कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी किसानों के भारत बंद के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने किसान आंदोलन को अहिंसक सत्याग्रह करार दिया है। बता दें कि देशभर में किसानों के भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है।
नई दिल्ली। तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर किसान बीते कई महीनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके चलते ही संयुक्त किसान मोर्चा ने आज भारत बंद का ऐलान किया है। किसानों के इस बंद का असर देशभर में दिख रहा है। खास बात यह है कई पार्टियों ने भी इस भारत बंद का समर्थन किया है। वहीं अब किसानों को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भी समर्थन मिल गया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर भारत बंद का समर्थन करते हुए इसे अहिंसक सत्याग्रह करार दिया है।
किसान आंदोलन को बताया अहिंसक सत्याग्रह
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि किसानों का अहिंसक सत्याग्रह आज भी अखंड है, लेकिन शोषण कार सरकार को ये नहीं पसंद है इसलिए आज भारत बंद है। बता दें कि राहुल गांधी कृषि कानूनों को लेकर शुरूआत से ही सरकार को घेरते रहे हैं। यही नहीं उन्होंने तीनों नए कृषि कानूनों को काला कानून करार दिया।
बता दें कि हाल ही में राहुल गांधी ने कहा था कि मोदी सरकार सिर्फ अपने मित्रों (अडानी और अंबानी) के हित में फैसला लेती है। कृषि कानूनों का भी सीधा फायदा देश के बड़े व्यापारियों को ही मिलेगा। मोदी सरकार अपने मित्रों के साथ ही जबकि मैं इस देश का साथ हूं और हमेशा इस देश के साथ ही रहूंगा।
गौरतलब है कि भारत बंद का असर देश के हर राज्य में देखने को मिल रहा है। इसके चलते दिल्ली बॉर्डर पर भंयकर जाम देखने को मिल रहा है। वहीं किसानों ने बिहार में महात्मा गांधी सेतु पर जाम लगा दिया है। इसके साथ ही पंजाब के जालंधर-दिल्ली हाईवे और लुधियाना-दिल्ली हाईवे को जाम कर दिया है। भारत बंद से देश में यातायात वाहन और रेलवे सेवा भी प्रभावित है।