राजनीति

Bharat Band: किसानों के समर्थन में लालू और तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला, कहा- शर्म नहीं आती क्या ?

Bharat Band. कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने आज भारत बंद का ऐलान किया है। देश की राजनीतिक पार्टियां भी इसका समर्थन कर रही हैं। किसानों के बंद का समर्थन करते हुए लालू यादव और तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

2 min read
Sep 27, 2021
Bharat Band, lalu yadav and tejashwi in Support of farmer

नई दिल्ली। Bharat Band. बीते कई महीनों से कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे किसानों ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। वहीं देशभर की तमाम राजनीतिक पार्टियां किसानों के इस बंद का समर्थन कर रही हैं। राजधानी दिल्ली, पंजाब, बिहार समेत कई राज्यों में इसका असर भी देखने को मिल रहा है। इसके चलते सड़कों पर लंबा जाम लगा है, वहीं रेलवे सेवा भी प्रभावित हुई है। अब बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस बंद में किसानों का समर्थन किया है।

राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है, जो कृषिकों के परिश्रम से ताकत पाकर बड़ा बना है। यह मुट्ठीभर पूंजीपतियों का क्रोनी कैपिटलिज्म प्रधान देश नहीं। घोर पूंजीवाद समस्त धन को मुट्ठीभर लोगों की झोली में डालता है जबकि किसान सबके लिए अन्न पैदा करता है। इसके साथ ही लालू प्रसाद यादव ने किसानों के इस बंद में अपना समर्थन दिया है।

इसके साथ ही बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार पर फिर निशाना साधा है। तेजस्वी यादव ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जो देश की रीढ़ हैं उन्हें गरीब रखकर क्या देश कभी समृद्ध, सक्षम, सबल बन पाएगा। देश के नेता जिस मुंह से अन्नदाताओं का उगाया अन्न खाते हैं उसी मुंह से फंडदाताओं के फ़ायदे के लिए देश के किसानों के विरुद्ध दुष्प्रचार करते, अपशब्द कहते लज्जा नहीं आती।

गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई दिग्गजों ने किसानों के इस बंद का समर्थन किया है। राहुल गांधी ने किसान आंदोलन को अहिंसक सत्याग्रह करार दिया। उन्होंने कहा कि शोषणकारी सरकार को बिल्कुल पसंद नहीं कि कोई अपने हक के लिए आवाज उठाए। यही वजह है कि किसानों को भारत बंद करना पड़ा और मैं किसानों के इस बंद के साथ हूं।

Published on:
27 Sept 2021 03:01 pm
Also Read
View All