
नई दिल्ली। मोदी सरकार के खिलाफ चंद्रबाबू नायडू द्वारा दिल्ली में भूख हड़ताल पर बैठने के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने नायडू को एक खुला खत लिखकर उनके धरने पर से पर्दा उठा दिया है। उन्होंने खुला खत लिखकर आंध्र के सीएम पर आरोप लगाया है कि नायडू ने जनता का भरोसा तोड़ा है। वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर व्यक्तिगत हमला करके उनसे बहुत दूर जा रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने लिखा कि अब नायडू की ''छलावे की राजनीति'' समाप्त होने वाली है।
भाजपा विकास पर भरोसा करती है
उन्होंने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस और डेवलपमेंट में भरोसा करती है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आंध्र प्रदेश हमारे लिए खासा महत्व रखता है। यह इस बात से भी झलकता है कि नरेंद्र मोदी सरकार ने आंध्र प्रदेश के विकास व समृद्धि के लिए हर संभव कोशिश की है।
नायडू के रगों के कांग्रेस का खून
दरअसल, सोमवार को चंद्रबाबू नायडू दिल्ली में एक दिन की भूख हड़ताल पर बैठे थे। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार जमकर निशाना साधा। इतना ही नहीं राहुल गांधी, फारूक अब्दुल्ला, अरविंद केजरीवाल आदि नेताओं ने उनके इस मंच का लाभ उठाते हुए पीएम मोदी को निशाना बनाया। इसके जवाब में अमित शाह ने आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू के नाम 9 पन्नों का खुला खत लिखा है। अपने खत में शाह ने न सिर्फ सिलसिलेवार तरीके से चंद्रबाबू नायडू के आरोपों जवाब दिया है, बल्कि मोदी सरकार द्वारा राज्य के लिए किए गए कामों को भी गिनाया। नायडू पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि उनकी पार्टी जानती है कि नायडू की रगों में कांग्रेस का खून है, लेकिन उन्होंने कभी भी यह उम्मीद नहीं की थी कि वह झूठ बोलने में कांग्रेस से आगे निकल जाएंगे और केंद्र सरकार, मोदी और भाजपा के खिलाफ घृणा अभियान चलाएंगे।