
NPS Pride Disha: नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) में निवेश करने वाले करोड़ों लोगों के सामने सबसे बड़ा सवाल होता है कि आखिर कौन-सा पेंशन फंड चुना जाए। अब तक ज्यादातर निवेशक अलग-अलग पेंशन फंड के रिटर्न देखकर ही फैसला लेते थे, लेकिन केवल रिटर्न का प्रतिशत देखकर सही तुलना करना आसान नहीं होता था। इसी समस्या को दूर करने के लिए पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) ने 'NPS PRIDE DISHA' नाम का नया डिजिटल टूल लॉन्च किया है। यह एक ऑनलाइन कैलकुलेटर टूल (Pension Fund Online Comparision Tool) है। यह टूल प्रोटियन (Protean eGov Technologies) की वेबसाइट पर उपलब्ध है। यह लोगों को नेशनल पेंशन सिस्टम में सही पेंशन फंड चुनने में मदद करना है।
यह टूल निवेशकों को रिटर्न दिखाने के साथ यह भी बताता है कि यदि आपने किसी खास पेंशन फंड में नियमित निवेश किया होता तो आज आपका कुल कॉर्पस कितना होता।
PFRDA ने 14 जुलाई 2026 को एक आधिकारिक सर्कुलर जारी कर NPS PRIDE DISHA (Pension Fund Returns for Informed Decision & Empowerment) को पेश किया। इसका मकसद NPS सब्सक्राइबर्स को डेटा आधारित और बेहतर निवेश निर्णय लेने में मदद करना है।
यह टूल NPS के अलग-अलग पेंशन फंडों और निवेश विकल्पों के पुराने प्रदर्शन का विश्लेषण करता है और बताता है कि किन विकल्पों में निवेश करने पर आपका अनुभव कैसा रहता।
अब तक निवेशक आम तौर पर किसी पेंशन फंड का 1 वर्ष, 3 वर्ष या 5 वर्ष का रिटर्न देखकर फैसला लेते थे, लेकिन NPS में अधिकांश लोग हर महीने पैसा जमा करते हैं। ऐसे में सिर्फ एक निश्चित तारीख का रिटर्न वास्तविक निवेश को नहीं बता पाता था।
उदाहरण के लिए यदि दो लोग एक ही फंड में अलग-अलग समय से निवेश कर रहे हैं, तो दोनों का वास्तविक रिटर्न अलग हो सकता है। ऐसे में सामान्य रिटर्न प्रतिशत पूरी तस्वीर नहीं दिखाता। एनपीएस प्राइड दिशा इसी कमी को दूर करता है।
इस टूल की खास बात यह है कि यह XIRR (Extended Internal Rate of Return) के आधार पर रिटर्न की गणना करता है। XIRR ऐसी गणना है, जो अलग-अलग तारीखों पर किए गए निवेश को ध्यान में रखती है। चूंकि NPS में ज्यादातर लोग हर महीने योगदान करते हैं, इसलिए XIRR निवेशक के वास्तविक अनुभव को सटीक बताने वाला माना जाता है।
दो पेंशन फंड की साथ-साथ तुलना:
उपयोगकर्ता एक साथ दो पेंशन फंड चुनकर उनकी तुलना कर सकते हैं। इससे यह समझना आसान होगा कि किस फंड का प्रदर्शन बेहतर रहा है।
XIRR अपने आप निकलेगा:
पहले निवेशकों को अलग से गणना करनी पड़ती थी। अब टूल खुद ही XIRR निकाल देता है।
संभावित कॉर्पस का अनुमान:
यह दिखाता है कि नियमित निवेश के आधार पर आपका रिटायरमेंट कॉर्पस कितना बन सकता था। इससे भविष्य की वित्तीय योजना बनाना आसान हो जाता है।
बाजार से तुलना:
आप यह भी देख सकते हैं कि चुना गया पेंशन फंड बाकी योग्य पेंशन फंडों के मुकाबले कैसा प्रदर्शन कर रहा है।
वास्तविक आंकडों पर आधारित विश्लेषण:
यह टूल NAV (Net Asset Value) डेटा का उपयोग करता है। यानी तुलना वास्तविक रिकॉर्ड पर आधारित होती है, किसी अनुमान या प्रचार पर नहीं।
इसमें निवेशक को कुछ सामान्य जानकारी भरनी होती है।
इसके बाद टूल अलग-अलग फंड का विश्लेषण करके तुलना दिखाता है। साथ ही कॉर्पस, XIRR और अन्य फंडों से तुलना को भी बताता है।
PFRDA के अनुसार, यह टूल लगभग 5000 दिनों के रोजाना के NAV डेटा पर आधारित है। इसमें लगभग 1.10 लाख NAV डेटा सेट का उपयोग किया गया है और निवेशकों को लगभग 4800 तरह के निवेश जोड़ों की तुलना करने की सुविधा मिलती है।
यह टूल NPS के प्रमुख निवेश विकल्पों को सपोर्ट करता है।
यानी अलग-अलग तरीके से इन्वेस्टमेंट करने वाले निवेशक इसका उपयोग कर सकते हैं।
इसका जवाब है नहीं। यह एक अहम बात है, जिसे PFRDA ने स्पष्ट किया है। प्राइड दिशा भविष्य के रिटर्न की भविष्यवाणी नहीं करता। यह सिर्फ पुराने प्रदर्शन के आधार पर तुलना करता है। ऐसे में इसे निवेश सलाह या भविष्य की गारंटी नहीं मानना चाहिए।
PFRDA ने संकेत दिया है कि भविष्य में PRIDE DISHA में और सुविधाएं जोड़ी जाएंगी। इनमें Tier II, NPS वात्सल्य, विभिन्न स्कीमों के रिटर्न और रोलिंग और ट्रेलिंग रिटर्न जैसे विश्लेषण भी शामिल किए जाएंगे। इससे यह टूल और अधिक उपयोगी बन सकेगा।