अटल बिहारी वाजपेयी ने हमलावर अंदाज में कहा था कि ऐसा लगता है जैसे सरकार के खिलाफ शब्दकोश से शब्द ढूंढे गए हैं।
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का गुरुवार को निधन हो गया। वाजेपयी 93 साल के थे। वाजपेयी लंबे समय से अस्वस्थ्य थे और उनको एम्स में भर्ती कराया गया था। पिछले कुछ दिनों से उनकी हालात काफी नाजुक बताई जा रही थी, जिसके चलते उनको वेंटीलेटर पर रखा गया था। ऐसे में उनसे जुड़े तमाम किस्से सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक वाकया साल 2003 का है। जब वह लोकसभा में भाषण दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष सोनिया गांधी से भारी नाराजगी दिखाई थी। दरअसल, सोनिया गांधी ने अपने एक भाषण में राजग सरकार के खिलाफ जिन शब्दों का इस्तेमाल किया था वह वाजपेयी को चुभ गई थी।
लोकसभा में भाषण के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी ने सोनिया गांधी से मुखातिब होते कहा था कि आपने एक ही वाक्य में सरकार के लिए अक्षम, असंवेदनशील, गैर जिम्मेदार और भ्रटतम जैसे शब्दों का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक क्षेत्र में जो आपके साथ कंधा से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं उनके बारे में आपका ये विचार हैं। अगर विचार धारा या दलगत मतभेद तो मतभेद प्रकट करने का ये तरीका है। वाजपेयी ने हमलावर अंदाज में कहा था कि ऐसा लगता है जैसे सरकार के खिलाफ शब्दकोश से शब्द ढूंढे गए हैं। वाजपेयी ने सोनिया को नसीहत देते हुए कहा था कि भारत में ऐसे शब्दों से अपने राजनीतिक विरोधियों पर हमला करने की सभ्यता कभी नहीं रही है।
आपको बता दें कि वाजपेयी ग्वालियर में जन्मे थे। इसके बाद वे बाल्यावस्था में आगरा के बटेश्वर चले आए थे, यहां पर वे क्लास 5 तक पढ़े। वाजपेयी जब यहां से लौटे तब उनकी उम्र 15 साल थी। 1930 में यमुना के किनारे बटेश्वर में वाजपेयी के परिवार से जुड़े 60 परिवार रहते थे।