
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू राजधानी दिल्ली में एक दिवसीय अनशन पर बैठे हैं। अपने राज्य को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर वो धरने पर बैठे हैं। चंद्रबाबू नायडू के अनशन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी शामिल हुए, जहां उन्होंने नायडू के अनशन का समर्थन किया।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की तरह व्यवहार करते हैं नरेंद्र मोदी- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने मंच से भाषण भी दिया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी राज्य की सरकारों के साथ ऐसा व्यवहार करते हैं, जैसे वो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री हों। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी सिर्फ भाजपा के प्रधानमंत्री नहीं हैं, बल्कि वो पूरे देश के प्रधानमंत्री हैं।
कई बार झूठा वादा कर चुके हैं पीएम मोदी- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने चंद्रबाबू नायडू की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि हमारी सरकार और दिल्ली के लोग नायडू जी के साथ हैं, मोदी जी ने कई बार आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा किया है, लेकिन वो झूठे हैं। केजरीवाल ने कहा कि पीएम मोदी हमेशा झूठ बोलते हैं, वो तो तिरूपति में जाकर झूठ बोल चुके हैं।
केजरीवाल ने की ममता बनर्जी की तारीफ
केजरीवाल ने अपने भाषण में कहा कि अगर फिर से मोदी और अमित शाह की जोड़ी आ गई है तो ये देश नहीं बचेगा। केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तारीफ करते हुए कहा कि मैं सैल्यूट करता हूं दीदी को कि उन्होंने सीबीआई के अफसरों को राज्य से खदेड़ दिया।