलिंग

ठगी करने के लिए स्कैमर्स लोगों की निजी जानकारी, फोटो-वीडियो आदि चुरा लेते हैं। इसके बाद फोटो-वीडियो से छेड़छाड़ करके वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग होती है। तमाम लोग इस प्रकार की ब्लैकमेलिंग का शिकार होकर नुकसान उठाते हैं।

भरोसेमंद पार्टनर की जांच कैसे करें?

वीडियो कॉल अनिवार्य: सुप्रीम कोर्ट वकील सना रईस खान जैसे विशेषज्ञ बताते हैं कि ऑनलाइन मिले व्यक्ति पर भरोसा करने से पहले सतर्कता बरतनी चाहिए। सना रईस खान के अनुसार, अगर सामने वाला बार-बार वीडियो कॉल टाल रहा है तो सतर्क हो जाएं। फर्जी प्रोफाइल अक्सर कैमरे से दूर रहते हैं।

गूगल रिवर्स इमेज सर्च (Google Reverse Image Search): प्रोफाइल फोटो चेक करें। अगर तस्वीर किसी मॉडल या अन्य जगह से ली गई है तो खतरा है।

जल्दबाजी से बचें: कुछ दिनों में ही गहरा प्यार जताना या पैसे मांगना बड़ा रेड फ्लैग है। ऑनलाइन डेटिंग सुविधाजनक है, लेकिन बिना सावधानी के इस्तेमाल भारी पड़ सकता है। थोड़ी सी समझदारी, सतर्कता और सही टिप्स अपनाकर आप प्यार की तलाश को सुरक्षित बना सकते हैं।

व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें: घर का पता, बैंक डिटेल्स, ऑफिस लोकेशन या डॉक्यूमेंट्स शुरुआती चैट में कभी शेयर न करें।

सेफ डेटिंग के लिए जरूरी टिप्सऐप के अंदर चैट रखें: पूरा भरोसा होने तक WhatsApp या अन्य प्लेटफॉर्म पर न जाएं। डेटिंग ऐप्स के ब्लॉक और रिपोर्ट फीचर का इस्तेमाल करें।

पहली मुलाकात पब्लिक जगह पर करें: कैफे या मॉल जैसी भीड़ वाली जगह चुनें। किसी दोस्त या परिवार को लोकेशन और समय की जानकारी दें। खुद का आने-जाने का इंतजाम रखें।

Gut Feeling पर भरोसा: कोई बात अजीब लगे या असहज महसूस हो तो तुरंत दूरी बना लें।

रेड फ्लैग्स: बहुत तेजी से प्यार जताना, हमेशा इमरजेंसी का बहाना, वीडियो कॉल टालना, या दबाव बनाना, ऐसी स्थिति को रेड फ्लैग्स कहा जाता है।

पर्सनल डेटा की सुरक्षा

ऑनलाइन डेटिंग प्लेटफॉर्म पर शुरुआती बातचीत में फाइनेंशियल इंफॉर्मेशन, पर्सनल डॉक्यूमेंट्स या लोकेशन डिटेल्स शेयर करने से बचें। एक बार डिजिटल दुनिया में कोई जानकारी चली गई तो उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है। ऐप्स की प्राइवेसी सेटिंग्स को मजबूत रखें और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) का इस्तेमाल करें।

भारत में लोकप्रिय डेटिंग ऐप्स

Tinder: यह दुनिया का सबसे लोकप्रिय डेटिंग ऐप है। यह स्वाइप-बेस्ड मैचिंग की सुविधा देता है। इसी साल यानी 2026 में Tinder पर Face Check वीडियो वेरिफिकेशन जैसी सुरक्षा सुविधाएं जोड़ी गई हैं। यह ऐप कैजुअल डेटिंग के लिए जाना जाता है, लेकिन फेक प्रोफाइल्स की शिकायतें सबसे ज्यादा यहीं आती हैं।

Bumble: यह ऐप भी काफी पॉपुलर है। इस ऐप पर AI-based Deception Detector फीचर करीब 95% फेक प्रोफाइल्स को पकड़ लेता है। इसका सेल्फी वेरिफिकेशन मजबूत है।

Hinge: यह ऐप गंभीर रिलेशनशिप के लिए जाना जाता है। इस पर प्रॉम्प्ट्स और विस्तृत प्रोफाइल के जरिए बेहतर मैचिंग के ऑप्शन मौजूद हैं। प्रोफाइल रिव्यू सिस्टम अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है।

भारत में Tinder, Bumble, Hinge, ऐप्स सबसे ज्यादा डाउनलोड होते हैं। इनके अलावा OkCupid, Aisle (भारतीय यूजर्स के लिए) और TrulyMadly जैसी ऐप्स भी लोकप्रिय हैं।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ?

विशेषज्ञों का कहना है कि ऑनलाइन डेटिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते समय बेहद सतर्क रहें। नए पार्टनर को समय दें और सीमाएं तय करें। जल्दबाजी में कोई निर्णय न लें। किसी भी ऑनलाइन मिले पार्टनर पर भरोसा बनाने में समय लगाएं। सही व्यक्ति आपकी सीमाओं का सम्मान करता है और बिना दबाव के रिश्ता आगे बढ़ाता है। अगर कोई दबाव बना रहा है या असहज कर रहा है तो रिश्ता आगे न बढ़ाएं।

भारत में डेटिंग ऐप यूजर्स की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण स्कैम के शिकार भी बढ़ रहे हैं। सरकारी साइबर सेल और ऐप कंपनियां सुरक्षा फीचर्स मजबूत कर रही हैं, लेकिन अंतिम जिम्मेदारी यूजर की है। असली रिश्ता जल्दबाजी में नहीं, बल्कि धैर्य और सम्मान से बनता है।

Updated on:
22 Jul 2026 11:34 pm
Published on:
22 Jul 2026 11:24 pm