
पुडुचेरी। गांधी जयंती के मौके पर उप राज्यपाल किरण बेदी से हुई बहस के बाद आईएडीएमके के विधायक ने पुडुचेरी विधानसभा स्पीकर से शिकायत की है। अनबलगन ने स्पीकर से किरण बेदी के खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव लाने की मांग की है। गौरतलब है कि मंगलवार को महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर पुडुचेरी को खुले में शौच (ओडीएफ) से मुक्त राज्य घोषित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में भाषण देने के लिए विधायक मंच पर पहुंचे थे। जब भाषण दे रहे थे कि इसी बीच किसी बात को लेकर किरण बेदी उनपर नाराज हो गईं। इसपर विधायक ने भी किरण बेदी को खरी खरी सुना डाली। उप राज्यपाल किरण बेदी और एआईएडीएमके विधायक के बीच मंच पर जमकर कहासुनी हो गई। नौबत यहां तक पहुंच गई की दोनों के बीच मंच पर ही जोर जोर से बहस होने लगी। वहां मौजूद अतिथियों ने बीच बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया था। लेकिन विधायक अनबलगम ने इसकी शिकायत विधानसभा स्पीकर से कर दी।
मंच पर हुआ बवाल
बता दें कि इस पूरे मामले के बाद उप राज्यपाल किरण बेदी ने एक ट्वीट कर अपनी बात कही। इस ट्वीट में बेदी ने लिखा है कि 'एक विधायक का माइक उस वक्त बंद कर दिया गया, जब वह सम्मानित मंत्रियों की मौजूदगी में अपना भाषण संक्षिप्त करने की गुजारिश के बावजूद बोले चले जा रहे थे। उन्होंने सभी की अपील ठुकरा दी। इसके बाद वह भड़क उठे। ऐसा करते हुए मैं उन्हें पहले भी देख चुकी हूं। पुडुचेरी को ओडीएफ बनाने की दिशा में अच्छा काम करने वालों को सम्मानित करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था।’
किरण बेदी और नारायणसामी सरकार के बीच बहस
बता दें कि पुडुचेरी की उप राज्यपाल बनने के बाद किरण बेदी की नारायणसामी सरकार के बीच कई बार टकराव देखने को मिला है। सरकार की कार्यप्रणाली पर बेदी कई बार सवाल खड़े कर चुकी है।