पीलीभीत

खेत पर काम कर रहे नौ किसानों पर बाघिन ने बोला हमला, तीन की हालत गंभीर

  हमले के दौरान किसानों ने भी बचाव में बाघिन पर लाठी—डंडों से प्रहार किया था, जिससे घायल हुई बाघिन ने भी रात में दम तोड़ दिया।
2 min read
• •
Updated: 25 Jul 2019, 11:07 AM IST
demo
demo

पीलीभीत। जिले के वनरेंज दियोरिया में एक बाघिन ने 9 किसानों पर हमला कर दिया। सभी किसान अपने खेत पर काम कर रहे थे, तभी अचानक बाघिन ने एक युवक पर हमला बोल दिया। युवक को बचाने के प्रयास में लोग आगे बढ़े तो बाघिन और आक्रामक हो गई और आठ अन्य लोगों पर भी हमला बोल दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल किसानों को जिला अस्पताल इलाज के लिए लाया गया। फिलहाल डीडी नवीन खंडेलवाल मामले की जांच करा रहे हैं।

खेत पर काम करने के दौरान किया हमला
पूरनपुर थाना के मटैना के रहने वाले 21 वर्षीय श्याम मोहन अपने खेत पर काम कर रहे थे, तभी पास के खेत मे छुपी बाघिन श्याम मोहन पर झपट पड़ी। चिल्लाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग दौड़कर आए। तभी बाघिन ने आक्रामक होकर बलवीर, रामवृक्ष, रमेश, राधेश्याम, रामसरन, कमल सिंह, दीपक और लक्ष्मण पर भी हमला बोल दिया। बाघिन के हमले से सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में घायल श्याम मोहन, रामवृक्ष और बलवीर की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

भारी पुलिस बल के साथ तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे
बाघिन हमले में 9 लोगों के घायल होने की सूचना आग की तरह क्षेत्र में फैल गई। इयके बाद काफी मात्रा में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर सीओ पूरनपुर, थानाध्यक्ष पूरनपुर, एसडीम पूरनपुर, डीडी टाइगर रिजर्व नवीन खंडेलवाल के साथ तमाम वन अधिकारी मौके पर पहुंच गए। किसी तरह के हंगामे को रोकने के लिए भारी पुलिस बल को भी बुला लिया गया। काफी देर तक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने की कोशिश करते रहे।

बाघिन ने तोड़ा दम
बताया जा रहा है कि किसानों पर हमला करने वाली बाघिन ने भी बीती रात दम तोड़ दिया। सूत्रों की मानें तो जब बाघिन किसानों पर हमलावर हुई तो बचाव करने के लिए उन्होंने बाघिन पर लाठी-डंडे व बलम से हमला किया था, जिससे घायल बाघिन पास के ही खेतों में जाकर छिप गई थी। रात हो जाने के कारण वन विभाग की टीम बाघिन को पकड़ नहीं कर सकी। सुबह बाघिन के मरने की खबर मिली। फिलहाल वन विभाग अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बाघिन के शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Published on: