
रांची: दो राज्यों में हुए उपचुनाव के नतीजों में भाजपा और कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। झारखंड की कोलेबिरा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस की जीत हुई है। कांग्रेस प्रत्याशी नमन विक्सल कोंगाड़ी ने जीत हासिल की है। इस जीत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। वहीं गुजरात की जसदण विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी ने बाजी मारी है। कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए कुंवरजी बावलिया को जीत मिली है। गुजरात की जसदण और झारखंड की कोलेबिरा सीट पर 20 दिसबंर को मतदान हुआ था। जसदण में कुल 8 प्रत्याशी मैदान में उतरे थे। वहीं झारखंड में पांच प्रत्यशी मैदान में थे।
मौजूदा विधायक पर हत्या का चल रहा है मुकदमा
गौरतलब है कि झारखंड के सिमडेगा जिले के कोलेबिरा विधानसभा सीट से एनोस एक्का निर्दलीय विधायक था। शिक्षक मनोज कुमार की हत्या के मामले में मनोज कुमार को जिला कोर्ट से दोषी ठहरा गया । इसके बाद से यह सीट खाली थी। 6 महीने के भीतर चुनाव कराया गया जहां कांग्रेस विधायक ने परचम लहराया है। नमन विक्सल ने अपने करीबी प्रतिद्वंदी प्रत्याशी बसंत सोरेंग को 9,658 वोटों से करारी मात दी है। चुनाव जीतने के बाद झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने कोलेबिरा की जनता का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने ट्वीट किया, 'कांग्रेस पर विश्वास जताने के लिए कोलेबिरा की जनता को धन्यवाद।'