पीलीभीत

साध्वी प्राची ने मुस्लिम महिलाओं को दी हिंदू धर्म में शादी करने की सलाह, बोली- इस्लाम में रहता है तीन तलाक और हलाला का डर

बीजेपी नेता साध्वी प्राची ने मुस्लिम लड़कियों को सलाह देते हुए कहा कि हिंदू धर्म में ना तो हलाल है और ना ही तलाक। यहां सात फेरों के बंधन में सात जन्मों का बंधन है। जिन लड़कियों को हलाला और तलाक से डर लगता है। वह हिंदू लड़कों से शादी करें।
2 min read
• •
Dec 17, 2023
Sadhvi Prachi advised Muslim women to marry in Hindu religion fear of triple talaq and halala
बीजेपी नेता साध्वी प्राची ने मुस्लिम लड़कियों को सलाह दी कि तीन तलाक और हलाला से बचने के लिए हिंदू धर्म में शादी करना शुरू कर दें।

बीजेपी नेता साध्वी प्राची हमेशा अपने विवादित बयानों से सुर्खियों में रहती है। शुक्रवार को वह अपने एक दिवसीय दौरे पर पीलीभीत पहुंची। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए मथुरा प्रकरण समेत कई मसलों पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के बाद अब मथुरा की बारी है। एएसआई सर्वे होने से वहां पर मंदिर के कई प्रमाण मिलेंगे और जल्द ही श्री कृष्णा विराजेंगे।

साध्वी ने मुस्लिम लड़कियों के हिंदू लड़कों से शादी करने के अपने बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मैंने मुस्लिम लड़कियों को सलाह दी थी, क्योंकि हिंदू धर्म में न तो हलाला है और न ही तलाक। साध्वी प्राची ने कहा कि यहां सात फेरों के बंधन में सात जन्मों का बंधन है। उन्होंने कहा कि जिन लड़कियों को हलाला और तलाक से डर लगता है, वह हिंदू लड़कों से शादी करें।

उन्होंने आगे कहा कि मैं बहुत सी लड़कियों के संपर्क में हूं, जो हिंदुओं से शादी करके बहुत खुश हैं। इसके साथ ही मुस्लिम लड़कों से शादी करने वाली हिंदू लड़कियों को भी चेताया।

मोहन यादव के सीएम बनने पर साध्वी प्राची ने दी प्रतिक्रिया
संघ से जुड़े लोगों को मुख्यमंत्री बनाने पर साध्वी प्राची ने कहा कि कुछ लोग भ्रांतियां फैलाते हैं कि भाजपा और संघ के बीच सब ठीक नहीं चल रहा है। साध्वी प्राची ने कहा कि संघ से जुड़े लोग त्यागी और तपस्वी होते हैं। उन्होंने कहा कि मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाने का असर देखने को मिलेगा और भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीटें जीतेगी।

इसके अलावा संसद की सुरक्षा में हुई चूक पर साध्वी प्राची ने कहा कि यह बेहद निंदनीय घटना है। इस घटनाक्रम को लेकर साफ तौर पर सुरक्षा में लगे लोग जिम्मेदार हैं।

Published on:
17 Dec 2023 11:10 am