
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव (Loksabha Election) को लेकर देश में सियासी पारा हाई है। तीन चरण के मतदान हो चुके हैं और बचे हुए चरणों के लिए धुंआधार प्रचार-प्रसार जारी है। प्रचार-प्रसार के दौरान नेतागण लगातार एक-दूसरे पर हमला बोल रहे हैं। हालांकि, कई बार विवादित बयान भी दिया जा रहा है जिसके कारण कई नेताओं की मुश्किलें बढ़ रही हैं। ताजा मामला है कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का, जिन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narend modi) को लेकर विवादित बयान दिया है और उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।
राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज
चुनावी सभा के दौरान शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार के समस्तीपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने वहां की जनता से बार-बार पूछा 'चौकीदार चोर है'। जिस वक्त राहुल गांधी ने यह बयान दिया, उस वक्त मंच पर उनके साथ राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। राहुल के इस बयान से एक बार सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। राहुल के खिलाफ बिहार के आरा में एक वकील ने इस बयान को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के मुताबिक, वकील ने सिविल कोर्ट में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। गौरतलब है कि इससे पहले भी 'सारे मोदी चोर' वाले बयान के कारण बिहार के डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का केस किया था। अब देखना यह है कि नये बयान से राहुल गांधी की मुश्किलें किस तरह बढ़ती है।