
deepika padukone in padmavati
हाथरस। फिल्म 'पद्मावती' को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। फिल्म के डायरेक्टर संजय लीला भंसाली और 'पद्मावती' का रोल अदा करने वाली एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण क्षत्रिय समाज के लोगों के निशाने पर हैं। हाथरस में राष्ट्रवादी प्रताप सेना और क्षत्रिय महासभा से जुड़े लोगों ने फिल्म पद्मावती का विरोध किया है। संगठन ने ऐलान किया है कि जो भी दीपिका पादुकोण की नाक काटकर लाएगा, उसे 20 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा।
इतिहास के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप
एक दिसंबर को रिलीज होने जा रही संजय लीला भंसाली की फ़िल्म पद्मावती पर संकट गहराता जा रहा है। फिल्म की कहानी को लेकर देशभर में प्रदर्शन किया जा रहा है। क्षत्रिय समाज के लोगों का आरोप है कि इतिहास के साथ छेड़छाड़ कर फिल्म पद्मावती बनाई गई है। अगर ये फिल्म रिलीज होती है तो लोगों ने गलत मैसेज जाएगा। इसलिए वे लोग फिल्म को बैन करने की मांग कर रहे हैं।
दीपिका पादुकोण की नाक काटने पर इनाम
हाथरस जिले के क़स्बा सादाबाद में राष्ट्रवादी प्रताप सेना और क्षत्रिय महासभा से जुड़े लोगों ने शनिवार को फिल्म पद्मावती का विरोध किया। इस मौके पर संगठन के पदाधिकारियों ने ये ऐलान किया कि जो भी एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण की नाक काटकर लाएगा उसे वे 20 लाख रुपए का इनाम देंगे। बता दें कि इससे पहले राजपूत करणी सेना दीपिका की नाक काटने की धमकी दे चुकी है।
दीपिका पादुकोण का फूंक पुतला
विरोध प्रदर्शन के दौरान इन लोगों ने नारेबाजी के बीच फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली और फिल्म में पद्मावती का अभिनय करने वाली हीरोइन दीपिका पादुकोण के पुतले फूंके। साथ ही इस फिल्म के रिलीज पर रोक लगाने की मांग की। सेना पदाधिकारियों ने कहा कि अगर यह फ़िल्म शहर के किसी भी सिनेमाघर में प्रदर्शित की गई तो अंजाम बहुत बुरा होगा। बता दें कि फिल्म पद्मावती के विरोध में राजनीतिक दल भी उतर रहे हैं। पिछले दिनों सिकंदराराऊ से भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने भी पुतला फूंक कर फिल्म विरोध किया था।
Published on:
19 Nov 2017 04:16 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
