
पीलीभीत। नगर पालिका परिषद के सभासदों ने पालिका अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सभासदों ने आरोप लगाया है कि पालिका के कार्यों में भ्रष्टाचार हो रहा है जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष भी शामिल हैं। जिला प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए सभासद सांकेतिक धरने में बैठ गए हैं। सभासदों के धरने को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने भी समर्थन दिया है।
नगर पालिका के कार्यों जांच की मांग
व्यापार मंडल पदाधिकारी से जुड़े भाजपा के सभासद जगन्नाथ अपने साथी सभासद विपिन कुमार के साथ नगर पालिका के खिलाफ नेहरू पार्क में सांकेतिक धरने में बैठे। सांकेतिक धरने में बैठे सभासदों ने नाला सफाई ठेका और नालों की तलीझाड़ सफाई की जांच कराने, अमृत योजना के तहत मिले बजट और अब तक कराए गए कार्यों की जांच, स्वच्छ भारत मिशन की रैंकिंग में पीलीभीत नगर पालिका के पिछड़ने, पालिका कार्यालय में तैनात कर्मचारियों के पटल बदलने, देवहा नदी तट पर डंप कूड़े को हटाने और स्थाई डलावघर की व्यवस्था करने और ठेका सफाई मजदूरों की जगह संविदा सफाई कर्मियों की तैनाती करने की मांग शामिल रही।
मांग नहीं मानीं गईं तो होगा अनिश्चितकालीन धरना
सभासदों के धरने को राष्ट्रीय सफाई मजदूर संघ, उप्र व्यापार प्रतिनिधि मंडल के चेयरमैन अनिल महेन्द्रू, जिलाध्यक्ष अफरोज जिलानी, प्रकाश वीर, प्रदीप कुमार, सौभर सक्सेना, संजय गुप्ता, संजय पांडेय, अभिषेक गुप्ता का समर्थन रहा। अधिवक्ता शिवम कश्यप ने भी धरने में पहुंचकर अपना समर्थन दिया। सांकेतिक धरना समाप्त करने पर सभासदों ने कहा कि अगर उनकी मांगों पर संज्ञान नहीं लिया गया तो वह 22 जुलाई से देवहा नदी तट पर छात्रावास के पास अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे।