
नई दिल्ली: लोकसभा की चार सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा को सिर्फ एक सीट पर जीत दर्ज हुई है। तीन सीटों पर पार्टी को करारी शिकस्त मिली है। महाराष्ट्र के पालघर लोकसभा उपचुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी चुनाव जीते हैं। भाजपा के प्रत्याशी ने 29572 वोट से जीत हासिल की है। वहीं उत्तर प्रदेश के कैराना में आरएलडी प्रत्याशी की जीत हुई है। कैरानी लोकसभा उपचुनाव में तबस्सुम हसन की 55000 वोटों से जीत दर्ज हुई है। महाराष्ट्र के भंडारा-गोंदिया में एनसीपी की विजय है। वहीं नागालैंड में एनडीपीपी प्रत्याशी की बढ़त है।
विधानसभा उपचुनाव में थराली में खिला कमल
दरअसल विधानसभा उपचुनाव के अब तक जो परिणाम आए हैं, उनमें ज्यादातर सीटों पर भाजपा को करारी शिकस्त मिली है। कर्नाटक, बिहार, बंगाल, झारखंड में भाजपा को सभी जगह हार का सामना करना पड़ा। हालांकि भाजपा उत्तराखंड में साख बचाने में कामयाब रही। उत्तारखंड के थराली विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने जीत हासिल की है। भाजपा प्रत्याशी मुन्नी देवी शाह ने 1,900 वोटों से ज्यादा के अंतर से कांग्रेस प्रत्याशी जीतराम को हराया है। भाजपा ने इस जीत के साथ सीट और साख दोनों बचाने में कामयाब रही। मुन्नी देवी के जीत दर्ज करते ही भाजपाइयों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। ढोल नगाड़ों की थाप पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। साथ ही एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली भी खेली। गौरतलब है कि 28 मई को इस सीट के लिए हुए चुनाव में 53 फीसद से ज्यादा मतदाताओं ने हिस्सा लिया था।
10 सीटों पर भाजपा का कब्जा
गौरतलब है कि 2014 से जिन 23 सीटों पर लोकसभा के उपचुनाव हुए हैं, इनमें से 10 सीटों पर पहले से ही भाजपा का कब्जा था। इनमें से भाजपा को 4 में जीत मिली और छह में हार का सामना करना पड़ा। इनमें से दो सीटों पर भाजपा को 2014 में जीत मिली थी जब नरेंद्र मोदी को ऐतिहासिक जनादेश मिला था। इसके बाद भाजपा को 2016 में 2 सीटों पर जीत मिली। साल 2015, 2017 और मार्च 2018 में बीजेपी को एक भी लोकसभा उपचुनाव में जीत नहीं मिली।