पीलीभीत

आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन, सपा प्रत्याशी ने अपनाया प्रचार का ये हथकंडा

निर्वाचन आयोग के कड़े निर्देश के बाद भी राजनीतिक दल आचार संहिता का उल्लंघन करने से बाज नहीं रहे हैं।
2 min read
Nov 19, 2017
sp candidate
sp candidate

पीलीभीत। निर्वाचन आयोग के कड़े निर्देश के बाद भी राजनीतिक दल आचार संहिता का उल्लंघन करने से बाज नहीं रहे हैं। नगर पालिका परिषद पीलीभीत से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी जिला प्रशासन की आंखों में धूल झोंक कर चुनाव प्रचार कर रही हैं। इसके लिए उन्होंने नया हथकंडा अपनाया है। सपा प्रत्याशी ने ऐसे थैले बनवाए हैं, जिन पर पार्टी का चुनाव चिन्ह छपा है। सपाइयों द्वारा ये थैले शहर के सब्जी व फल विक्रेताओं में बांट दिए गए हैं। सब्जी विक्रेता इन थैलों में सब्जी रखकर ग्राहकों को दे रहे हैं। जिससे सपा प्रत्याशी का प्रचार हो रहा है।

प्रियंका कौशिक हैं सपा प्रत्याशी
पीलीभीत नगर पालिका परिषद से सपा की उम्मीदवार प्रियंका कौशिक हैं। सीट महिला होने के बाद सपा ने उनके पति के स्थान पर उन्हें टिकट दिया है। चुनाव प्रचार तो यहां सपा के अलावा भाजपा, बसपा, आम आदमी पार्टी व कुछ निर्दलीय प्रत्याशी जोरशोर से कर रहे हैं, लेकिन सपा कुछ कदम आगे चल रही है और नये-नये फार्मूले आजमा रही है।

सब्जी विक्रेताओं को बांटे ऐसे थैले
सपा प्रत्याशी ने कपड़े के थैले बनवाकर उन पर अपना प्रचार छपवाया और उन्हें कोतवाली थाना क्षेत्र में पुरानी सब्जी व फल मंडी में विक्रेताओं को बांट दिये। उनसे कहा गया कि वो इन्हीं थैलों में ग्राहकों को सब्जी व फल दें। इससे उनका मुफ्त में प्रचार तो हो ही रहा है साथ ही विक्रेता को प्लास्टिक की पन्नी खरीदनी नहीं पड़ रही है। वहीं सपा प्रत्याशी प्रचार का ये फार्मूला अपनाकर आचार संहिता का उल्लंघन भी कर रही हैं। क्योंकि सपा प्रत्याशी ने ये थैले प्रशासन की बिना अनुमति के बनवाए हैं।

ये भी पढ़ें-क्षत्रिय महासभा का ऐलान, एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण को जिंदा जलाने पर मिलेगा एक करोड़ का इनाम

Published on:
19 Nov 2017 09:04 pm