राजनीति

आंध्र प्रदेशः विजय साईं की चेतावनी, चोरों को नहीं बख्‍शेंगे जगन मोहन रेड्डी

भ्रष्‍टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करेगी प्रदेश सरकार सीएम जगन मोहन अमरावती में विकास घोटाले की करा सकते हैं जांच चंद्रबाबू नायडू ने पैसे और पावर के दम पर किया राज
2 min read
• •
Updated: 3 Jun 2019, 4:40 PM IST
jagan

नई दिल्‍ली। आंध्र प्रदेश वाईएसआर कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता विजय साईं रेड्डी ने सोमवार को बड़ा बयान दिया है। उन्‍होंने कहा कि अब आंध्र प्रदेश में मुख्‍यमंत्री जगन मोहन रेड्डी का शासन है। उन्‍होंने स्पष्ट कर दिया है कि चोरों को बख्शा नहीं जाएगा। भ्रष्‍टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करने का साफ संकेत दिया है। अब प्रदेश सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम करेगी।

सीबीआई और आईटी को मिली हरी झंडी

वाईएसआर कांग्रेस के नेता ने कहा कि आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू ने सीबीआई पर प्रतिबंध लगा दिया था। उन्होंने आईटी छापे को रोका। उन्होंने पूर्व सीएम से पूछा है कि ईडी आंध्र में क्‍यों नहीं आ सकता है। उन्‍होंने कहा कि जगन मोहन रेड्डी की सरकार है। अब सीबीआई और ईडी को भ्रष्‍टाचारियों और चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने करने को कहा गया है। उन्‍होंने कहा कि किसी भी भ्रष्‍टाचारी को बख्‍शा नहीं जाएगा।

भ्रष्‍टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस

बता दें कि सीएम जगन मोहन रेड्डी ने चुनाव प्रचार के दौरान प्रदेश की जनता से वादा किया था कि वो आंध्र प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बना देंगे। जिन-जिन सरकारी प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार की गुंजाइश होगी वहां रिवर्स टेंडरिंग की जाएगी। साथ ही उन्‍होंने ये भी कहा था कि चुनाव जीतने के बाद चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ बदले के भावना से कोई काम नहीं करेंगे।

अमरावती घोटाले की करा सकते हैं जांच

संयुक्‍त आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम रहे राजशेखर रेड्डी के बेटे जगन मोहन ने कहा कि राज्य की नई राजधानी अमरावती के विकास में किसानों से जमीन ले ली गई। उन्हें इसका सही मुआवजा चंद्रबाबू नायडू सरकार ने नहीं दिया। जगन मोहन ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वे इस मामले की जांच कराएंगे।

कुदरत ने किया चंद्रबाबू से हिसाब बराबर

वाईएसआर कांग्रेस के नेता विजय साईं रेड्डी ने कहा कि पिछले पांच साल में चंद्रबाबू ने पैसे और पावर के दम पर वाईएसआर कांग्रेस के 23 विधायकों और 3 सांसदों को तोड़कर अपने पाले में कर लिया था। लेकिन कुदरत का इंसाफ देखिए लोकसभा और विधानसभा चुनाव में टीडीपी के 23 विधायक और 3 सांसद ही जीत सके।

Updated on:
3 Jun 2019, 4:40 PM IST
Published on: