
नई दिल्ली। बजट सत्र आज से शुरु हो रहा है। इससे पहले संसद भवन पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि मैं सभी राजनीतिक दलों से निवदेन करुंगा कि इस बजट संत्र में तीन तलाक बिल पास करवाएं और नए साल पर मुस्लिम महिलाओं को एक अच्छा उपहार दें।
हमारी तरक्की पर दुनिया की नजर
प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया भारत की अर्थव्यवस्था की ओर देख रही है। दुनिया की सभी एजेंसियों के हमारे देश की तरक्की पर मुहर लगा दी है। ऐसे में यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा और गति देगा। इसलिए ये बजट सत्र हम सभी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
हर सुझाव को गंभीरता से लेती सरकार
रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सोमवार से शुरू हो रहा बजट सत्र बहुत महत्वपूर्ण है और सरकार सभी राजनीतिक दलों द्वारा दिए जाने वाले सुझावों को बहुत गंभीरता से लेती है। मोदी संसद सत्र से पहले संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार द्वारा आयोजित विभिन्न दलों के नेताओं की एक बैठक में बोल रहे थे।
विधानसभाओं में भी गठित हो सकती हैं समितियां
मोदी ने बैठक में कहा कि संसद की स्थायी समितियों की तरह राज्य विधानसभाओं में भी समितियां गठित की जा सकती हैं। स्थायी समितियां विधेयकों का विश्लेषण एक निष्पक्ष तरीके से करती हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थायी समितियां मीडिया से दूर रहकर काम करती हैं और उसके सदस्य राजनीतिक पक्षपात के बगैर अपने विचार जाहिर करते हैं, जिसमें सिर्फ राष्ट्रहित ही दिमाग में रहता है। विपक्ष द्वारा खड़ा किए गए मुद्दों के बारे में पूछे जाने पर अनंत ने कहा कि सदस्यों ने किसानों, रोजगार और अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों सहित विभिन्न मुद्दे उठाने के अपने इरादे जाहिर किए हैं।