इमरान खान को लेकर इस केन्द्रीय मंत्री ने दिया बड़ा बयान।
नई दिल्ली। इमरान खान पाकिस्तान के नये प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। इमरान खान के प्रधानमंत्री बनते ही भारत में सियासी हलचल तेज हो गई है। चुनाव परिणाम आते ही केन्द्रीय राज्य मंत्री आर के सिंह ने बड़ा बयान दिया है। आर के सिंह ने कहा कि पाकिस्तान चुनाव में बड़ी धांधली हुई है। उन्होंने कहा कि इमरान के पीएम बन जाने के पर भी भारत-पाकिस्तान रिश्तों में कुछ खास बदलाव नहीं आएगा, क्योंकि पाकिस्तान में सेना नीति बनाती है।
इमरान को लेकर केन्द्रीय मंत्री ने कह दी बड़ी बात
केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने इमरान खान के रूझानों में सबसे आगे चलने पर कहा कि सेना शुरुआत से उनका समर्थन कर रही है। यह कोई नई बात नहीं है। इमरान खान हमेशा से ही सेना के उम्मीदवार रहे हैं। यह हम नहीं कह रहे बल्कि पाकिस्तान की जनता कह रही है। सिंह ने कहा कि चुनाव में धांधली हुई थी। पर्यवेक्षकों ने कहा है कि इसमें धांधली हुई है। मतदान केंद्रों पर सेना मौजूद थी। आपने यह सुनिश्चित किया कि नवाज शरीफ और उनकी बेटी जेल पहुंचे और चुनाव प्रचार अभियान में हिस्सा नहीं ले सकें। आपने बिलावल भुट्टो की बैठकों में गड़बड़ी सुनिश्चित की। वहीं, भारत के साथ पाकिस्तान के भावी संबंधों पर आरके सिंह ने कहा कि जहां तक भारत का संबंध है मुझे कोई बदलाव नहीं दिख रहा है, क्योंकि उनके द्वारा आतंकवाद के निर्यात जैसे अहम मुद्दों में कोई बदलाव नहीं आएगा। सेना इस नीति पर फैसले लेती थी और अब भी वो ही ऐसा करेगी।
प्रधानमंत्री बनने के करीब पहुंचे इमरान खान
गौरतलब है कि पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इमरान खान का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय है। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ सबसे ज्यादा सीटों के साथ सत्ता पर काबिज होने जा रही है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी कुछ सीटों के नतीजों का एलान किया जाना बाकी है।