24 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Maharashtra / Mumbai / रोहित पवार क्या शरद पवार का साथ छोड़ेंगे? अनिल देशमुख ने अटकलों पर लगाया विराम, बोले- अलग रुख नहीं अपनाएंगे

रोहित पवार क्या शरद पवार का साथ छोड़ेंगे? अनिल देशमुख ने अटकलों पर लगाया विराम, बोले- अलग रुख नहीं अपनाएंगे

Rohit Pawar: नागपुर में ‘न्याय अधिकार ट्रैक्टर मार्च’ को लेकर शरद पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस के भीतर सियासी घमासान तेज हो गया है। रोहित पवार के पार्टी में अकेले पड़ने और शरद पवार गुट के एनडीए में शामिल होने की अटकलों के बीच पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख ने बड़ा बयान दिया है।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Dinesh Dubey

•

Updated: 24 Nov 2026, 7:55 PM IST

Rohit Pawar Tractor March

शरद पवार और रोहित पवार (Photo: IANS/File)

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के भीतर सबकुछ ठीक नहीं होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। विधायक रोहित पवार के नागपुर में निकाले जाने वाले ‘न्याय अधिकार ट्रैक्टर मार्च’ को लेकर पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को शामिल नहीं होने का कथित निर्देश दिए जाने के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं। चर्चा है कि अगर शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी एनडीए के साथ सत्ता में शामिल होती है, तो रोहित पवार कोई अलग सियासी रुख अपना सकते हैं। हालांकि, पार्टी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख ने इन अटकलों को खारिज किया है।

अनिल देशमुख ने मंगलवार को नागपुर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रोहित पवार कोई अलग रुख नहीं अपनाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा, "रोहित पवार शरद पवार के शब्दों से आगे नहीं जाएंगे। इसलिए उनके अलग भूमिका लेने का सवाल ही नहीं उठता।"

'उन्हें स्वतंत्र रूप से काम करने की आजादी है'

इससे प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने साफ कहा था कि रोहित पवार के किसान आंदोलन का पार्टी में कोई विरोध नहीं है। यदि रोहित पवार पार्टी नेतृत्व के साथ चर्चा कर आंदोलन करते हैं, तो पार्टी के सभी नेता उनके साथ खड़े होंगे।

सतारा में पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह शरद पवार की पार्टी है और पार्टी से जुड़े किसी भी फैसले पर सामूहिक चर्चा होनी चाहिए। फिलहाल रोहित पवार का ट्रैक्टर मार्च सूखे और पानी की किल्लत के कारण टैंकरों से होने वाली जलापूर्ति के मुद्दे पर केंद्रित है। लेकिन यदि इसमें विदर्भ और मराठवाड़ा के किसानों की अन्य समस्याओं को भी शामिल किया जाता है, तो आंदोलन का दायरा और ताकत बढ़ सकती है।

उन्होंने कहा, ''रोहित पवार शरद पवार और हम सभी से चर्चा करके पार्टी के झंडे और चुनाव चिह्न के साथ मोर्चा निकालते हैं, तो पार्टी के सभी नेता 100 प्रतिशत उनके साथ आंदोलन में उतरेंगे।'' शिंदे ने रोहित पवार को राज्य सरकार के साथ बातचीत करने की भी सलाह दी। 

26 नवंबर की बैठक में रोहित पवार के मोर्चे पर होगी चर्चा

अनिल देशमुख ने कहा कि मतदाता क्षेत्रों के परिसीमन (Delimitation) के मुद्दे पर उनकी पार्टी ने अपनी शर्तों के आधार पर समर्थन दिया है। पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले पहले ही स्पष्ट कर चुकी हैं कि 50 प्रतिशत सीटों की संख्या बढ़ाने का काम समान अनुपात में किया जाएगा, इसलिए इस विधेयक का समर्थन किया गया है।

उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को राष्ट्रवादी कांग्रेस के सभी जिला अध्यक्षों की सूखे की स्थिति को लेकर बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में रोहित पवार के ट्रैक्टर मार्च को लेकर भी चर्चा की जाएगी।

बीजेपी नेता का दावा- 'पार्टी में फूट के डर से कतरे गए पंख'

दूसरी ओर, बीजेपी नेता परिणय फुके ने रोहित पवार को लेकर शरद पवार गुट पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी में रोहित पवार के राजनीतिक पर कतरने की कोशिश की जा रही है।

फुके के मुताबिक, रोहित पवार अपनी ही पार्टी से आगे निकलने की कोशिश कर रहे हैं। शरद पवार और सुप्रिया सुले को आशंका है कि कहीं पार्टी में एक बार फिर फूट न पड़ जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि रोहित पवार खुद को सबसे बड़ा नेता साबित करने के लिए अलग-अलग मुद्दों पर लगातार बयान देते रहते हैं।

उन्होंने कहा कि कभी अजित पवार के विमान हादसे का मुद्दा उठाया जाता है, तो कभी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर आरोप लगाए जाते हैं। इसके अलावा एमपीएससी जैसे मुद्दों पर भी रोहित पवार मीडिया में अपनी मौजूदगी बनाए रखने की कोशिश करते हैं। फुके ने दावा किया कि पार्टी के नेताओं ने उन्हें उनकी राजनीतिक हैसियत दिखा दी है।

आखिर क्यों रोहित पवार के पार्टी में अलग-थलग पड़ने की चर्चा?

दरअसल, पिछले कुछ समय से महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चा है कि शरद पवार गुट एनडीए के करीब जा सकता है। राजनीतिक गलियारों में यह भी अटकलें हैं कि लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन विधेयक को समर्थन देने के बदले शरद पवार गुट को महाराष्ट्र में दो मंत्री पद और केंद्र सरकार में एक मंत्री पद मिल सकता है। हालांकि, इस संभावित राजनीतिक समझौते को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इसी बीच रोहित पवार लगातार सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते रहे हैं। परिसीमन विधेयक का विरोध करने के साथ ही उन्होंने अजित पवार के विमान हादसे को लेकर भी लगातार सवाल उठाए और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर गंभीर आरोप लगाए।

पार्टी के भीतर रोहित पवार को पहले की तुलना में कम महत्व दिए जाने की भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि सरकार के खिलाफ विभिन्न मुद्दों पर उनके आक्रामक रुख से सुप्रिया सुले भी नाराज हैं।

रोहित पवार के करीबियों से भी छीनी जिम्मेदारी!

रोहित पवार के साथ सक्रिय रहने वाले विकास लवांडे, राज राजापूरकर, सुनील माने और रवि वरपे जैसे नेता मीडिया के सामने उनकी भूमिका रखते रहे हैं। बताया जाता है कि पार्टी ने इन नेताओं से प्रवक्ता की जिम्मेदारी वापस ले ली है।

इसके अलावा रोहित पवार को फ्रंटल सेल का प्रमुख बनाया गया था। लेकिन पिछले पांच-छह महीनों में किसी भी फ्रंटल सेल प्रमुख ने उनसे मुलाकात नहीं की और न ही संगठन से जुड़ी गतिविधियों की रिपोर्ट उन्हें सौंपी गई।

इतना ही नहीं, रोहित पवार के समकक्ष एक और पद तैयार कर सुनील गव्हाणे को जिम्मेदारी दी गई। उन्हें सभी फ्रंटल सेल प्रमुखों के कामकाज की समीक्षा करने का अधिकार दिया गया। इन घटनाक्रमों के बाद ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हुई कि शरद पवार गुट में रोहित पवार का प्रभाव कम किया जा रहा है। ऐसे में अब सभी की नजरें 26 नवंबर को होने वाली पार्टी की बैठक पर टिकी हैं।