24 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Maharashtra / Mumbai / रोहित पवार के आंदोलन पर शरद गुट ने साफ की तस्वीर, NCP के झंडे और चिह्न को लेकर कही बड़ी बात

रोहित पवार के आंदोलन पर शरद गुट ने साफ की तस्वीर, NCP के झंडे और चिह्न को लेकर कही बड़ी बात

Rohit Pawar Farmer Protest: एनसीपी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार के किसान आंदोलन को लेकर पार्टी के भीतर विरोध होने की चर्चाओं पर प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने बड़ा बयान दिया है। शिंदे ने स्पष्ट किया कि रोहित पवार के आंदोलन का पार्टी के भीतर कोई विरोध नहीं है, लेकिन चर्चा होनी चाहिए।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Dinesh Dubey

•

Updated: 24 Nov 2026, 10:06 AM IST

Rohit Pawar Tractor March

रोहित पवार (Photo: IANS/File)

Maharashtra Politics: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार के किसान आंदोलन को लेकर पार्टी के भीतर मतभेद की खबरों का प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने खंडन किया है। उन्होंने साफ कहा कि रोहित पवार के किसान आंदोलन का पार्टी में कोई विरोध नहीं है। यदि रोहित पवार पार्टी नेतृत्व के साथ चर्चा कर आंदोलन करते हैं, तो पार्टी के सभी नेता उनके साथ खड़े होंगे।

'बैठक में आने के संदेश का किसी ने गलत मतलब निकाल लिया'

रोहित पवार के आंदोलन का पार्टी के भीतर विरोध होने की खबरों को खारिज करते हुए शशिकांत शिंदे ने कहा कि पार्टी के नेताओं को ऐसा कोई निर्देश नहीं दिया गया है कि वे रोहित पवार के आंदोलन में शामिल न हों। 26 तारीख को होने वाली बैठक में उपस्थित रहने का संदेश दिया गया था, लेकिन किसी ने इस संदेश का गलत मतलब निकाल लिया।

उन्होंने कहा कि इससे पहले भी जब रोहित पवार ने नासिक सहित राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आंदोलन किए थे, तब खुद शरद पवार, सुप्रिया सुले और पार्टी के सभी प्रमुख नेता उनके साथ खड़े रहे थे। पार्टी ने हमेशा उनके आंदोलन का समर्थन किया है।

'उन्हें स्वतंत्र रूप से काम करने की आजादी है'

सतारा में मीडिया से बातचीत करते हुए शशिकांत शिंदे ने कहा कि यह शरद पवार की पार्टी है और पार्टी से जुड़े किसी भी फैसले पर सामूहिक चर्चा होनी चाहिए। फिलहाल रोहित पवार का ट्रैक्टर मार्च सूखे और पानी की किल्लत के कारण टैंकरों से होने वाली जलापूर्ति के मुद्दे पर केंद्रित है। लेकिन यदि इसमें विदर्भ और मराठवाड़ा के किसानों की अन्य समस्याओं को भी शामिल किया जाता है, तो आंदोलन का दायरा और ताकत बढ़ सकती है।

उन्होंने कहा, ''रोहित पवार शरद पवार और हम सभी से चर्चा करके पार्टी के झंडे और चुनाव चिह्न के साथ मोर्चा निकालते हैं, तो पार्टी के सभी नेता 100 प्रतिशत उनके साथ आंदोलन में उतरेंगे।''

शिंदे ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी के झंडे और चिह्न के बिना आंदोलन करने का फैसला रोहित पवार का व्यक्तिगत निर्णय है। उन्हें स्वतंत्र रूप से काम करने की पूरी आजादी है और पार्टी की ओर से उन पर कोई पाबंदी नहीं है।

सरकार ने बातचीत की दी सलाह

शरद गुट के नेता शशिकांत शिंदे ने रोहित पवार को राज्य सरकार के साथ बातचीत करने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने समिति के प्रमुख के तौर पर आंदोलन के मुद्दे पर चर्चा के लिए निमंत्रण दिया है, तो सरकार के साथ बातचीत करने में कोई हर्ज नहीं है।

रोहित पवार को बैठक में जाकर किसानों की मांगें सरकार के सामने रखनी चाहिए। यदि सरकार इन मांगों को पूरा करने के लिए तैयार होती है, तो आंदोलन को लेकर दोबारा विचार किया जाना चाहिए।

4 से 9 दिसंबर तक निकलेगा रोहित पवार का ट्रैक्टर मार्च

गौरतलब है कि कर्जत से विधायक रोहित पवार ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 4 से 9 दिसंबर तक 'न्याय अधिकार ट्रैक्टर मार्च' निकालने की घोषणा की है। इस मार्च की शुरुआत बुलढाणा जिले के शेगांव से होगी और यह नागपुर स्थित विधान भवन तक पहुंचेगा।

इस आंदोलन के जरिए सूखा प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने, किसानों और खेत मजदूरों की समस्याओं का समाधान करने तथा कर्ज वसूली पर रोक लगाने जैसी मांगें उठाई जाएंगी।