राजनीति

नमो ऐप के जरिए भाजपा ने शुरू की 2019 की तैयारी, उम्मीदवार खड़े करने के लिए मांगी जनता से राय

ऐसा कहा जा रहा है बीजेपी हाईकमान 2019 जनवरी तक सभी उम्मीदवारों के नाम तय कर लेना चाहता है।
2 min read
Jul 04, 2018
Modi And Shah
Modi And Shah

नई दिल्ली। 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं, जहां एक तरफ भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह राष्ट्रव्यापी दौरे पर हैं तो वहीं नमो एप के जरिए बुधवार को उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को शुरू किया गया। दरअसल, बीजेपी ने नमो एप के जरिए लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन का काम शुरू करते हुए नमो एप पर विधायकों एवं सांसदों के कामकाज पर जनता से सीधे राय मांगी है। इसके साथ ही निर्वाचन क्षेत्रों में वैकल्पिक उम्मीदवारों के नाम एवं उनके कामकाज के बारे में भी प्रतिक्रिया मांगी गई है।

सर्वे में पूछे गए हैं ये सवाल
इस सर्वे के जरिए लोगों से पूछा गया है कि वो अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र एवं लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के 3 सबसे लोकप्रिय नेताओं के नाम बताएं। इन नेताओं की ईमानदारी, लोगों तक पहुंच, विनम्रता, युवाओं तक पहुंच एवं लोकप्रियता तथा जनता की समस्याओं को दूर करने के बारे में उनकी पहल के बारे में भी राय मांगी गई है। माना जा रहा है कि भाजपा हाईकमान जनवरी 2019 तक सभी उम्मीदवारों के नाम तय करने पर विचार कर रही है। इस बीच दो सर्वे कराए जाएंगे। सर्वेक्षण में लोगों से राज्य में भाजपा के तीन सबसे लोकप्रिय नेताओं के नाम एवं उनकी लोकप्रियता के बारे में जानकारी मांगी गई है।

बुनियादी ढांचो के आधार पर भी पूछे गए हैं सवाल
नमो ऐप के जरिए लोगों से निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े सवाल भी पूछे गए हैं। मिसाल के तौर पर आप अपने निर्वाचन क्षेत्र में मौजूदा सुविधाओं और बुनियादी ढांचा की स्थिति से खुश हैं ? इन सुविधाओं में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, कानून व्यवस्था और स्वच्छता शामिल है. इस सर्वेक्षण में तीन सबसे लोकप्रिय योजनाओं के बारे में पूछा गया है. इसके बाद सवाल पूछा गया है कि क्या आप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कोई सुझाव देना चाहेंगे ?

इन मुद्दों पर तय होगा उम्मीदवार का नाम
नमो एप पर इस सर्वे में किफायती स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर रोजगार के मौके, ग्रामीण विद्युतीकरण और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष, स्वच्छ भारत से सड़क निर्माण, किसानों के कल्याण से लेकर हवाई मार्ग सम्पर्क, गरीब एवं वंचितों का उत्थान से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा से लेकर अर्थव्यवस्था जैसे विषयों पर लोगों से राय मांगी गई है।

Published on:
04 Jul 2018 04:14 pm