
नई दिल्ली। अगले माह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। 17 सितंबर को आयोजित होने वाले पीएम मोदी के जन्मदिन पर भारतीय जनता पार्टी ने एक योजना बनाई है। भाजपा मध्य सितंबर में पीएम के जन्मदिन पर 'सेवा सप्ताह' का आयोजन करेगी।
भाजपा इसके लिए देशभर में 14 से 20 सितंबर तक सेवा सप्ताह अभियान आयोजित करेगी। इस अभियान के अंतर्गत स्वच्छता और समाज सेवा से जुड़े तमाम कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए भाजपा ने एक केंद्रीय समिति का गठन किया है। इसमें पार्टी के नेता अविनाश राय खन्ना को संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और राष्ट्रीय सचिव सुधा यादव व सुनील देवधर को भी समिति का संयोजक बनाया गया है।
सेवा सप्ताह अभियान के अंतर्गत भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर और नेत्र जांच शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा यह कार्यकर्ता अस्पतालों और अनाथालयों में भी जाकर मरीजों और जरूरतमंदों की मदद करेंगे। इतना ही नहीं इस अभियान के दौरान भाजपा नेता सैकड़ों विशेषरूप से दिव्यांग लोगों को शैक्षिक सहायता भी मुहैया कराएंगे।
सप्ताह भर तक चलने वाले इस अभियान के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी के जीवन और उपलब्धियों पर आधारित किताबें राज्य इकाईयों को भेजी जाएंगी। यहां से पार्टी के वरिष्ठ नेता इन पुस्तकों को विभिन्न आयोजनों के दौरान व्यक्तिगत रूप से वितरित करेंगे।
सेवा सप्ताह के दौरान इन कार्यक्रमों के साथ ही देशभर में विभिन्न प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी, जिनमें पीएम मोदी के जीवन और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
वहीं, सिंगल-यूज प्लास्टिक के खिलाफ पीएम मोदी द्वारा संभावित रूप से लॉन्च किए जाने वाले देशव्यापी अभियान को ध्यान में रखते हुए सांसद-विधायक समेत पार्टी के सभी नेता विभिन्न विश्वविद्यालयों में इस प्लास्टिक के इस्तेमाल के खिलाफ अभियान चलाएंगे।