राम माधव ने दी अपने पुराने इंटरव्यू पर सफाई। उस इंटरव्यू में कथितरूप से भाजपा को पूर्ण बहुमत न मिलने की बात कही थी। अब बोले कि पार्टी पूर्ण बहुमत से बनाएगी सरकार, देश में मोदी लहर।
नई दिल्ली।लोकसभा चुनाव में हो रहे तमाम आरोप-प्रत्यारोप के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के महासचिव राम माधव के बहुमत न मिलने वाले कथित बयान ने राजनीतिक पारा बढ़ा दिया था। लेकिन अब एक अन्य चैनल को दिए इंटरव्यू में राम माधव ने कहा कि उनकी बातों को तोड़ा गया ताकि हेडलाइन बन सके। माधव ने बताया कि समूचे देश में मोदी लहर है, इसका पूरी तरह से फायदा भाजपा को मिलेगा और पार्टी फिर जीतने जा रही है।
राम माधव ने कहा कि उनके पहले इंटरव्यू के दौरान बातों को तोड़ा गया। माधव के मुताबिक पार्टी मोदी जी के नेतृत्व में सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि वे पहले से बेहतर जीत हासिल करेंगे। पूरब में मोदी जी को जिस प्रकार का समर्थन मिला है, उस हिसाब से कहा जा सकता है कि वहां भी पहले से ज्यादा सीटें मिलेंगी। नागरिकता बिल के चलते भी चुनावी फायदा मिलेगा। 23 मई के बाद राम माधव कहां पर होंगे, इस पर उन्होंने कहा कि वह भाजपा में ही हैं और भाजपा में ही रहेंगे।
माधव की मानें तो तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री देश में किंगमेकर बनने का सपना देखते हैं। उनके लिए कहूंगा कि हमें किंगमेकर की जरूरत क्यों पड़ेगी जब हमारे पास किंग है। हम अपने दम पर सरकार बनाएंगे और किसी दल की जरूरत नहीं होगी।
राम मंदिर के मुद्दे पर राम माधव का कहना है कि भाजपा शुरुआत से ही मंदिर बनाने के पक्ष में है, लेकिन यह मामला सुप्रीम कोर्ट में है। अदालत जल्द इस मामले पर सुनवाई करेगी। सरकार जमीन वापसी के लिए सुप्रीम कोर्ट में गई है और जिस दिन अदालत राम मंदिर निर्माण की अनुमति देगी, उस दिन से ही निर्माण शुरू हो जाएगा।
वहीं, पश्चिम बंगाल में राम माधव ने ध्रुवीकरण की बात को मानते हुए कहा कि वहां पर ममता बनर्जी की तानाशाही चलती है। हालांकि भाजपा का वहां पर विकास आधारित लक्ष्य है। भाजपा के विकास आधारित लक्ष्य और ममता की तानाशाही के बीच ध्रुवीकरण है। ममता ने न तो पीएम मोदी के फोन का उत्तर दिया और ना ही समीक्षा बैठक की। इससे साफ जाहिर है कि वह इस पर भी सियासत कर रही हैं।
पीएम मोदी के राजीव गांधी पर दिए बयान को लेकर राम माधव ने कहा कि जब झूठे आतंक को लेकर कांग्रेस प्रचार कर सकती है, तो क्या भाजपा बोफोर्स घोटाले की बात का प्रचार नहीं कर सकती? चुनाव में जब भी पार्टी कांग्रेस के घोटालों का जिक्र करती है तो बिना बोफोर्स का नाम लिए यह कैसे हो सकता है?
Indian Politics जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..
Lok sabha election Result 2019 से जुड़ी ताज़ातरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download patrika Hindi News App.