
नई दिल्ली। सीबीआई के निदेशक आलोक वर्मा की बहाली को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरंविद केजरीवाल ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार पर देश के सभी संस्थानों और लोकतंत्र को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के निदेशक आलोक वर्मा को पद पर बहाल करने का सुप्रीम कोर्ट का आदेश 'प्रधानमंत्री पर प्रत्यक्ष दोषारोपण है।' इससे पहले कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने वर्मा की बहाली को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले से मोदी सरकार को सबक लेना चाहिए।
प्रधानमंत्री पर प्रत्यक्ष रूप से दोष लगाना
आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी प्रमुख केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि सर्वोच्च अदालत द्वारा निदेशक आलोक वर्मा को बहाल करना प्रधानमंत्री पर प्रत्यक्ष रूप से दोष लगाना है। मोदी सरकार ने हमारे देश के सभी संस्थानों और लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया है। क्या राफेल घोटाले की जांच को रोकने के लिए सीबीआई निदेशक को गैरकानूनी रूप से आधी रात को हटाया नहीं गया था जिस मामले में सीधे तौर पर प्रधानमंत्री फंसते दिख रहे थे। मंगलवार को दिन की शुरुआत में ही सर्वोच्च न्यायालय ने सीबीआई निदेशक के रूप में आलोक वर्मा को बहाल करने का आदेश दिया।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत
इससे पहले कांग्रेस नेता खड़गे ने मोदी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि हम सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि हम किसी किसी व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं हैं। मोदी सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि आज अगर वो दबाव बनाने के लिए सीबीआई का इस्तेमाल करेंगे तो कल कोई और भी ऐसा ही करेगा।