पीलीभीत

CAA Protest: पूर्व कैबिनेट मंत्री हाजी रियाज अहमद को प्रशासन ने किया नजरबंद, देखें वीडियो

  नागरिकता संशोधन बिल (CAA) के खिलाफ समाजवादी पार्टी का आज प्रदेशव्यापी प्रदर्शन है।
2 min read
• •
Updated: 19 Dec 2019, 11:34 AM IST
 पूर्व कैबिनेट मंत्री हाजी रियाज अहमद
पूर्व कैबिनेट मंत्री हाजी रियाज अहमद

पीलीभीत। नागरिकता संशोधन बिल (CAA) के खिलाफ समाजवादी पार्टी का आज प्रदेशव्यापी प्रदर्शन है। इसी कड़ी में पीलीभीत में भी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जिला प्रशासन से अनुमति न मिलने के बावजूद नेहरू पार्क में प्रदर्शन करने की तैयारी में थे। लिहाजा प्रदर्शन को रोकने के लिए प्रशासन सुबह से ही जुट गया। इस दौरान प्रशासन ने पूर्व कैबिनेट मंत्री हाजी रियाज अहमद को उनके कार्यालय पर नजर बंद कर दिया।

जनपद में है धारा 144 लागू
जनपद में धारा 144 लागू होने के कारण धरना रोकने के लिए पीलीभीत की पुलिस ने बीती रात ही समाजवादी पार्टी के कई दिग्गज नेताओं को नोटिस जारी कर दिया था। आज सुबह सपा सरकार में पूर्व कैबिनेट मिनिस्टर रहे हाजी रियाज अहमद जैसे ही धरने में जाने के लिए अपने कार्यालय से निकले तो मौके पर मौजूद पुलिस फोर्स ने उन्हें कार्यालय पर ही नजर बंद कर दिया और धरने में जाने से रोक दिया।

हाजी रियाज बोले प्रदेश में लगा अघोषित आपातकाल
इस दौरान नजरबंद किए गए हाजी रियाज अहमद ने बयान जारी करते हुए कहा कि प्रदेश में पूरी तरीके से अघोषित आपातकाल लगा हुआ है। किसानों की गन्ने की मांगों, पराली की समस्या, मजदूरों की समस्याओं, महिला पर हो रहे अत्याचार और नागरिकता संशोधन कानून को लेकर अगर हम अपनी बात शांतिप्रिय तरीके से भी नहीं कह सकते हैं तो इससे ज्यादा आपातकाल की स्थिति क्या हो सकती है। पूर्व मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। संविधान को बदलने की कोशिश की जा रही है। संविधान को मिटाने की कोशिश की जा रही है। इन सभी कोशिशों का हम पुरजोर विरोध करेंगे। सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे। जरूरत पड़ने पर जेल भरो आंदोलन भी करेंगे। लेकिन लोकतंत्र को बचाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगे।

Published on: