ढक्का चाट का रहने हिस्ट्रीशीटर मुकेश धीमर पर 25 हजार रुपए का इनाम था। उस पर हत्या, रेप समेत कई संगीन धाराओं में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पीलीभीत। जिले के थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र जंगल में मुठभेड़ के बाद पुलिस ने कुख्यात बदमाश मुकेश धीमर को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। शुक्रवार रात को हुई मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
25 हजार का इनामी
ढक्का चाट का रहने हिस्ट्रीशीटर मुकेश धीमर पर 25 हजार रुपए का इनाम था। उस पर हत्या, रेप समेत कई संगीन धाराओं में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पिछले काफी समय से पीलीभीत पुलिस कुख्यात बदमाश मुकेश धीमर की तलाश कर रही थी।
सेहरामऊ के जंगल में हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर शाम सेहरामऊ पुलिस को मुकेश धीमर व उसके साथी कलुआ के क्षेत्र के जंगल में होने की लोकेशन मिली। जिस पर एसओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखते मुकेश व उसके साथी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई। जिसमें बदमाश मुकेश के गोली लग गयी। इसके बाद घायल हालत में इनामी मुकेश धीमर को पुलिस ने धर दबोचा।
मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी घायल
मुठभेड़ में एसआई सत्यपाल और कांस्टेबल ब्रजेश यादव भी घायल हुए हैं। बताया गया है कि पुलिसकर्मी बदमाश का पीछा करते वक्त चोटिल हुए हैं। उनको सीएचसी भेजा गया है। मुकेश धीमर का साथी कलुआ अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल के रास्ते माधोटांडा की ओर भाग गया। इसको गिरफ्तार करने के लिए पुलिस कॉम्बिंग कर रही है।
फरार बदमाश की तलाश जारी
एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि क्षेत्र में एलओ स्कीम लागू कर दी गई है। पूरे क्षेत्र को सील कराकर फरार बदमाश की तलाश की जा रही है। एसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश मुकेश धीमर पर हत्या, रेप समेत कई संगीन धाराओं में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसको जेल भेज दिया गया है।