24 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Maharashtra / Mumbai / मुंबई जा रही दुरंतो एक्सप्रेस पर नागपुर में पथराव, A2 कोच का शीशा टूटा, जांच में जुटी रेलवे पुलिस

मुंबई जा रही दुरंतो एक्सप्रेस पर नागपुर में पथराव, A2 कोच का शीशा टूटा, जांच में जुटी रेलवे पुलिस

Duronto Express Stone Pelting: नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर अजनी के पास पथराव हुआ। ए-2 एसी कोच की खिड़की का बाहरी कांच टूटा, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित रहे।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Dinesh Dubey

•

Updated: 24 Nov 2026, 9:22 AM IST

Nagpur Mumbai Duronto Express news

नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव (Photo: IANS/File)

Nagpur Mumbai Duronto Express Stone Pelting: नागपुर से मुंबई आ रही दुरंतो एक्सप्रेस पर एक बार फिर पथराव की घटना सामने आई है। नागपुर के अजनी रेलवे स्टेशन के आगे मनीष नगर के पास अज्ञात व्यक्ति ने चलती ट्रेन को निशाना बनाते हुए पत्थर फेंके। इससे ए-2 एसी कोच की खिड़की का बाहरी कांच टूट गया। हालांकि, खिड़की का अंदरूनी कांच सुरक्षित रहने से यात्रियों को कोई चोट नहीं आई।

मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) के अनुसार, यह घटना 23 नवंबर की रात करीब 8:10 बजे हुई। नागपुर से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) जाने वाली 12290 नागपुर-सीएसएमटी दुरंतो एक्सप्रेस सोमवार शाम 7:50 बजे नागपुर जंक्शन से रवाना हुई थी। अजनी रेलवे स्टेशन पार करने के बाद मनीष नगर के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन पर पथराव कर दिया।

A-2 कोच की खिड़की का बाहरी कांच टूटा

पथराव के दौरान ए-2 वातानुकूलित कोच में सीट नंबर 13, 14, 15 और 16 के पास स्थित खिड़की पर पत्थर लगा। इससे खिड़की का बाहरी कांच टूट गया। अचानक हुई इस घटना से कोच में बैठे यात्रियों में घबराहट का माहौल बन गया।

हालांकि, राहत की बात यह रही कि खिड़की का अंदरूनी कांच नहीं टूटा। एसी कोच की खिड़कियों में सुरक्षा के लिए दोहरी कांच की परत होती है। बाहरी कांच टूटने के बावजूद अंदरूनी परत सुरक्षित रहने से पत्थर के टुकड़े कोच के भीतर नहीं पहुंचे और किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।

वर्धा स्टेशन के पास की गई अस्थायी मरम्मत

मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के PRO ने बताया कि पथराव के बावजूद दुरंतो एक्सप्रेस का परिचालन बाधित नहीं हुआ और ट्रेन आगे की यात्रा पर रवाना हो गई। खिड़की के क्षतिग्रस्त हिस्से की अस्थायी मरम्मत वर्धा रेलवे स्टेशन के पास की गई।

फिलहाल पथराव करने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है और रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है। चलती ट्रेन पर पत्थर फेंकने की इस घटना ने एक बार फिर रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पहले भी दुरंतो एक्सप्रेस पर हो चुका है पथराव

गौरतलब है कि नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर इससे पहले भी पथराव की घटना हो चुकी है। 25 सितंबर को नागपुर से मुंबई जा रही दुरंतो एक्सप्रेस पर बोरखेड़ी रेलवे स्टेशन के पास पत्थर फेंके गए थे। जांच में सामने आया था कि पत्नी के साथ हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने चलती ट्रेन पर पथराव किया था। उस घटना में भी ट्रेन के एसी कोच को नुकसान पहुंचा था।