
स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा (Photo-ANI)
Swatantra Bhardwaj Police Custody: दिल्ली के जंतर-मंतर पर मारपीट के मामले में आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर स्थित जज के आवास पर पेश किया गया, जहां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई हुई। कोर्ट ने स्वतंत्र भारद्वाज की एक दिन की पुलिस कस्टडी मंजूर की।
वहीं स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजे जाने पर निशु आजाद की ओर से पेश वकील ऋषव रंजन ने कहा कि यह बहुत हैरान करने वाली बात है। हम सभी अदालत में मौजूद थे और सुनवाई शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। बाद में हमें पता चला कि कानूनी सहायता के वकील ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यवाही में हिस्सा लिया और आरोपी को जज के आवास पर पेश किया गया।
उन्होंने आगे कहा कि इतने गंभीर अपराध में सिर्फ एक दिन की पुलिस हिरासत मांगी गई। हमें यह भी नहीं बताया गया कि कौन-कौन सी नई धाराएं जोड़ी गई हैं और एफआईआर में क्या-क्या बदलाव या अतिरिक्त बातें शामिल की गई हैं।
निशु के वकील ने कहा कि मुझे नहीं पता कि आखिर क्या छिपाया जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने अभी तक धाराओं के बारे में कोई आधिकारिक बयान भी जारी नहीं किया है।
बता दें कि शुक्रवार को पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से हिरासत में लिया था। यह कार्रवाई एक पॉडकास्ट की वायरल क्लिप के सामने आने के बाद हुई थी, जिसमें आरोपी ने एक छात्रा के पिता पर हमला करने की बात कबूली थी।
स्वतंत्र भारद्वाज पर आरोप है कि उन्होंने जंतर-मंतर पर आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान 14 वर्षीय छात्र कार्यकर्ता निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ कथित तौर पर मारपीट की थी। मामले में पुलिस की कार्रवाई उस समय तेज हुई, जब एक पॉडकास्ट इंटरव्यू की क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई। इसमें भारद्वाज ने कथित हमले का जिक्र करते हुए निशु के पिता की “खोपड़ी फोड़ने” का दावा किया था।
Updated on:
05 Sept 2026 02:55 pm
Published on:
05 Sept 2026 02:22 pm
